होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / MIB ने क्लर्क ग्रेड-II भर्ती नियमों में बदलाव का रखा प्रस्ताव, लोगों से मांगे सुझाव
MIB ने क्लर्क ग्रेड-II भर्ती नियमों में बदलाव का रखा प्रस्ताव, लोगों से मांगे सुझाव
सूचना-प्रसारण मंत्रालय ने पब्लिकेशंस डिवीजन में क्लर्क ग्रेड-II पद की भर्ती नियमों में बदलाव का प्रस्ताव रखा है। मंत्रालय ने इस संबंध में सभी स्टेकहोल्डर्स और आम लोगों से सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने पब्लिकेशंस डिवीजन में क्लर्क ग्रेड-II पद की भर्ती नियमों में बदलाव का प्रस्ताव रखा है। मंत्रालय ने इस संबंध में सभी स्टेकहोल्डर्स और आम लोगों से सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं। मंत्रालय का कहना है कि नए भर्ती नियम लागू करने से पहले ड्राफ्ट नियमों को सार्वजनिक करना जरूरी है, ताकि लोग अपनी राय दे सकें।
मंत्रालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार, क्लर्क ग्रेड-II पद के लिए नए भर्ती नियम “Publications Division, Clerk Grade-II (Group ‘C’) Recruitment Rules, 2025” के नाम से लाए जा रहे हैं। ये नियम आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित होने के बाद लागू होंगे। पुराने 1970 के भर्ती नियमों की जगह अब नए नियम प्रभावी होंगे।
ड्राफ्ट नियमों के मुताबिक, पब्लिकेशंस डिवीजन में क्लर्क ग्रेड-II के कुल 26 पद होंगे। यह ग्रुप ‘C’ का नॉन-गजेटेड और मिनिस्टीरियल पद होगा। इस पद के लिए वेतन लेवल-2 (पे मैट्रिक्स) के तहत मिलेगा। सीधे भर्ती के लिए उम्मीदवार की उम्र 18 से 27 साल के बीच होगी, जबकि सरकारी कर्मचारियों को नियमानुसार उम्र में छूट दी जाएगी।
शैक्षणिक योग्यता के तौर पर उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी होगा। इसके साथ ही कंप्यूटर पर टाइपिंग स्पीड भी मांगी गई है। अंग्रेजी में 35 शब्द प्रति मिनट या हिंदी में 30 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड अनिवार्य होगी।
भर्ती प्रक्रिया में ज्यादातर पद स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (SSC) के जरिए सीधे भरे जाएंगे। इसके अलावा कुछ पद विभागीय परीक्षा और सीनियरिटी के आधार पर भी भरे जाएंगे, ताकि विभाग में काम कर रहे कर्मचारियों को भी प्रमोशन का मौका मिल सके। चयनित उम्मीदवारों को दो साल की प्रोबेशन अवधि से गुजरना होगा।
मंत्रालय ने साफ किया है कि ड्राफ्ट भर्ती नियमों पर 30 दिनों के भीतर सुझाव और आपत्तियां ई-मेल के जरिए भेजी जा सकती हैं। इसके लिए ई-मेल आईडी ipmc.inb@nic.in जारी की गई है। मंत्रालय का कहना है कि सभी सुझावों पर विचार करने के बाद ही अंतिम भर्ती नियमों को अधिसूचित किया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए कृपया नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें-
Amendment to the Recruitment Rules (RRs) for the post of Clerk Grade-II in the Publications Division.
टैग्स