होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / देश को कंटेंट क्रिएशन का पावरहाउस बनाने के लिए प्रतिबद्ध है सरकार: अनुराग ठाकुर
देश को कंटेंट क्रिएशन का पावरहाउस बनाने के लिए प्रतिबद्ध है सरकार: अनुराग ठाकुर
गोवा में 52वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर का कहना है कि सरकार देश को कंटेंट क्रिएशन पावरहाउस और दुनिया का पोस्ट-प्रोडक्शन हब बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। गोवा में 52वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के उद्घाटन समारोह में अनुराग ठाकुर का कहना था, ‘हमारा लक्ष्य विशेष रूप से क्षेत्रीय कार्यक्रमों को आगे बढ़ाकर भारत को कंटेंट निर्माण का एक पावरहाउस बनाना है। हम अपने प्रतिभाशाली युवाओं की तकनीकी प्रतिभा का लाभ उठाकर देश को दुनिया का पोस्ट-प्रोडक्शन हब बनाने के अपने प्रयासों के प्रति भी दृढ़संकल्पित हैं। हमारा लक्ष्य भारत को फिल्म निर्माताओं और प्रेमियों के लिए सबसे पसंदीदा जगह बनाने के साथ-साथ इसे विश्व सिनेमा का केंद्र बनाना है।’
यह उल्लेख करते हुए कि फिल्म निर्माण के क्षेत्र में बहुत से युवा हैं, अनुराग ठाकुर ने कहा कि ये युवा फ्रेश कंटेंट के लिए पावरहाउस हैं। इसके साथ ही उनका कहना था, ‘कनेक्टिविटी, संस्कृति और वाणिज्य के बेजोड़ संयोजन के साथ भारत सिनेमाई ईकोसिस्टम का केंद्र बनने की दिशा में अग्रसर है। आज भारत की कहानी भारतीयों द्वारा लिखी और परिभाषित की जा रही है।’
उन्होंने इस क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला और कहा, ‘फिल्म और मनोरंजन उद्योग बड़े रोजगार अवसर प्रदान करता है, क्योंकि हम कंटेंट और फिल्म निर्माण के डिजिटल युग में काफी आगे बढ़ रहे हैं, फिल्म प्रेमियों की आने वाली पीढ़ियों के लिए फिल्म संग्रह को नहीं भूलना चाहिए। भारत का लक्ष्य फिल्म निर्माण के लिए पसंदीदा ठिकाना बनना है। इसके तहत फिल्म निर्माताओं की सुविधा के लिए फिल्म सुविधा कार्यालय (Film Facilitation Office) भी खोला गया है।’
टैग्स सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर सिनेमा कंटेंट क्रिएशन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया