होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / सरकार ने कोविड-19 को लेकर निजी टीवी चैनल्स के लिए जारी की ये एडवाइजरी
सरकार ने कोविड-19 को लेकर निजी टीवी चैनल्स के लिए जारी की ये एडवाइजरी
'सूचना प्रसारण मंत्रालय' (MIB) ने सभी प्राइवेट जनरल एंटरटेनमेंट टीवी चैनल्स (नॉन न्यूज) के लिए कोविड-19 को लेकर एक एडवाइजरी जारी की है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
'सूचना प्रसारण मंत्रालय' (MIB) ने सभी प्राइवेट जनरल एंटरटेनमेंट टीवी चैनल्स (नॉन न्यूज) के लिए कोविड-19 को लेकर एक एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में टीवी चैनल्स से कहा गया है कि वे समय-समय पर टिकर अथवा अन्य माध्यमों से कोविड-19 के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए जारी छह राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर्स को प्रमोट करें।
इनमें स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय का हेल्पलाइन नंबर, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय का चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की वरिष्ठ नागरिक हेल्पलाइन 14567 (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड), मनोवैज्ञानिक सहायता के लिए निमहंस (National Institute of Mental Health and Neurosciences ) का हेल्पलाइन नंबर, आयुष कोविड-19 काउंसिलिंग हेल्पलाइन और MyGov वॉट्सऐप हेल्पडेस्क का नंबर शामिल है।
इस एडवाइजरी में कहा गया है, 'जैसा कि आप इस बात से भली-भांति अवगत हैं कि कोविड-19 के केसों में गिरावट के बावजूद देश में अभी भी यह काफी ज्यादा हैं। सरकार ने विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म्स (प्रिंट, टीवी, रेडियो, सोशल मीडिया आदि) समेत कई तरीकों से कोविड-19 के बारे में जागरूकता पैदा की है। लोगों के लिए सरकार द्वारा राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर भी तैयार किए गए हैं और उनका प्रचार किया जा रहा है।'
एडवाइजरी के अनुसार, 'निजी टीवी चैनलों ने इस बारे में जागरूकता पैदा करके और लोगों को सूचित करके महामारी से लड़ने में सरकार के प्रयासों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिए, प्राइवेट जनरल एंटरटेनमेंट (नॉन-न्यूज) टीवी चैनल्स को सलाह दी जाती है कि वे टिकर व अन्य माध्यमों से इन छह राष्ट्रीय स्तर के हेल्पलाइन नंबर्स के बारे में जागरूकता को बढ़ावा दें।'
टैग्स सूचना प्रसारण मंत्रालय एमआईबी एडवाइजरी कोविड-19 आयुष