होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / अशोक श्रीवास्तव ने उठाया मुद्दा, सिर्फ इमरान खान को फोलो करते हैं J&K गवर्नर
अशोक श्रीवास्तव ने उठाया मुद्दा, सिर्फ इमरान खान को फोलो करते हैं J&K गवर्नर
‘डीडी न्यूज़’ के वरिष्ठ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव ज्वलंत मुद्दों को उठाने और उन्हें अंजाम तक पहुंचाने के लिए मशहूर हैं
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
‘डीडी न्यूज़’ के वरिष्ठ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव ज्वलंत मुद्दों को उठाने और उन्हें अंजाम तक पहुंचाने के लिए मशहूर हैं। वह बेबाकी से अपनी बात रखते हैं और खासकर देशहित से जुड़े विषयों पर ज्यादा मुखर हो जाते हैं। ऐसे ही एक मामले को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ हो रही है। अशोक श्रीवास्तव ने जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल को लेकर एक ट्वीट किया था और महज चंद घंटों बाद उसका सकारात्मक असर देखने को मिला।
दरअसल, अशोक श्रीवास्तव ने सोमवार रात को अपने ट्वीट में लिखा था, ‘जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल भवन में कौन पाकिस्तान का एजेंट बैठा है। गवर्नर का ट्विटर एकाउंट @jandkgovernor भारत के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को नहीं, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को फॉलो करता है।’ इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक कई ट्वीट किए। मसलन, ‘ये बहुत-बहुत खतरनाक है। जम्मू-कश्मीर में, वहां की राजनीतिक पार्टियों में पाकिस्तान के पिट्ठू बैठे हैं, यह हम जानते हैं, लेकिन राज्यपाल भवन में भी पाकिस्तान का झंडा उठाये लोग घुसे हुए हैं।’, ‘इसका मतलब साफ है कि जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल भवन में भी ऐसे लोग बैठे हैं जो पाकिस्तान के और इमरान खान के मुरीद है। भारत से उनका कोई लेना-देना नहीं। यह खतरनाक है। कृपया मामले की गंभीरता से जांच करें।’, ‘क्या ये- @jandkgovernor जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सतपाल मलिक का असली एकाउंट है? अगर हाँ तो इसे कौन हैंडल करता है? जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल भारत के राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री को फॉलो नहीं करते, वो सिर्फ एक व्यक्ति को फॉलो करते हैं और वो है पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान।’
अशोक ने अपने ट्वीट में राज्यपाल के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्रालय को भी टैग किया। मामला संवेदनशील था और इसमें पाकिस्तान का जिक्र था, इसलिए सोशल मीडिया पर तुरंत प्रतिक्रियाएं आने लगीं। यूजर्स ने इस पर सवाल उठाने शुरू कर दिए और अगली सुबह अशोक के ट्वीट का असर भी सामने आ गया।
जम्मू कश्मीर के राज्यपाल के ट्विटर हैंडल से पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को अनफॉलो कर दिया गया। अशोक श्रीवास्तव ने खुद ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ‘तो जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल @jandkgovernor के ट्विटर हैंडल ने #पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को अनफॉलो किया। ‘कुछ नहीं हो सकता’, ‘सब चलता है’ के माइंडसेट से निकलिये, आवाज़ उठाइये, बदलाव होगा। एक मित्र ने यह खबर दी,रात मैंने ट्वीट किया और सुबह नतीजा सामने है।’
तो जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल @jandkgovernor के ट्विटर हैंडल ने #पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को अनफॉलो किया।
— Ashok Shrivastav (@ashokshrivasta6) April 30, 2019
"कुछ नहीं हो सकता" "सब चलता है" के माइंडसेट से निकालिये, आवाज़ उठाइये बदलाव होगा।
एक मित्र ने यह खबर दी,रात मैंने ट्वीट किया और सुबह नतीजा सामने है।#RightToTruth pic.twitter.com/2aR1GJcS37
अशोक श्रीवास्तव के इस मुद्दे को उठाने और इसे अंजाम तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया पर उनकी सराहना हो रही है। नरेश नामक एक यूजर ने लिखा है, ‘बहुत छोटे थे तब आपको #DD पर देखते थे समाचार वाचन करते हुए! अब जब आपसे इस मंच पर जुड़े हैं तो बड़ा सुखद अनुभव होता है! देशहित में आवाज़ उठाने के लिए आपका आभार जी!!’ इसी तरह महिमा ढींगरा ने लिखा है, ‘बचपन से ही माताजी-पिताजी ने DD News पर @ashokshrivasta6 देखने के संस्कार दिए हैं। बेस्ट जर्नलिस्ट स्ट एंड बेस्ट मीडिया चैनल।’ वहीं, अमन सिंह राठौर ने ट्वीट किया, ‘बहुत बहुत बधाई सर। मेहनत आपकी रंग लाई। ख़ैर कहिये पता चल गया, नहीं तो ऐसे बहुत से पाकिस्तान परस्त लोग होंगे खासकर जम्मू कश्मीर की विधानसभा में।’
गौरतलब है कि अशोक श्रीवास्तव पिछले काफी समय से डीडी न्यूज़ से जुड़े हुए हैं और उनका शो ‘दो टूक’ काफी लोकप्रिय है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ‘नरेंद्र मोदी सेंसर्ड’नामक किताब भी लिखी है। जिसका हाल ही में विमोचन किया गया है।
टैग्स डीडी न्यूज इमरान खान अशोक श्रीवास्तव जम्मू कश्मीर राज्यपाल भवन