होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / न्यूज चैनल के नाम पर शातिरों ने कुछ यूं दिया झांसा, लाखों गंवा बैठा कारोबारी
न्यूज चैनल के नाम पर शातिरों ने कुछ यूं दिया झांसा, लाखों गंवा बैठा कारोबारी
पत्रकार मित्र के माध्यम से कारोबारी के साथ आरोपियों की दिल्ली में हुई थी मुलाकात
पंकज शर्मा 6 years ago
न्यूज चैनल खोलने और उसका सीएमडी बनाए जाने के नाम पर कारोबारी से लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में लखनऊ के कारोबारी संतोष कुमार ने रमन श्रीवास्तव और अमृता आर. पंडित नामक दो आरोपियों के खिलाफ नोएडा के सेक्टर 63 स्थित फेस-III थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मूलतः गोंडा (यूपी) के रहने वाले संतोष कुमार ने इस रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि रमन श्रीवास्तव और अमृता आर.पंडित ने न्यूज चैनल खोलने के नाम पर उनसे करीब 85 लाख रुपए ठग लिए। दोनों आरोपियों ने चैनल में मुश्किल से 10-12 लाख रुपए ही खर्च किए और बाकी रकम डकार ली।
कारोबारी का आरोप था कि उनके एक पत्रकार मित्र ने न्यू अशोक नगर, दिल्ली निवासी अमृता पंडित और रमन श्रीवास्तव से उनकी मुलाकात कराई थी। बातचीत के दौरान अमृता ने खुद को सार मीडिया एंड फिल्मस की डायरेक्टर और रमन श्रीवास्तव को सीईओ बताया था। दोनों ने उन्हें बताया कि ‘भारत आज’ के नाम से सेक्टर-63 में वह हिंदी न्यूज चैनल शुरू करना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने संतोष कुमार को चैनल का सीएमडी बनाए जाने की बात कहते हुए आर्थिक मदद मांगी। इस पर उन्होंने दोनों की मदद करते हुए कई बार में करीब 85 लाख रुपए दे दिए।
बाद में शक होने पर जब उन्होंने तहकीकात की तो सामने आया कि दोनों आरोपियों ने चैनल खोलने के नाम पर उन्हें चपत लगा दी है। यही नहीं, अपना हिसाब मांगने पर दोनों आरोपियों ने उनसे किनारा करना शुरू कर दिया और वॉट्सऐप नंबर ब्लॉक करने के साथ ही अब उनका फोन भी नहीं उठा रहे हैं। इसके बाद संतोष कुमार ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
बताया जाता है कि संतोष कुमार ने सबसे पहले नोएडा के एसएसपी वैभव कृष्ण से मामले की शिकायत की थी। एसएसपी के आदेश पर मामले की जांच के बाद आर्थिक अपराध शाखा नोएडा के एसएचओ मनीष सक्सेना ने शिकायत को सही पाया। इतना ही नहीं, पुलिस के कई बार बुलाने और नोटिस भेजने के बावजूद दोनों आरोपी पूछताछ से बचते रहे और सहयोग नहीं किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स धोखाधड़ी संतोष कुमार चैनल खोलने के नाम पर धोखाधड़ी फ्रॉड रमन श्रीवास्तव अमृता. आर पंडित