होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / अरनब गोस्वामी पर हमले का एडिटर्स गिल्ड ने किया विरोध, दिया ये बयान
अरनब गोस्वामी पर हमले का एडिटर्स गिल्ड ने किया विरोध, दिया ये बयान
मुंबई में बुधवार की रात बाइक सवार दो बदमाशों ने अरनब गोस्वामी व उनकी पत्नी पर कर दिया था हमला
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
संपादकों की संस्था ‘एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया’ (Editors Guild Of India) ने मुंबई में बुधवार की रात वरिष्ठ पत्रकार और ‘रिपब्लिक मीडिया नेटवर्क’ (Republic Media Network) के एडिटर-इन-चीफ अरनब गोस्वामी व उनकी पत्नी पर बाइक सवार दो बदमाशों द्वारा किए गए हमले की कड़ी निंदा की है। इस बारे में एडिटर्स गिल्ड ने एक स्टेटमेंट भी जारी किया है।
इस स्टेटमेंट में गिल्ड का कहना है, ‘वरिष्ठ पत्रकार और रिपब्लिक टीवी चैनल के सीनियर एडिटर अरनब गोस्वामी और उनकी पत्नी पर मुंबई में बुधवार की रात हुए हमले की गिल्ड घोर निंदा करती है। किसी पत्रकार पर हमला करना, घृणा फैलाना अथवा आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करना काफी निंदनीय है। बिना किसी भय अथवा हिचक के अपने विचारों को व्यक्त करना अथवा तथ्यों की रिपोर्ट करना स्वतंत्रता, पत्रकारिता का सबसे बुनियादी सिद्धांत है।’
इसके साथ ही गिल्ड ने मुंबई पुलिस से उन बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए भी कहा है, जिन्होंने अरनब गोस्वामी और उनकी पत्नी पर हमला किया।
बता दें कि मुंबई में बुधवार की देर रात बाइक सवार दो बदमाशों ने अरनब गोस्वामी व उनकी पत्नी पर हमला कर दिया था। गनीमत रही कि इस हमले में उन्हें कोई चोट नहीं आई। जिस दौरान यह हमला हुआ, अरनब अपनी पत्नी के साथ स्टूडियो से काम खत्म कर कार से घर लौट रहे थे।
अरनब गोस्वामी पर हमले के बाद एडिटर्स गिल्ड की ओर से जारी किए गए स्टेटमेंट को आप यहां पढ़ सकते हैं।
टैग्स अरनब गोस्वामी एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया रिपब्लिक टीवी पत्रकार पर हमला