होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पत्रकारों पर गोलीबारी के बाद हुई किरकिरी के बीच दिल्ली पुलिस ने उठाया ये सख्त कदम
पत्रकारों पर गोलीबारी के बाद हुई किरकिरी के बीच दिल्ली पुलिस ने उठाया ये सख्त कदम
दिल्ली में एबीपी न्यूज की टीम पर बदमाशों ने की थी अंधाधुंध फायरिंग
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
दिल्ली में बारापुला फ्लाईओवर पर ‘एबीपी न्यूज’ (ABP News) के पत्रकारों पर हुई गोलीबारी की घटना के बाद आलोचनाओं का सामना कर रही दिल्ली पुलिस ने तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। ‘एबीपी न्यूज’ के रिपोर्टर सिद्धार्थ पुरोहित और कैमरामैन अरविंद कुमार पर यह हमला उस समय हुआ था, जब दोनों शनिवार की रात प्रसाद नगर थाना क्षेत्र में हुए एक हत्याकांड को कवर करने के लिए ड्राइवर चंदर सेन के साथ ऑफिस की कैब से जा रहे थे।
दक्षिण दिल्ली में बारापुला फ्लाईओवर पर रात करीब डेढ़ बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रुकने का इशारा किया। शक होने पर उन्होंने ड्राइवर से कार की स्पीड बढ़ाने को कहा। इसके बाद बदमाशों ने कार पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इनमें से एक गोली कार के दरवाजे पर लगी, दूसरी ने ड्राइवर की तरफ की खिड़की को नुकसान पहुंचाया, जबकि तीसरी किसी तरह निशाने से चूक गई।
बताया जाता है कि बदमाशों ने चैनल की टीम का करीब आधा किलोमीटर तक पीछा भी किया। लेकिन करीब एक किलोमीटर दूर जाकर चैनल की टीम ने पीछे मुड़कर देखा तो आरोपी वहां से गायब हो चुके थे। आरोप है कि पत्रकारों ने आईएनए मेट्रो स्टेशन पर मौजूद पुलिसकर्मियों को इस घटना के बारे में बताते हुए मदद मांगी, लेकिन आसपास के थानों को सतर्क करने के बजाय पुलिसकर्मी मौके से चले गए। इसके बाद चैनल की टीम ने देर रात करीब 1:33 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, लेकिन डेढ़ घंटे बाद तक भी वहां से कोई मदद नहीं पहुंची।
मामला सामने आते ही लोगों ने दिल्ली पुलिस की आलोचना शुरू कर दी। इसके बाद दिल्ली पुलिस हरकत में आई। इस मामले में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त परविंदर सिंह का कहना है, 'कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों सहायक उप-निरीक्षक जितेंद्र, हेड कांस्टेबल ऋषि और कांस्टेबल नरवी को निलंबित कर दिया गया है।' सिंह ने कहा, 'मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। जिस कैब पर गोलीबारी की गई, उसे फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।' उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। पुलिस के बड़े अधिकारी पूरे मामले पर नजर रखे हुए हैं। पत्रकारों के बयान के आधार पर लुटेरों का स्केच भी तैयार किया गया है।
पुलिस ने इस मामले में डकैती के प्रयास का मामला दर्ज किया है और अज्ञात हमलावरों पर शस्त्र अधिनियम के तहत आरोप लगाए हैं। इस मामले में क्राइम ब्रांच की टीम ने रविवार को कई संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। घटनास्थल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस का सहारा भी लिया जा रहा है।
बदमाशों की गोलीबारी का निशाना बनी कैब और पुलिस द्वारा जारी स्केच को आप यहां देख सकते हैं-
टैग्स एबीपी न्यूज दिल्ली पुलिस मीडिया पर हमला अरविंद कुमार बारापुला फ्लाईओवर सिद्धार्थ पुरोहित