होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / सुधीर चौधरी के खिलाफ TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने उठाया बड़ा कदम
सुधीर चौधरी के खिलाफ TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने उठाया बड़ा कदम
संसद में दिए गए भाषण को लेकर दोनों के बीच काफी दिनों से चल रहा है विवाद
पंकज शर्मा 6 years ago
‘जी न्यूज’ (Zee News) के एडिटर-इन-चीफ सुधीर चौधरी के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने आपराधिक मानहानि का केस दर्ज कराया है। मोइत्रा ने आरोप लगाया है कि सुधीर ने लोगों में उनके बारे में गलत जानकारी का प्रसार किया। मोइत्रा की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट प्रीति परेवा ने इस मामले की सुनवाई करने का फैसला किया है। मामले की सुनवाई 20 जुलाई को होगी। उसी दिन मोइत्रा का बयान रिकार्ड किया जाएगा।
बता दें कि महुआ मोइत्रा ने संसद में 25 जून को एक भाषण दिया था, जिसके बारे में सुधीर चौधरी ने दावा किया था कि मोइत्रा के भाषण के अंश अमेरिकी वेबसाइट से हुबहू चुराये गये हैं। आरोप था कि यह आर्टिकल वाशिंगटन मंथली के Martin Longman ने अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बारे में लिखा था, जिसमें मोइत्रा ने कुछ अंश हूबहू उठा लिए और राष्ट्रपति का नाम हटा दिया। सुधीर चौधरी ने भाषण के अंशों को अंडरलाइन करके भी दिखाया था। हालांकि सुधीर चौधरी के ट्वीट के बाद वाशिंगटन मंथली के Martin Longman ने ट्वीट करके महुआ मोइत्रा का पक्ष लिया था।
इसके बाद भड़कीं महुआ मोइत्रा ने सुधीर चौधरी के दावे को गलत बताया था। मोइत्रा का कहना था कि यह भाषण उनका अपना था और अन्य मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए बीजेपी की ‘ट्रोल आर्मी’ की ओर से इस तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सुधीर चौधरी पर गलत रिपोर्टिंग के आरोप लगाते हुए लोकसभा में जीटीवी और सुधीर चौधरी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव भी पेश कर दिया था। हालांकि, स्पीकर ओम बिरला ने यह प्रस्ताव खारिज कर दिया था। बता दें कि पूर्व में इनवेस्टमेंट बैंकर रहीं मोइत्रा पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर सीट से पहली बार सांसद बनी हैं।
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स जी न्यूज सुधीर चौधरी महुआ मोइत्रा डीएनए शो तृणमूल सांसद