होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / शुरू हुआ Broadcast Seva Portal, सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने गिनाईं ये खूबियां
शुरू हुआ Broadcast Seva Portal, सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने गिनाईं ये खूबियां
यह पोर्टल अन्य मंत्रालयों से भी लिंक है, जिससे प्रक्रिया में तेजी आएगी और आवेदक अपने आवेदन की स्थिति को ट्रैक कर सकेंगे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
सूचना-प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को नई दिल्ली में ‘ब्रॉडकास्ट सेवा पोर्टल’ (Broadcast Seva Portal) को लॉन्च किया। बताया जाता है कि इस ब्रॉडकास्ट सेवा पोर्टल द्वारा ब्रॉडकास्ट सेक्टर में बिजनेस करना आसान होगा। इसके तहत सरकार की तरफ से जरूरी किसी भी तरह की अनुमति एवं स्वीकृति प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन हो जाएगी। यह पोर्टल अन्य मंत्रालयों से भी लिंक है, जिससे प्रक्रिया में तेजी आएगी और आवेदक अपने आवेदन की स्थिति को ट्रैक कर सकेंगे।
इस बारे में सरकार की ओर से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि यह पोर्टल प्रसारण संबंधी गतिविधियों के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा जारी विभिन्न पंजीकरणों, अनुमतियों और लाइसेंसों के लिए आवेदन करने के लिए एकल बिंदु सुविधा प्रदान करेगा।
इस मौके पर अनुराग ठाकुर का कहना था, ‘सरकार ने सिस्टम में पारदर्शिता लाने और इसे और अधिक जवाबदेह बनाने के लिए टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया है। ब्रॉडकास्ट सेवा पोर्टल एप्लीकेशंस को निपटारे में लगने वाले समय को कम करेगा और साथ ही आवेदकों को अपनी एप्लीकेशन की स्टेट रिपोर्ट को ट्रैक करने में मदद करेगा। यह पोर्टल मानवीय हस्तक्षेप को कम करेगा और मंत्रालय की क्षमता के निर्माण में वृद्धि करेगा। इस तरह यह कार्यों को आसान करने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।’
उन्होंने कहा, ‘यह पोर्टल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'न्यूनतम सरकार, अधिकतम शासन' के मंत्र को साकार करने में एक बड़ी छलांग है, क्योंकि यह सरल और यूजर्स के अनुकूल वेब पोर्टल ब्रॉडकास्टर को केवल एक क्लिक के साथ एक एंड-टू-एंड समाधान प्रदान करता है। यह 900 से अधिक सैटेलाइट टीवी चैनल्स, 70 टेलीपोर्ट ऑपरेटर्स, 1700 मल्टी-सर्विस ऑपरेटर्स, 350 सामुदायिक रेडियो स्टेशनों (सीआरएस) और 380 निजी एफएम चैनल्स को सीधे लाभान्वित करके कारोबारी माहौल को बढ़ावा देगा और पूरे ब्रॉडकास्ट क्षेत्र को सशक्त करेगा।’
"Broadcast Seva Portal is an integrated online facilitation portal for various stakeholders of the broadcasting sector - for speedy processing of applications and license permissions.": Union Minister @ianuragthakur at the launch of #BroadcastSevaPortal#AmritMahotsav pic.twitter.com/eoN3wNsWjD
— Ministry of Information and Broadcasting (@MIB_India) April 4, 2022
इसके साथ ही अनुराग ठाकुर ने बताया कि पोर्टल के टेस्ट रन को यूजर्स की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। जल्द ही पोर्टल को नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम से जोड़ा जाएगा। इंडस्ट्री को जो भी जरूरी लगते हैं, मंत्रालय उन सुधारों के लिए पूरी तरह तैयार है।
एमआईबी सचिव अपूर्व चंद्र का कहना था कि नए पोर्टल में पिछले संस्करण (version) की तुलना में कई सुधार किए गए हैं और इसमें एक महीने की परीक्षण अवधि में हितधारकों (stakeholders) की ओर से मिले सुझावों को शामिल किया गया है। कार्यक्रम में मौजूद तमाम ब्रॉडकास्टर्स ने पोर्टल के शुभारंभ का स्वागत किया और कहा कि यह आवेदन प्रक्रिया में लगने वाले अनावश्यक समय को बहुत कम कर देगा। इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी आएगी।
वहीं, ‘द वॉल्ट डिज्नी कंपनी’ (The Walt Disney Company) इंडिया के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर (गवर्नमेंट रिलेशंस) अरवामुधन. के (Aravamudhan K) ने एक ट्वीट में कहा है, ‘मुझे एमआईबी के ब्रॉडकास्ट सेवा पोर्टल के शुभारंभ में भाग लेने के लिए बहुत खुशी और सम्मानित महसूस हुआ। भारतीय ब्रॉडकास्टिंग सेक्टर के लिए एक ऑनलाइन सिंगल-विंडो सिस्टम शुरू करने के लिए मैं अनुराग ठाकुर के नेतृत्व वाली बेहतरीन टीम को बधाई देता हूं।’
टैग्स सूचना प्रसारण मंत्रालय एमआईबी अनुराग ठाकुर ब्रॉडकास्ट सेवा पोर्टल