होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / जल्द नए नाम से जाना जाएगा ‘इंडियन ब्रॉडकास्टिंग फाउंडेशन’
जल्द नए नाम से जाना जाएगा ‘इंडियन ब्रॉडकास्टिंग फाउंडेशन’
एसोसिएशन ने अपना दायरा बढ़ाते हुए सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को एक छत के नीचे लाने के तहत यह निर्णय लिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
टेलिविजन ब्रॉडकास्टर्स के प्रतिनिधित्व वाला प्रमुख संगठन ‘इंडियन ब्रॉडकास्टिंग फाउंडेशन’ Indian Broadcasting Foundation अपना नाम बदलने की तैयारी में है। जल्द इसे ‘इंडियन ब्रॉडकास्टिंग एंड डिजिटल फाउंडेशन‘ (Indian Broadcasting and Digital Foundation) के नाम से जाना जाएगा। इस बारे में कवायद चल रही है।
बताया जाता है कि एसोसिएशन ने अपना दायरा बढ़ाते हुए सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को एक छत के नीचे लाने के तहत यह निर्णय लिया है। आईबीडीएफ डिजिटल मीडिया से संबंधित सभी मामलों को संभालने के लिए एक नई पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी बनाने की प्रक्रिया में है।
आईबीडीएफ, भारत सरकार द्वारा 25 फरवरी 2021 को अधिसूचित नई इंटरमीडियरी गाइडलाइंस और डिजिटल मीडिया एथिक्स कोड (new Intermediary Guidelines and Digital Media Ethics Code) के अनुसार एक स्व नियामक निकाय (सेल्फ रेगुलेटरी बॉडी) भी बनाएगा।
डिजिटल ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के लिए इस सेल्फ रेगुलेटरी बॉडी को डिजिटल मीडिया कंटेंट रेगुलेटरी काउंसिल (DMCRC) कहा जाता है, जो अपीलीय स्तर पर द्वितीय स्तरीय तंत्र (second-tier mechanism) है और ब्रॉडकास्ट कंटेंट कंप्लेंट काउंसिल (BCCC) के समान है। ‘IBF’ द्वारा 2011 में स्थापित स्व नियामक संस्था ‘BCCC’ देश में टेलिविजन चैनल्स द्वारा प्रसारित किए जा रहे कंटेंट पर नजर रखने का काम करती है।
इस बारे में आईबीएफ के प्रेजिडेंट के. माधवन का कहना है, ‘हमें एक ऐसे परिवेश को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता का विस्तार करते हुए प्रसन्नता हो रही है जो सांस्कृतिक रूप से कुशल, सामाजिक रूप से जिम्मेदार और तेजी से बढ़ते डिजिटल माध्यम के लिए शासन-बद्ध (governance-bound) है। यह विविधता फाउंडेशन को देश में ओटीटी प्लेटफॉर्म्स चला रहे अपने सदस्यों के लिए यह सुनिश्चित करते हुए कि वे संयुक्त निकाय के तहत प्रसारण और डिजिटल दोनों क्षेत्रों में एक मजबूत सामूहिक आवाज पेश करते हैं, विकास के अवसरों को हासिल करने में सशक्त बनाएगा। हम इंडस्ट्री की आकांक्षाओं के अनुरूप नए बेंचमार्क स्थापित करने के लिए कड़ी मेहनत करना जारी रखेंगे।’
टैग्स आईबीएफ इंडियन ब्रॉडकास्टिंग फाउंडेशन आईबीडीएफ इंडियन ब्रॉडकास्टिंग एंड डिजिटल फाउंडेशन