होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / केविन वज बने 'इंडियन डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री फाउंडेशन' के प्रेजिडेंट
केविन वज बने 'इंडियन डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री फाउंडेशन' के प्रेजिडेंट
भारतीय डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री फाउंडेशन (IDMIF) ने केविन वज को अपना नया प्रेजिडेंट नियुक्त किया है। यह निर्णय 30 जुलाई 2025 को हुई IDMIF बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में लिया गया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 6 months ago
इंडियन ब्रॉडकास्टिंग एंड डिजिटल फाउंडेशन (IBDF) की एक सहायक संस्था इंडियन डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री फाउंडेशन (IDMIF) ने केविन वज को अपना नया प्रेजिडेंट नियुक्त किया है। यह निर्णय 30 जुलाई 2025 को हुई IDMIF बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में लिया गया।
करीब तीन दशकों से भारतीय मीडिया इंडस्ट्री को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले केविन वज वर्तमान में जियोस्टार के एंटरटेनमेंट बिजनेस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं। वह के. माधवन का स्थान ले रहे हैं, जिनके नेतृत्व में IDMIF देश के डिजिटल मीडिया क्षेत्र की एक प्रमुख आवज के रूप में उभरा।
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए केविन वज ने कहा, “मुझे यह जिम्मेदारी संभालने का गौरव प्राप्त हुआ है और मैं श्री माधवन द्वारा रखी गई मजबूत नींव पर आगे काम करूंगा। 2025-26 की ओर बढ़ते हुए मेरा ध्यान निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा, नवाचार और भारत के डिजिटल मीडिया क्षेत्र में सतत विकास को बढ़ावा देने पर रहेगा।"
उन्होंने आगे कहा, “डिजिटल अब मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का एक अहम स्तंभ बन चुका है। सही नीति समर्थन और सहयोगी प्रयासों के साथ हमारे पास नवाचार को बढ़ावा देने, क्रिएटर्स को सशक्त बनाने और दर्शकों के अनुभव को बेहतर करने का एक बेहतरीन अवसर है। सरकार, उद्योग के हितधारकों और रचनात्मक समुदाय के साथ मिलकर हम एक समावेशी और भविष्य के लिए तैयार इकोसिस्टम को आकार दे सकते हैं, जो सभी के लिए दीर्घकालिक मूल्य उत्पन्न करे।”
IDMIF के अधीन कार्यरत डिजिटल मीडिया कंटेंट रेगुलेटरी काउंसिल (DMCRC) की स्थापना 31 मई 2021 को सूचना प्रौद्योगिकी नियम, 2021 के तहत की गई थी। यह परिषद IDMIF से जुड़े न्यूज से इतर डिजिटल कंटेंट प्रदाताओं (Online Curated Content Providers/OCCPs) के लिए एक स्वतंत्र स्व-विनियामक संस्था के रूप में काम करती है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (MIB) के पंजीकरण के तहत कार्यरत यह संस्था कंटेंट गवर्नेंस में संतुलन बनाए रखते हुए उपभोक्ता हितों की रक्षा करती है और रचनात्मक स्वतंत्रता को बनाए रखती है।
DMCRC की अध्यक्षता न्यायमूर्ति मुकुल मुद्गल (सेवानिवृत्त) कर रहे हैं और इसके सदस्य पैनल में कई प्रतिष्ठित फिल्म और मीडिया एक्सपर्ट शामिल हैं:
-
अश्विनी अय्यर तिवारी (लेखिका व फिल्ममेकर)
-
निकिल आडवाणी (निर्माता व निर्देशक)
-
दीपक धर (सीईओ, बनिजे एशिया)
-
तिग्मांशु धूलिया (निर्देशक, अभिनेता और पटकथा लेखक)
परिषद में अग्रणी डिजिटल कंटेंट प्रदाताओं के प्रतिनिधि भी शामिल हैं जैसे:
-
अनिल लाले (जियोहॉटस्टार)
-
ऋतेश खोसला (SonyLIV)
IDMIF और DMCRC के इस संयुक्त प्रयास का उद्देश्य है भारत के डिजिटल मीडिया परिदृश्य को न केवल सशक्त बनाना, बल्कि उसे वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार भी करना।
टैग्स