होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / भारतीय पत्रकार संगठनों ने की एपी, अल जजीरा के कार्यालयों वाली इमारत पर हमले की निंदा
भारतीय पत्रकार संगठनों ने की एपी, अल जजीरा के कार्यालयों वाली इमारत पर हमले की निंदा
एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया समेत कई अन्य पत्रकार संगठनों ने गाजा में उस इमारत पर इजरायल के हवाई हमले की निंदा की, जहां एपी, अल-जजीरा और अन्य मीडिया संगठनों के कार्यालय हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया (ईजीआई) समेत कई अन्य भारतीय पत्रकार संगठनों ने गाजा में उस इमारत पर इजरायल के हवाई हमले की रविवार को निंदा की, जहां एसोसिएटेड प्रेस (एपी), अल-जजीरा और अन्य मीडिया संगठनों के कार्यालय हैं।
एडिटर्स गिल्ड ने एक बयान में कहा कि हाल ही में इस क्षेत्र में ‘बढ़ते संघर्ष’ की पृष्ठभूमि में वह इस हवाई हमले को ‘इजरायल सरकार द्वारा खबरिया मीडिया पर वास्तविक हमले’ के रूप में देखती है जिससे इस अति अस्थिर क्षेत्र से खबरों का प्रवाह बाधित हो सकता है और जिससे वैश्विक सुरक्षा जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं।
संगठन ने कहा, ‘एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया गाजा में उस भवन पर हवाई हमले की कड़ी निंदा करती है जहां अल जजीरा एवं एसोसिएटेड प्रेस के कार्यालय हैं।’
संगठन ने यह भी मांग की कि इजरायल सरकार इस हमले की वजह पर विस्तृत रूप से स्पष्टीकरण दे और अपनी सफाई के पक्ष में प्रमाण सामने रखे।
एडिटर्स गिल्ड ने कहा, ‘गिल्ड यह भी आह्वान करती है कि इजरायल सरकार इस बमबारी की संयुक्त राष्ट्र की निगरानी में जांच का मार्ग प्रशस्त करे। साथ ही गिल्ड भारत सरकार से यह मुद्दा इजरायल सरकार के समक्ष उठाने की अपील करती है।’
इंडियन वूमेन प्रेस कॉर्प्स, प्रेस एसोसिएशन और प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने भी संयुक्त बयान में इजराइली सेना की कार्रवाई की निंदा की है।
उन्होंने कहा कि मीडिया कार्यालयों पर बमबारी करने एवं उनके कर्मियों एवं संसाधनों को निशाना बनाने को किसी भी तरह उचित नहीं ठहराया जा सकता।
वहीं दूसरी तरफ बिल्डिंग पर इजरायली सेना के हमले को इजरायल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने सही ठहराया है। उन्होंने अमेरिकी समाचार चैनल सीबीएस को दिए इंटरव्यू में कहा कि वहां पर ‘फिलीस्तीनी आतंकी संगठन का खुफिया दफ्तर था जो इजरायली नागरिकों पर आतंकी हमलों की योजना बनाता था और अंजाम देता था, इसलिए हमारा निशाना पूरी तरह वैध था।’
बता दें कि गाजा में इजरायली सेना ने मीडिया हाउस की बिल्डिंग पर शनिवार को हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया था। हवाई हमले से यह पूरी बिल्डिंग ताश के पत्तों की तरह ढह गई थी। इस 12 मंजिला वाली बिल्डिंग में अमेरिका स्थित न्यूज एजेंसी ‘एसोसिएटेड प्रेस’ और कतर स्थित न्यूज चैनल ‘अल जज़ीरा’ जैसे मीडिया संस्थान के दफ्तर थे।
टैग्स एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया एसोसिएटेड प्रेस अल-जजीरा गाजा इजरायली सेना मीडिया हाउस की बिल्डिंग हवाई हमला मीडिया संस्थान के दफ्तर एपी