होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / वायकॉम18 के CEO और COO के खिलाफ FIR, लगे ये आरोप
वायकॉम18 के CEO और COO के खिलाफ FIR, लगे ये आरोप
मुंबई के अंबोली पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है एफआईआर
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
देश के प्रतिष्ठित मीडिया समूह में शामिल ‘नेटवर्क18’ (Network18) की हिस्सेदारी वाले फिल्म स्टूडियो ‘वायकॉम18 मीडिया प्राइवेट लिमिटेड’ (Viacom 18 Media Pvt Ltd) के चीफ ऑफिसर्स, डायरेक्टर्स और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ मुंबई के अंबोली पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा ‘शेमारू एंटरटेनमेंट लिमिटेड’ (Shemaroo Entertainment Limited) के मैनेजिंग डायरेक्टर और वाइस प्रेजिंडेंट के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर में वायकॉम18 के ग्रुप सीईओ सुधांशु वत्स, सीओओ अजीत आंध्रे (Ajit Andhare) के साथ ही शेमारू एंटरटेनमेंट के एमडी रमन हीरजी मारू और वाइस प्रेजिडेंट विनोद करानी के नाम शामिल हैं।
इन लोगों के खिलाफ फिल्म प्रड्यूसर संतीश टंडन ने शिकायत की थी। इस शिकायत की जांच के बाद ही यह एफआईआर दर्ज की गई है। संतीश टंडन वर्ष 2000 में अभिनेता संजय दत्त को लेकर ‘जंग’ नामक फिल्म को प्रड्यूस कर चुके हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वायकॉम18 काफी समय से Voot.com समेत विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर उनके समेत कई लोगों की फिल्मों को दिखा रहा है, जबकि उसने न तो फिल्म निर्माताओं से इसकी अनुमति ली है और न ही उसके पास उनकी फिल्मों को दिखाने का वैध लाइसेंस है।
आरोप है कि इन फिल्मों को दिखाकर कमाई तो की जा रही है, लेकिन फिल्म प्रड्यूसर्स को रॉयल्टी भी नहीं दी जा रही है। ऐसे में अब इस मामले में धोखाधड़ी और कॉपीराइट के उल्ल्घंन के मामले की शिकायत की गई थी। हालांकि इस मामले में सिर्फ वायकॉम18 मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के ऑफिसर्स/डायरेक्टर्स के खिलाफ शिकायत की गई थी, लेकिन जांच के दौरान शेमारू एंटरटेनमेंट लिमिटेड कंपनी के खिलाफ भी कई गड़बड़ी मिलने पर पुलिस ने उसके अधिकारियों का नाम भी एफआईआर में शामिल कर लिया।
आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कीजिए
टैग्स सुधांशु वत्स वायकॉम18 मीडिया प्राइवेट लिमिटेड शेमारू एंटरटेनमेंट लिमिटेड अंबोली पुलिस स्टेशन सतीश टंडन