होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / कोरोना को लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकारों को सरकार ने दिया ये प्रोटेक्शन
कोरोना को लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकारों को सरकार ने दिया ये प्रोटेक्शन
देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इस बीच कोरोना वायरस ने देश के कई अलग-अलग शहरों में पत्रकारों को भी अपनी चपेट में ले लिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इस बीच कोरोना वायरस ने देश के कई अलग-अलग शहरों में पत्रकारों को भी अपनी चपेट में ले लिया है। लिहाजा इसे देखते हुए हरियाणा सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है।
दरअसल, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने गुरुवार को ऐलान किया कि अब जो भी पत्रकार हरियाणा में कोरोना वायरस को लेकर ग्राउंड रिपोर्ट करेगा, उसे दस लाख रुपए का इंश्योरेंस दिया जाएगा।
वहीं, हरियाणा पत्रकार संघ अध्यक्ष केबी पंडित ने सरकार के इस कदम को लेकर कहा कि कोरोना महामारी के दौरान खबरों को कवर करने वाले पत्रकार भी अपनी जान जोखिम में डालते हैं। सरकार ने ऐसे (यानि कोरोना को कवर करने वाले) मान्यता प्राप्त और गैर-मान्यता प्राप्त सभी पत्रकारों को 10 लाख रुपए का बीमा प्रोटेक्शन देकर न केवल पत्रकार, बल्कि उनके परिवार के लोगों को भी राहत दी है। सरकार का यह स्वागत योग्य कदम है।
गौरतलब है कि बीते दिनों मुंबई में 53 पत्रकार कोरोना वायरस से पॉजिटिव पाए गए, जबकि इसके बाद चेन्नई में एक न्यूज चैनल के 27 कर्मचारी कोरोना से पीड़ित निकले। इसी के बाद कई राज्य सरकारों ने अपने यहां पत्रकारों के कोरोना टेस्ट करवाने की बात कही है। वहीं दिल्ली सरकार ने भी राजधानी में कोरोना वायरस से जुड़ी खबरों को कवर कर रहे पत्रकारों का टेस्ट करवाया।
टैग्स पत्रकार सरकार कोरोना हरियाणा इंश्योरेंस बीमा सुरक्षा