होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / अरनब गोस्वामी की गिरफ्तारी पर पत्रकार संगठनों ने यूं जताया विरोध
अरनब गोस्वामी की गिरफ्तारी पर पत्रकार संगठनों ने यूं जताया विरोध
रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ अरनब गोस्वामी की मुंबई पुलिस द्वारा गिरफ्तारी का पूरे देश में विरोध शुरू हो गया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ अरनब गोस्वामी की मुंबई पुलिस द्वारा गिरफ्तारी का पूरे देश में विरोध शुरू हो गया है। देशभर के पत्रकार संगठन खुलकर सामने आ गए। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया, दिल्ली पत्रकार संघ, वर्किंग जर्नलिस्ट्स ऑफ इंडिया सहित अनेक संगठनों के सदस्य पत्रकारों ने बुधवार को प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
इस विरोध प्रदर्शन में कई प्रमुख मीडिया संस्थानों के पत्रकार भी मौजूद थे। इस दौरान बड़ी तादाद में मौजूद पत्रकारों ने उद्धव सरकार द्वारा पत्रकारों पर दमन चक्र के खिलाफ आवाज बुलंद की और अरनब गोस्वामी की जल्द रिहाई की मांग की।
इस विरोध प्रदर्शन में वर्किंग जर्नलिस्ट ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय महासचिव नरेन्द्र भंडारी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय उपाध्याय, दिल्ली इकाई के अध्यक्ष संदीप कुमार शर्मा, महासचिव दवेंद्र कुमार तोमर के अलावा अन्य पत्रकारों में अशोक श्रीवास्तव, मनोज वर्मा, उमेश चतुर्वेदी, राकेश आर्य, संजय सिंह, हर्षवर्द्धन त्रिपाठी समेत सैकड़ो पत्रकारों ने हिस्सा लिया और भारतीय प्रेस क्लब से लेकर संसद के मुख्य द्वार के समीप तक मार्च भी निकाला।
इस प्रदर्शन में शामिल पत्रकारों ने अरनब की गिरफ्तारी और उनके साथ बदसलूकी को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया के ऊपर बहुत बड़ा कुठाराघात बताया। उन्होंने इसे मीडिया की स्वतंत्रता को दबाने की कोशिश करार दिया। पत्रकारों ने कहा कि मीडिया अगर कमजोर होती है, तो लोकतंत्र भी कमजोर होगा। इस दौरान देशभर के पत्रकार को एकजुट होने और इस कार्रवाई का विरोध करने की अपील की गई।
दिल्ली के अलावा देश के अन्य शहरों में भी प्रदर्शन देखने को मिला। भोपाल में पत्रकारों और आम लोगों ने अरनब गोस्वामी के समर्थन में प्रदर्शन किया और उनकी जल्द रिहाई की मांग की। वहीं, अरनब गोस्वामी की गिरफ्तारी के विरोध को लेकर माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के छात्रों ने भोपाल में बोर्ड ऑफिस चौराहे पर प्रदर्शन कर विरोध जताया।
टैग्स अरनब गोस्वामी चैनल रिपब्लिक टीवी