होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘आजतक’ से अलग हुए भरत श्रीवास्तव, टीम ने दी फेयरवेल पार्टी
‘आजतक’ से अलग हुए भरत श्रीवास्तव, टीम ने दी फेयरवेल पार्टी
विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो भरत श्रीवास्तव जल्द ही ‘प्रसार भारती’ में अपनी भूमिका निभाने जा रहे जाने-माने पत्रकार सुधीर चौधरी की टीम का हिस्सा हो सकते हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 10 months ago
पत्रकार भरत श्रीवास्तव ने हिंदी न्यूज चैनल ‘आजतक’ (AajTak) में अपनी पारी को विराम दे दिया है। वह करीब तीन साल से यहां बतौर डिप्टी एग्जिक्यूटिव प्रड्यूसर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे और सुधीर चौधरी के नेतृत्व में चैनल के फ्लैगशिप शो ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ (Black And White) की टीम का महत्वपूर्ण हिस्सा थे।
‘आजतक’ से भरत श्रीवास्तव की विदाई पर टीम ने उन्हें शानदार फेयरवेल पार्टी दी। इस मौके पर ‘आजतक’, ‘गुड न्यूज टुडे’ व ‘इंडिया टुडे’ के न्यूज डायरेक्टर सुप्रिय प्रसाद, आउटपुट हेड मनीष कुमार समेत ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ की टीम के तमाम सदस्य मौजूद थे।
इससे पहले भरत श्रीवास्तव वर्ष 2020 में ‘जी न्यूज’ से जुड़े हुए थे और यहां सुधीर चौधरी के नेतृत्व में इसके लोकप्रिय शो ‘डीएनए’ (DNA) को लिखने की जिम्मेदारी उन्हीं के पास थी। इसके बाद वर्ष 2022 में वह सुधीर चौधरी के साथ ही ‘आजतक’ आ गए थे और यहां ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ शो में अपनी अहम भूमिका निभा रहे थे।
इसके अलावा पूर्व में भरत श्रीवास्तव वर्ष 2017 से 2020 तक ‘न्यूज18’ (News18) में भी काम कर चुके हैं। यहां वह वरिष्ठ पत्रकार किशोर अजवाणी के नेतृत्व में ‘सौ बात की एक बात’ शो की टीम का अहम हिस्सा थे।
विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो भरत श्रीवास्तव जल्द ही ‘प्रसार भारती’ में अपनी भूमिका निभाने जा रहे जाने-माने पत्रकार सुधीर चौधरी की टीम का हिस्सा हो सकते हैं। हालांकि, अभी इस बारे में किसी तरह की पुष्टि नहीं हुई है।
आपको यह भी बता दें कि भरत श्रीवास्तव ‘एक्सचेंज4मीडिया’ समूह की हिंदी वेबसाइट ‘समाचार4मीडिया’ द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले ‘समाचार4मीडिया हिंदी पत्रकारिता 40अंडर40 अवॉर्ड्स’ के तीसरे एडिशन के विजेताओं में भी शामिल रह चुके हैं। समाचार4मीडिया की ओर से भरत श्रीवास्तव को उनके नए सफर के लिए अग्रिम रूप से ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
टैग्स