जियोस्टार (JioHotstar) ने अपने CTV (Connected TV) और OTT प्लेटफॉर्म पर विज्ञापनों को और स्मार्ट बनाने के लिए एडटेक कंपनी VDO.AI के साथ साझेदारी की है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
जियोस्टार (JioHotstar) ने अपने CTV (Connected TV) और OTT प्लेटफॉर्म पर विज्ञापनों को और स्मार्ट बनाने के लिए एडटेक कंपनी VDO.AI के साथ साझेदारी की है। इस सहयोग के तहत अब ब्रैंड्स रियल-टाइम डेटा के आधार पर अपने विज्ञापन बदल सकेंगे। यानी मौसम, एयर क्वालिटी (AQI), लाइव स्पोर्ट्स स्कोर, लोकेशन और अन्य परिस्थितियों के अनुसार विज्ञापन अपने-आप अपडेट होंगे।
इस साझेदारी के तहत VDO.AI की Dynamic Creative Optimisation (DCO) तकनीक को JioHotstar के स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। इससे विज्ञापनदाता एक ही कैंपेन के दौरान अलग-अलग दर्शकों को उनकी स्थिति और समय के हिसाब से अलग-अलग विज्ञापन दिखा सकेंगे।
नई तकनीक में मौसम, AQI, लाइव स्पोर्ट्स स्कोर, न्यूज अपडेट, जियो-लोकेशन और काउंटडाउन जैसे कई API का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे विज्ञापन वास्तविक परिस्थितियों के अनुसार तुरंत बदल सकेंगे और दर्शकों के लिए ज्यादा प्रासंगिक बनेंगे।
JioStar के हेड ऑफ एंटरटेनमेंट सेल्स (डिजिटल) भास्कर रमेश ने कहा कि सबसे असरदार विज्ञापन वही होते हैं, जो उपभोक्ताओं के रियल-टाइम अनुभवों से जुड़ते हैं। चाहे अचानक मौसम बदल जाए, कोई रोमांचक खेल चल रहा हो या कोई बड़ा सांस्कृतिक आयोजन हो, ऐसे समय में सही संदेश दर्शकों पर ज्यादा प्रभाव डालता है।
उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे स्ट्रीमिंग दर्शकों की संख्या बढ़ रही है और उनकी उम्मीदें बदल रही हैं, वैसे-वैसे ब्रैंड्स को पारंपरिक विज्ञापनों से आगे बढ़कर ज्यादा स्मार्ट और इंटरैक्टिव तरीके अपनाने की जरूरत है। VDO.AI के साथ यह साझेदारी उसी दिशा में एक अहम कदम है।
VDO.AI के को-फाउंडर अर्जित सचदेवा ने कहा कि अब तक स्ट्रीमिंग इंडस्ट्री में सबसे ज्यादा बदलाव कंटेंट और डिस्ट्रीब्यूशन में हुए हैं, लेकिन विज्ञापन का अनुभव काफी हद तक पहले जैसा ही था। उनका कहना है कि JioHotstar के साथ मिलकर अब ऐसा सिस्टम तैयार किया गया है, जिसमें विज्ञापन रियल-टाइम परिस्थितियों के अनुसार खुद को बदल सकेंगे और दर्शकों के लिए ज्यादा उपयोगी बनेंगे।
कंपनियों के मुताबिक, इस तकनीक का इस्तेमाल कई बड़े ब्रैंड पहले ही कर चुके हैं। इनमें Maruti Suzuki, AJIO, Flipkart, Urban Company, HP Smart Champs और Swiggy Instamart जैसे नाम शामिल हैं। किसी ने लॉन्च काउंटडाउन वाले विज्ञापन चलाए, तो किसी ने स्पोर्ट्स इवेंट, मौसम या QR कोड आधारित विज्ञापनों का इस्तेमाल किया।
कंपनियों का दावा है कि इन कैंपेंस से ब्रैंड अवेयरनेस करीब 2.5 गुना, मैसेज रिकॉल दो गुना और खरीदारी की इच्छा लगभग तीन गुना तक बढ़ी।
JioHotstar का मानना है कि यह साझेदारी ब्रैंड्स को ज्यादा प्रभावी और परिणाम देने वाले विज्ञापन अभियान चलाने में मदद करेगी। साथ ही, कंपनी को अपने प्रीमियम CTV और OTT विज्ञापन इन्वेंट्री से बेहतर कमाई करने का भी मौका मिलेगा।
मीडिया जगत के प्रतिष्ठित कार्यक्रम 'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' में इस बार जी न्यूज के मैनेजिंग एडिटर राहुल सिन्हा प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया जगत के प्रतिष्ठित कार्यक्रम 'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' में इस बार जी न्यूज के मैनेजिंग एडिटर राहुल सिन्हा प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर वह युवा पत्रकारों को संबोधित करेंगे और पत्रकारिता के अपने 26 वर्षों से अधिक के अनुभव के आधार पर सफलता के मूल मंत्र साझा करेंगे।
एक्सचेंज4मीडिया समूह की हिंदी वेबसाइट समाचार4मीडिया की ओर से आयोजित यह प्रतिष्ठित सम्मान समारोह 28 जुलाई 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (IIC) में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं।
'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' देश के उन युवा पत्रकारों को सम्मानित करने का एक प्रमुख मंच है, जिन्होंने अपनी मेहनत, प्रतिभा और बेहतरीन काम के दम पर पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस अवसर पर देशभर से चयनित 40 प्रतिभाशाली युवा पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा।
इस वर्ष कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण राहुल सिन्हा का विशेष संबोधन होगा। पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले राहुल सिन्हा बदलते मीडिया परिदृश्य, न्यूज़रूम की चुनौतियों, नेतृत्व और डिजिटल दौर में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर अपने विचार साझा करेंगे। उनका संबोधन युवा पत्रकारों के लिए प्रेरणादायक होने के साथ-साथ उनके करियर को नई दिशा देने वाला भी होगा।
राहुल सिन्हा वर्तमान में जी न्यूज में मैनेजिंग एडिटर की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इससे पहले वह टीवी9 भारतवर्ष में इनपुट एडिटर के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने अगस्त 2020 में जी न्यूज में अपनी 18 वर्षों की लंबी पारी के बाद टीवी9 भारतवर्ष का रुख किया था। बाद में उन्होंने एक बार फिर जी न्यूज में वापसी की और अब चैनल के मैनेजिंग एडिटर के रूप में नेतृत्व कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के रहने वाले राहुल सिन्हा ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत 'वीर अर्जुन' अखबार से की थी। इसके बाद उन्होंने टीवी पत्रकारिता की ओर कदम बढ़ाया और जैन टीवी, सहारा समय, जी न्यूज और टीवी9 भारतवर्ष जैसे प्रमुख मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। अपने लंबे करियर में उन्होंने कई बड़े राष्ट्रीय और राजनीतिक घटनाक्रमों की रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है।
युवा पत्रकारों के लिए खास मंच
'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' ऐसा मंच है, जो 40 वर्ष से कम उम्र के उन पत्रकारों को पहचान और सम्मान देता है, जिन्होंने अपने काम से मीडिया जगत में नई मिसाल कायम की है। यह मंच युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें देश के वरिष्ठ मीडिया पेशेवरों से सीखने और संवाद का अवसर भी प्रदान करता है।
ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
अगर आप भी इस प्रतिष्ठित आयोजन का हिस्सा बनना चाहते हैं या इसके बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए लिंक के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
https://e4mevents.com/hindi-patrakarita-40-under-40-2024/delegate-registration
'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' में इस बार 'BW बिजनेसवर्ल्ड' के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ और एक्सचेंज4मीडिया ग्रुप के फाउंडर डॉ. अनुराग बत्रा प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया जगत के प्रतिष्ठित कार्यक्रम 'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' में इस बार 'BW बिजनेसवर्ल्ड' (BW Businessworld) के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ और एक्सचेंज4मीडिया ग्रुप के फाउंडर डॉ. अनुराग बत्रा प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर वह युवा पत्रकारों को संबोधित करेंगे और मीडिया इंडस्ट्री में सफलता के मूल मंत्र साझा करेंगे।
एक्सचेंज4मीडिया समूह की हिंदी वेबसाइट समाचार4मीडिया की ओर से आयोजित यह प्रतिष्ठित सम्मान समारोह 28 जुलाई को नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (IIC) में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं।
'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' देश के उन युवा पत्रकारों को सम्मानित करने का एक प्रमुख मंच है, जिन्होंने अपनी मेहनत, प्रतिभा और उत्कृष्ट कार्य के दम पर पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस अवसर पर देशभर से चयनित 40 प्रतिभाशाली युवा पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा।
इस वर्ष समारोह का प्रमुख आकर्षण मुख्य अतिथि डॉ. अनुराग बत्रा का विशेष संबोधन होगा। मीडिया, मार्केटिंग और बिजनेस जगत में करीब 26 वर्षों का अनुभव रखने वाले डॉ. बत्रा युवा पत्रकारों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे। वह बदलते मीडिया परिदृश्य, नेतृत्व, नवाचार और प्रोफेशनल ग्रोथ जैसे विषयों पर बात करते हुए सफलता के मूल मंत्र देंगे। उनका संबोधन युवा पत्रकारों के लिए प्रेरणादायक होने के साथ-साथ उनके करियर को नई दिशा देने वाला भी होगा।
डॉ. अनुराग बत्रा देश के प्रमुख मीडिया उद्यमियों में गिने जाते हैं। उन्होंने करीब 26 वर्ष पहले एक्सचेंज4मीडिया की स्थापना की थी, जो आज देश के सबसे प्रभावशाली मीडिया इंडस्ट्री प्लेटफॉर्म्स में शामिल है। उनके नेतृत्व में exchange4media.com, samachar4media.com, IMPACT और Pitch जैसे प्रमुख मीडिया ब्रैंड्स स्थापित हुए। इसके अलावा उन्होंने मीडिया, विज्ञापन, मार्केटिंग, कम्युनिकेशन और क्रिएटर इकोनॉमी से जुड़े 50 से अधिक बड़े इंडस्ट्री फोरम और अवॉर्ड्स की शुरुआत की।
हाल ही में डॉ. अनुराग बत्रा को मीडिया, मार्केटिंग, इवेंट्स और एक्सपीरिएंशियल इकोसिस्टम में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए 'स्पेशल कंट्रीब्यूशन टू द इवेंट इंडस्ट्री अवॉर्ड' से भी सम्मानित किया गया है।
युवा पत्रकारों के लिए खास मंच
'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' ऐसा मंच है, जो 40 वर्ष से कम उम्र के उन पत्रकारों को पहचान और सम्मान देता है, जिन्होंने अपने काम से मीडिया जगत में नई मिसाल कायम की है। यह मंच युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें देश के वरिष्ठ मीडिया पेशेवरों से सीखने और संवाद का अवसर भी प्रदान करता है।
ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
अगर आप भी इस प्रतिष्ठित आयोजन का हिस्सा बनना चाहते हैं या इसके बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए लिंक के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
https://e4mevents.com/hindi-patrakarita-40-under-40-2024/delegate-registration
बोधि ट्री मल्टीमीडिया लिमिटेड (Bodhi Tree Multimedia Ltd.) ने त्रिपुरा सरकार के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता (MoU) किया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
बोधि ट्री मल्टीमीडिया लिमिटेड (Bodhi Tree Multimedia Ltd.) ने त्रिपुरा सरकार के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता (MoU) किया है। इस साझेदारी का उद्देश्य राज्य में डिजिटल मीडिया, क्रिएटर इकोनॉमी और तकनीक आधारित जनसंपर्क (पब्लिक एंगेजमेंट) को बढ़ावा देना है।
इस समझौते के तहत बोधि ट्री मल्टीमीडिया और त्रिपुरा सरकार मिलकर राज्य में एक मजबूत डिजिटल मीडिया इकोसिस्टम विकसित करेंगे। इसके लिए मीडिया इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल सेवाओं और तकनीक आधारित नागरिक सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।
साझेदारी के तहत डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म, क्रिएटर इकोसिस्टम, डिजिटल मार्केटिंग क्षमताओं और मीडिया इंटेलिजेंस सॉल्यूशंस पर काम किया जाएगा। दोनों पक्षों का मानना है कि इससे कंटेंट क्रिएटर्स को नए अवसर मिलेंगे, डिजिटल पब्लिक सर्विसेज मजबूत होंगी और राज्य के मीडिया व टेक्नोलॉजी सेक्टर में नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।
इस पहल का एक प्रमुख उद्देश्य स्थानीय कंटेंट क्रिएटर्स, मीडिया प्रोफेशनल्स और टेक्नोलॉजी से जुड़े युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करना भी है। कंटेंट क्रिएशन, डिजिटल इनोवेशन और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों के जरिए राज्य की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
इस साझेदारी पर बोधि ट्री मल्टीमीडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ मौतिक टोलिया ने कहा कि आज का डिजिटल बदलाव सिर्फ तकनीक तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसा इकोसिस्टम तैयार करना है जो क्रिएटर्स को सशक्त बनाए, नवाचार को बढ़ावा दे और नागरिकों की भागीदारी को मजबूत करे। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा सरकार के साथ मिलकर कंपनी डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, क्रिएटर इकोनॉमी को बढ़ावा देने और राज्य के लोगों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजित करने की दिशा में काम करेगी।
कंपनी के अनुसार, यह समझौता उसकी उस रणनीति का हिस्सा है जिसके तहत वह कंटेंट प्रोडक्शन से आगे बढ़कर टेक्नोलॉजी आधारित डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और मीडिया सेवाओं के क्षेत्र में अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहती है। कंपनी का यह भी मानना है कि यह मॉडल भविष्य में अन्य राज्यों के साथ इस तरह की साझेदारियों के लिए भी एक उदाहरण बन सकता है।
मीडिया कंपनी HT Media Limited ने अपनी वित्तीय स्थिति मजबूत करने और कर्ज का बोझ कम करने के लिए करीब 95.30 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी की है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया कंपनी HT Media Limited ने अपनी वित्तीय स्थिति मजबूत करने और कर्ज का बोझ कम करने के लिए करीब 95.30 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी की है। इसके लिए कंपनी ने 7 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) और अन्य ऑडियो-वीडियो माध्यम (OAVM) के जरिए एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी जनरल मीटिंग (EGM) बुलाने का फैसला किया है। इस बैठक में शेयरधारकों से प्रेफरेंशियल आधार पर वारंट जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी देने की अपील की जाएगी।
कंपनी ने इस संबंध में बीएसई और एनएसई को SEBI के लिस्टिंग नियमों के तहत जानकारी दी है। EGM का नोटिस कंपनी की वेबसाइट पर भी जारी कर दिया गया है। साथ ही शेयरधारकों के लिए रिमोट ई-वोटिंग और बैठक के दौरान ई-वोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए कंपनी ने नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (NSDL) को नियुक्त किया है।
EGM में सबसे अहम प्रस्ताव कंपनी द्वारा 3 करोड़ 87 लाख 87 हजार 137 वारंट प्रेफरेंशियल आधार पर जारी करने का है। हर वारंट की कीमत 24.57 रुपये तय की गई है। यदि सभी वारंट शेयरों में बदले जाते हैं, तो कंपनी को कुल 95 करोड़ 29 लाख 99 हजार 956 रुपये से अधिक की राशि प्राप्त होगी।
कंपनी के मुताबिक, इस फंड का सबसे बड़ा हिस्सा यानी 90 करोड़ रुपये मौजूदा कर्ज चुकाने में खर्च किया जाएगा। शेष करीब 5.30 करोड़ रुपये सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों और कारोबार से जुड़े कार्यों पर लगाए जाएंगे। कंपनी का कहना है कि इससे ब्याज का बोझ कम होगा, मुनाफे में सुधार आएगा, भविष्य में पूंजी जुटाना आसान होगा और कंपनी की वित्तीय स्थिति पहले से ज्यादा मजबूत होगी।
इस प्रेफरेंशियल इश्यू के तहत कंपनी के प्रमोटर The Hindustan Times Limited को सबसे अधिक 1,34,31,013 वारंट जारी किए जाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा Tremis Consultancy LLP को 1,24,13,512, Kiran Vyapar Limited को 71,22,507, Zafar Ahmadullah को 40,70,004, Zapfin Teknologies Private Limited को 4,07,000 और Peanence Commercial Private Limited को 13,43,101 वारंट जारी किए जाएंगे।
कंपनी ने बताया है कि प्रमोटर को दिए जाने वाले वारंटों का उपयोग 18 महीने के भीतर किया जा सकेगा, जबकि गैर-प्रमोटर निवेशकों को जारी वारंट 12 महीने तक मान्य रहेंगे। वारंट आवंटन के समय निवेशकों को कुल कीमत का 25 प्रतिशत भुगतान करना होगा, जबकि बाकी 75 प्रतिशत राशि वारंट को शेयरों में बदलते समय देनी होगी। यदि तय समय के भीतर वारंट का इस्तेमाल नहीं किया गया तो वारंट स्वतः समाप्त हो जाएंगे और जमा की गई अग्रिम राशि जब्त कर ली जाएगी।
कंपनी के अनुसार, इस प्रस्ताव पर फैसला शेयरधारकों की मंजूरी मिलने के बाद ही लागू होगा। SEBI के नियमों के मुताबिक वारंटों का आवंटन सभी आवश्यक नियामकीय मंजूरियां मिलने के बाद किया जाएगा।
HT Media ने बताया कि EGM में मतदान का अधिकार तय करने के लिए 31 जुलाई 2026 को कट-ऑफ डेट रखा गया है। पात्र शेयरधारक 4 अगस्त सुबह 9 बजे से 6 अगस्त शाम 5 बजे तक रिमोट ई-वोटिंग के जरिए अपना वोट डाल सकेंगे। बैठक के दौरान भी ई-वोटिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
ZEE एंटरटेनमेंट (ZEEL) को अपने बकाया फॉरेन करेंसी कन्वर्टिबल बॉन्ड्स (FCCBs) के रिडेम्पशन और अप्रयुक्त कमिटमेंट को रद्द करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से मंजूरी मिल गई है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
ZEE एंटरटेनमेंट (ZEEL) को अपने बकाया फॉरेन करेंसी कन्वर्टिबल बॉन्ड्स (FCCBs) के रिडेम्पशन और अप्रयुक्त कमिटमेंट को रद्द करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से मंजूरी मिल गई है। कंपनी ने इसकी जानकारी शेयर बाजार को दी है।
कंपनी ने बताया कि उसे 23.90 मिलियन अमेरिकी डॉलर (USD) के बकाया FCCBs के रिडेम्पशन और 215.1 मिलियन अमेरिकी डॉलर (USD) की अप्रयुक्त कमिटमेंट को रद्द करने के आवेदन पर RBI की मंजूरी मिल गई है।
ZEEL ने कहा कि यह खुलासा सेबी के लिस्टिंग नियमों (LODR) के तहत किया गया है। कंपनी ने इससे पहले 26 मार्च 2026 को भी इस मामले में जानकारी दी थी।
RBI की मंजूरी मिलने के बाद अब कंपनी बकाया FCCBs के रिडेम्पशन और अप्रयुक्त कमिटमेंट को रद्द करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी। कंपनी ने इस संबंध में शेयर बाजारों को आधिकारिक सूचना भेज दी है।
महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप और Skyexchange से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को Ebix के चेयरमैन विकास गर्ग को 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर ED को सौंप दिया।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप (Mahadev Online Book) और Skyexchange से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को Ebix के चेयरमैन विकास गर्ग को 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) को सौंप दिया। अब ED उन्हें रायपुर ले जाएगी, जहां धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत गठित विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
तिस हजारी कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश विजय शंकर ने ED की मांग स्वीकार करते हुए एजेंसी को विकास गर्ग को रायपुर ले जाने की अनुमति दी।
इस गिरफ्तारी से कुछ दिन पहले ही ED ने विकास गर्ग, उनके परिवार और उनसे जुड़ी कंपनियों की करीब 940.7 करोड़ रुपये की संपत्तियां अस्थायी रूप से अटैच की थीं। एजेंसी का दावा है कि इन संपत्तियों में आवासीय मकान, जमीन, इक्विटी शेयर और अन्य प्रतिभूतियां शामिल हैं, जिन्हें अवैध सट्टेबाजी से अर्जित अपराध की कमाई बताया गया है।
ED का कहना है कि विकास गर्ग की गिरफ्तारी महादेव बेटिंग सिंडिकेट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच का हिस्सा है। कोर्ट ने एजेंसी को 24 घंटे का समय दिया है ताकि उन्हें रायपुर ले जाकर विशेष PMLA अदालत में पेश किया जा सके।
10 जुलाई को जारी अपने बयान में ED ने कहा था कि विकास गर्ग के खिलाफ महादेव ऑनलाइन बुक और Skyexchange अवैध ऑनलाइन बेटिंग मामले में PMLA के तहत कार्रवाई की जा रही है। जांच के दायरे में महादेव बुक ऐप और दुबई से संचालित Skyexchange प्लेटफॉर्म भी शामिल हैं।
ED की जांच अप्रैल 2025 में विकास गर्ग के घर और उनकी कंपनियों के दफ्तरों पर हुई छापेमारी के बाद तेज हुई थी। उस समय उनकी कंपनियों ने शेयर बाजार को बताया था कि यह जांच तीसरे पक्ष से जुड़े कुछ लेनदेन के संबंध में की जा रही है। बाद में कंपनियों ने PMLA की कार्रवाई की पुष्टि की, लेकिन सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वे कानूनी मंचों पर इसका विरोध कर रही हैं।
विकास गर्ग Vikas Lifecare और Vikas Ecotech के प्रमोटर हैं, जो नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में सूचीबद्ध हैं। इसके अलावा उनकी कंपनी Ebiz बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में सूचीबद्ध है। अगस्त 2024 में उन्हें भारतीय जनता पार्टी (BJP) की दिल्ली इकाई के आर्थिक प्रकोष्ठ का संयोजक भी बनाया गया था।
महादेव बेटिंग ऐप मामले में आरोप है कि इस सिंडिकेट ने हवाला नेटवर्क, क्रिप्टोकरेंसी और बेनामी बैंक खातों के जरिए अवैध कमाई को सफेद बनाया। ED के मुताबिक, Tiger Exchange, Gold365 और Laser247 जैसे कई ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म फ्रेंचाइजी मॉडल पर पूरे भारत में संचालित किए जा रहे थे, जबकि उनका संचालन कथित तौर पर दुबई से सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल करते थे।
इस मामले में एक और बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। करीब 6,000 करोड़ रुपये के महादेव बेटिंग घोटाले के मुख्य आरोपी और ऐप के कथित प्रमोटर सौरभ चंद्राकर का पता ओमान में चला है। इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर रॉयल ओमान पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है और अब भारतीय एजेंसियों ने उसके प्रत्यर्पण (Extradition) की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ED इससे पहले सौरभ चंद्राकर से जुड़ी करीब 1,700 करोड़ रुपये की संपत्तियां भी अटैच कर चुकी है। इनमें दुबई स्थित लग्जरी विला और प्रीमियम अपार्टमेंट शामिल हैं।
महादेव बेटिंग ऐप मामले की जांच 2022 से लगातार जारी है। ED के अनुसार अब तक देशभर में 175 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी, 13 लोगों की गिरफ्तारी, 74 आरोपियों के खिलाफ पांच अभियोजन शिकायतें दाखिल की जा चुकी हैं। इसके अलावा भारत और विदेशों में हजारों करोड़ रुपये की संपत्तियां भी जब्त या अटैच की जा चुकी हैं।
डॉ. अतुल हेगड़े के निधन के बाद YAAP Digital ने राज नायक को नया चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक नियुक्त किया है। उनके नेतृत्व में संस्थापक के विजन, मूल्यों और विकास यात्रा को आगे बढ़ाया जाएगा।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
डिजिटल मार्केटिंग कंपनी याप डिजिटल लिमिटेड (YAAP Digital Limited) ने अपने संस्थापक, चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक डॉ. अतुल हेगड़े के निधन के बाद राज नायक को कंपनी का नया चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (CMD) नियुक्त किया है। डॉ. अतुल हेगड़े का 7 जुलाई 2026 को हृदयाघात के कारण निधन हो गया था। उनके नेतृत्व में याप ने खुद को टेक्नोलॉजी आधारित और डिजिटल-फर्स्ट मार्केटिंग कंपनी के रूप में स्थापित किया था।
कंपनी के निदेशक मंडल ने सर्वसम्मति से राज नायक की नियुक्ति का निर्णय लिया। राज नायक पिछले दो वर्षों से याप के एडवाइजरी बोर्ड के सदस्य रहे हैं और डॉ. अतुल हेगड़े के साथ उनका लगभग 25 वर्षों का व्यक्तिगत और पेशेवर संबंध रहा है। कंपनी का मानना है कि वे याप की रणनीति, कार्यसंस्कृति और भविष्य की दिशा को अच्छी तरह समझते हैं।
राज नायक भारतीय मीडिया और विज्ञापन उद्योग के अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं। तीन दशक से अधिक के करियर में उन्होंने स्टार टीवी (STAR TV), एनडीटीवी मीडिया (NDTV Media) और वायकॉम18 (Viacom18) जैसी प्रमुख कंपनियों में नेतृत्व की भूमिका निभाई है। वे द एडवरटाइजिंग क्लब, इंटरनेशनल एडवरटाइजिंग एसोसिएशन (IAA) इंडिया चैप्टर, मीडिया रिसर्च यूजर्स काउंसिल (MRUC) और इंडियन ब्रॉडकास्टिंग फाउंडेशन (IBF) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से भी जुड़े रहे हैं।
अपनी नियुक्ति पर राज नायक ने कहा कि डॉ. अतुल हेगड़े उनके करीबी मित्र थे और उनका स्थान कोई नहीं ले सकता। उन्होंने यह जिम्मेदारी केवल इसलिए स्वीकार की है ताकि डॉ. हेगड़े की विरासत, मूल्यों और विजन को आगे बढ़ाया जा सके। वहीं, याप समूह के प्रमोटर सुधीर मेनन ने कहा कि राज नायक के नेतृत्व में कंपनी अपने अगले विकास चरण की ओर मजबूती से आगे बढ़ेगी और डॉ. अतुल हेगड़े के सपनों को साकार करेगी।
राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश (Harivansh) ने नई दिल्ली में भारतीय लोकतंत्र के 75 वर्षों पर आधारित पुस्तक '75 Years of Indian Democracy' और दो शोध पत्रिकाओं का विमोचन किया।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
राज्यसभा (Rajya Sabha) के उपसभापति श्री हरिवंश (Harivansh) ने नई दिल्ली (New Delhi) स्थित अपने सरकारी आवास पर भारतीय लोकतंत्र और चुनावी इतिहास पर आधारित पुस्तक '75 Years of Indian Democracy: The Indian Election Story in Facts & Figures (1950–2025)' का विमोचन किया। इस अवसर पर 'इंडियन जर्नल ऑफ इलेक्टोरल स्टडीज़ (Indian Journal of Electoral Studies-IJES)' और 'इंडियन जर्नल ऑफ सोशियो-इकोनॉमिक स्टडीज़ (Indian Journal of Socio-Economic Studies-IJSES)' के प्रथम अंकों का भी लोकार्पण किया गया।
इंडियास्टैट पब्लिकेशन्स (Indiastat Publications) द्वारा प्रकाशित यह पुस्तक वर्ष 1950 से 2025 तक भारत की लोकतांत्रिक और निर्वाचन यात्रा का विस्तृत दस्तावेज प्रस्तुत करती है। इसमें लोकसभा चुनावों के सांख्यिकीय आंकड़े, ऐतिहासिक घटनाक्रम, निर्वाचन क्षेत्रवार जानकारी, विषयगत विश्लेषण, मानचित्र और चित्रात्मक प्रस्तुतियां शामिल हैं। पुस्तक में 1951-52 के पहले आम चुनाव से लेकर प्रत्येक लोकसभा चुनाव का क्रमबद्ध विवरण दिया गया है।
प्रकाशन को अद्यतन बनाए रखने के लिए इसमें जनवरी से जून 2026 के दौरान हुए प्रमुख चुनावी और राजनीतिक घटनाक्रमों का एक परिशिष्ट (Addendum) भी जोड़ा गया है। इससे यह पुस्तक भारतीय चुनावी इतिहास और लोकतांत्रिक विकास से जुड़े शोधकर्ताओं और नीति-निर्माताओं के लिए एक महत्वपूर्ण संदर्भ ग्रंथ बन गई है।
विमोचित शोध पत्रिकाओं में 'इंडियन जर्नल ऑफ इलेक्टोरल स्टडीज़ (IJES)' निर्वाचन प्रणाली, लोकतांत्रिक संस्थाओं, मतदान व्यवहार, निर्वाचन सुधार और तुलनात्मक चुनावी अध्ययनों पर शोध को बढ़ावा देगी। वहीं 'इंडियन जर्नल ऑफ सोशियो-इकोनॉमिक स्टडीज़ (IJSES)' अर्थव्यवस्था, समाज, शासन, लोकनीति और सतत विकास जैसे विषयों पर साक्ष्य-आधारित शोध के लिए मंच उपलब्ध कराएगी।
इस अवसर पर हरिवंश (Harivansh) जी ने कहा कि गंभीर शोध, प्रलेखन और तथ्य-आधारित अध्ययन को प्रोत्साहित करने वाली ऐसी पहलें लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके अनुसार, सात दशकों से अधिक के चुनावी इतिहास को एक ही ग्रंथ में समेटने वाला यह प्रकाशन शोधकर्ताओं, नीति-निर्माताओं और भावी पीढ़ियों के लिए उपयोगी संदर्भ सामग्री साबित होगा।
इंडियास्टैट पब्लिकेशन्स (Indiastat Publications) के निदेशक एवं पुस्तक तथा दोनों शोध पत्रिकाओं के संपादक डॉ. आर. के. ठुकराल (Dr. R. K. Thukral) ने कहा कि यह पहल शोध समुदाय, शैक्षणिक संस्थानों, नीति-निर्माताओं और आम पाठकों तक प्रामाणिक चुनावी एवं सामाजिक-आर्थिक आंकड़े और शोध सामग्री पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने इन प्रकाशनों के विमोचन और शोधपरक पहलों को प्रोत्साहन देने के लिए हरिवंश (Harivansh) जी का आभार व्यक्त किया।
मीडिया जगत के प्रतिष्ठित कार्यक्रम 'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' में इस बार टाइम्स नाउ नवभारत के सीनियर कंसल्टिंग एडिटर सुमित अवस्थी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया जगत के प्रतिष्ठित कार्यक्रम 'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' में इस बार टाइम्स नाउ नवभारत के सीनियर कंसल्टिंग एडिटर सुमित अवस्थी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
एक्सचेंज4मीडिया समूह की हिंदी वेबसाइट समाचार4मीडिया की ओर से आयोजित यह प्रतिष्ठित सम्मान समारोह 28 जुलाई को नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (IIC) में होगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं।
's4m पत्रकारिता 40 अंडर 40' देश के उन युवा पत्रकारों को सम्मानित करने का एक प्रमुख मंच है, जिन्होंने अपनी मेहनत, प्रतिभा और बेहतरीन कार्य के दम पर पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस अवसर पर देशभर से चयनित 40 प्रतिभाशाली युवा पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा।
इस वर्ष कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सुमित अवस्थी का विशेष संबोधन होगा। मीडिया जगत में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले सुमित अवस्थी पत्रकारिता के बदलते परिदृश्य, नेतृत्व और मीडिया की नई चुनौतियों पर अपने विचार साझा करेंगे। उनका संबोधन युवा पत्रकारों के लिए प्रेरणादायक होने के साथ-साथ उन्हें नई दिशा देने वाला भी होगा।
युवा पत्रकारों के लिए खास मंच
समाचार4मीडिया का 's4m पत्रकारिता 40 अंडर 40' ऐसा मंच है, जो 40 वर्ष से कम उम्र के उन पत्रकारों को पहचान और सम्मान देता है, जिन्होंने अपने काम से मीडिया जगत में नई मिसाल कायम की है। यह मंच युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें देश के वरिष्ठ मीडिया पेशेवरों से सीखने और संवाद का अवसर भी देता है।
ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
अगर आप भी इस प्रतिष्ठित आयोजन का हिस्सा बनना चाहते हैं या इसके बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें। इच्छुक प्रतिभागी इसी लिंक के माध्यम से अपनी प्रविष्टि भेज सकते हैं-
https://e4mevents.com/hindi-patrakarita-40-under-40-2024/delegate-registration
जानिए, कौन हैं सुमित अवस्थी
टीवी न्यूज की दुनिया के जाने-माने चेहरे और सीनियर न्यूज एंकर सुमित अवस्थी वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत के सीनियर कंसल्टिंग एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। टाइम्स नेटवर्क से पहले वह ‘एनडीटीवी’ (NDTV) में थे। उन्होंने करीब ढाई साल से ‘एनडीटीवी इंडिया’ (NDTV India) में बतौर कंसल्टिंग एडिटर अपनी जिम्मेदारी निभाई और 'हम भारत के लोग' व ‘खबरों की खबर’ नाम से शो होस्ट किया।
सुमित अवस्थी को पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करने का करीब ढाई दशक से भी ज्यादा का अनुभव है। ‘एनडीटीवी’ में जुलाई 2023 में अपनी पारी शुरू करने से पहले वह ‘एबीपी न्यूज’ में वाइस प्रेजिडेंट (न्यूज व प्रॉडक्शन) के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। सुमित अवस्थी ने वर्ष 2018 में ‘एबीपी न्यूज’ में बतौर कंसल्टिंग एडिटर जॉइन किया था। इससे पहले वह ‘नेटवर्क18’ (Network 18) में डिप्टी मैनेजिंग एडिटर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वह ‘जी न्यूज’ (Zee News) में रेजिडेंट एडिटर भी रह चुके हैं।
सुमित अवस्थी करीब पांच साल तक ‘आजतक’ (Aaj Tak) में भी रह चुके हैं। यहां वह डिप्टी एडिटर के तौर पर कार्यरत थे। सुमित राजनीति में अच्छी पकड़ और बेहतर रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें अब तक ‘दादा साहेब फाल्के एक्सीलेंस अवॉर्ड‘ और ‘माधव ज्योति अवॉर्ड‘ समेत प्रतिष्ठित ‘एक्सचेंज4मीडिया न्यूज ब्रॉडकास्टिंग अवॉर्ड्स’ (enba) से भी नवाजा जा चुका है।
सुमित अवस्थी का जन्म लखनऊ (उत्तर प्रदेश) में हुआ है। केंद्रीय विद्यालय, इंदौर से अपनी स्कूलिंग पूरी करने के बाद उन्होंने इंदौर में ही ‘होलकर साइंस कॉलेज’ से ग्रेजुएशन की है। इसके बाद उन्होंने दिल्ली स्थित ‘भारतीय विद्या भवन‘ से पत्रकारिता की पढ़ाई की है।
जियो प्लेटफॉर्म्स ने अपने प्रस्तावित आईपीओ से पहले बड़ा नेतृत्व बदलाव किया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
जियो प्लेटफॉर्म्स ने अपने प्रस्तावित आईपीओ से पहले बड़ा नेतृत्व बदलाव किया है। कंपनी ने पंकज पवार को नया चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO) नियुक्त किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने किरण थॉमस की जगह ली है। इस बदलाव की जानकारी कंपनी के ड्राफ्ट आईपीओ दस्तावेजों के हवाले से सामने आई है।
पंकज पवार फिलहाल रिलायंस जियो इन्फोकॉम के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) भी हैं। अब वह जियो प्लेटफॉर्म्स के CEO की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। माना जा रहा है कि कंपनी के आईपीओ की तैयारियों के बीच यह नियुक्ति एक अहम कदम है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, जियो प्लेटफॉर्म्स करीब 4 अरब डॉलर (लगभग 34,000 करोड़ रुपये) जुटाने के लिए आईपीओ लाने की योजना पर काम कर रही है। यह भारत के सबसे बड़े संभावित आईपीओ में से एक माना जा रहा है।
कंपनी की ओर से अभी इस नियुक्ति और आईपीओ की समयसीमा को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, उद्योग जगत का मानना है कि नए नेतृत्व के साथ जियो प्लेटफॉर्म्स अपनी ग्रोथ रणनीति और पूंजी जुटाने की प्रक्रिया को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।