होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘Citara Plex’ ने शिवानी सिंह को किया नियुक्त, सौंपी यह बड़ी जिम्मेदारी
‘Citara Plex’ ने शिवानी सिंह को किया नियुक्त, सौंपी यह बड़ी जिम्मेदारी
'शी फाउंडर्स' की को-फाउंडर शिवानी सिंह पूर्व में डिस्कवरी नेटवर्क्स, ईएसपीएन स्टार स्पोर्ट्स, स्टार इंडिया और डिश टीवी जैसे प्रमुख संस्थानों में लीडरशिप भूमिकाएं निभा चुकी हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
‘सिटारा प्लेक्स’ (Citara Plex) ने सीनियर मीडिया प्रोफेशनल और जानी-मानी एंटरप्रिन्योर शिवानी सिंह को अपना चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO) नियुक्त करने की घोषणा की है। माना जा रहा है कि यह रणनीतिक कदम ‘सिटारा प्लेक्स’ को एंटरटेनमेंट और रिटेल सेक्टर में आक्रामक विस्तार और नवाचार की दिशा में मजबूत करेगा।
शिवानी सिंह को विभिन्न लीडरशिप भूमिकाओं में काम करने का ढाई दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने स्टार्टअप ईकोसिस्टम में कई अग्रणी प्रयासों का नेतृत्व किया है। पूर्व में वह डिस्कवरी नेटवर्क्स, ईएसपीएन स्टार स्पोर्ट्स, स्टार इंडिया और डिश टीवी जैसे प्रमुख संस्थानों में लीडरशिप भूमिकाएं निभा चुकी हैं। 'शी फाउंडर्स' (She Founders) की सह संस्थापक के रूप में उन्होंने इनोवेशन और एंटरप्रिन्योरशिप के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
‘सिटारा प्लेक्स’ के फाउंडर और एडवाइजरी बोर्ड के चेयरमैन टूटू शर्मा ने कहा, ‘शिवानी का दूरदर्शी नेतृत्व और विकास, नवाचार, और ऑपरेशनल उत्कृष्टता में उनका विशाल अनुभव उन्हें सिटारा प्लेक्स की अभूतपूर्व सफलता के लिए आदर्श सीईओ बनाता है। उनकी विशेषज्ञता हमारे सिनेमा, सेलिब्रिटी रिटेल और थीम्ड कैफे को देश के हर कोने तक ले जाने के हमारे विजन को साकार करने में महत्वपूर्ण होगी।’
‘सिटारा प्लेक्स’ के फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल नेहरा ने भी इस पर जोर देते हुए कहा, ‘शिवानी का अनुभव और उनके नेतृत्व से ईकोसिस्टम में नई ऊर्जा आएगी। यह नियुक्ति सिटारा प्लेक्स को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में आगे बढ़ाने के साथ-साथ बॉलीवुड और सिनेमा को केंद्र में रखकर एक नई श्रेणी बनाने में मदद करेगी।’
वहीं, अपनी इस नियुक्ति के बारे में शिवानी सिंह का कहना है, ‘सिटारा प्लेक्स की प्रतिभाशाली टीम के साथ काम करने को लेकर मैं काफी रोमांचित हूं। हमारा ध्यान ऐसा अनुभव बनाने पर होगा जो ऑडियंस को जोड़े और प्रेरित करे। हम बॉलीवुड को अपने मेहमानों के करीब लाने और तेजी से बदलते परिदृश्य में खुद को इंडस्ट्री लीडर के रूप में स्थापित करने पर केंद्रित रहेंगे।’
टैग्स सीईओ चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर सिटारा प्लेक्स शिवानी सिंह