होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / मीडिया मुगल डॉ. सुभाष चंद्रा ने लिखा ओपन लेटर, नए वेंचर को लेकर कही ये बात
मीडिया मुगल डॉ. सुभाष चंद्रा ने लिखा ओपन लेटर, नए वेंचर को लेकर कही ये बात
‘एस्सेल’ (Essel) ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद्रा ने मंगलवार को दूसरा ओपन लेटर जारी किया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
‘एस्सेल’ (Essel) ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद्रा ने मंगलवार को दूसरा ओपन लेटर जारी किया है। इस ओपन लेटर में उन्होंने ऋण समाधान प्रक्रिया (debt resolution process) और ऋणदाताओं को भुगतान करने के लिए उठाए गए कदमों का विवरण दिया है। डॉ. सुभाष चंद्रा ने इस ओपन लेटर के जरिये बताया है कि 43 ऋणदाताओं की 91 प्रतिशत से ज्यादा देनदारियों का भुगतान कर दिया गया है और बाकी के भुगतान की प्रक्रिया भी जारी है।
बता दें कि इससे पहले डॉ. चंद्रा ने 25 जनवरी को पहला ओपन लेटर लिखा था। उस लेटर में उन्होंने ‘आईएल एंड एफएस’ (IL&FS) मामले से उत्पन्न तरलता संकट के कारण उधारदाताओं के सामने आने वाली कठिनाइयों के लिए माफी मांगी थी और अपनी क्षमताओं के अनुसार पैसे चुकाने के लिए प्रतिबद्धता जताई थी। ऋणदाताओं के समर्थन और विश्वास की बदौलत डॉ. चंद्रा अपना वादा पूरा करने में कामयाब रहे हैं। हालांकि, महामारी के दौरान परिसंपत्ति विनिवेश प्रक्रिया (asset divestment process) को झटका लगा, जिसके कारण समग्र ऋण समाधान प्रक्रिया धीमी हो गई। डॉ. चंद्रा ने ऋणदाताओं का 100 प्रतिशत बकाया भुगतान करने के बाद दूसरा ओपन लेटर जारी करने की इच्छा व्यक्त की, हालांकि इस अभूतपूर्व समय के कारण इसमें देरी हुई।
ऋण समाधान से संबंधित प्रमुख बिंदुओं के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. चंद्रा ने कहा, 'मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हम वित्तीय तनाव की स्थिति से बाहर आ गए हैं और 43 ऋणदाताओं के 91 प्रतिशत बकाया का भुगतान कर दिया है। 88.3 प्रतिशत राशि का भुगतान किया जा चुका है, जबकि शेष 2.9 प्रतिशत भुगतान किए जाने की प्रक्रिया में है। हम अपने कुल कर्ज के शेष 8.8% के निपटान के लिए सभी आवश्यक प्रयास कर रहे हैं।'
इस ओपन लेटर में डॉ. चंद्रा ने इस वित्तीय वर्ष के अंत तक या उससे पहले शेष बकाया राशि का निपटान करने की अपनी इच्छा जाहिर की है। इसके बाद डॉ. चंद्रा ने कहा कि उन्होंने जो भी निर्णय लिए हैं, वह परिवार के हित को देखते हुए हैं और इसका उन्हें कोई मलाल नहीं है। उन्होंने इंफ्रास्ट्रक्चर, वित्तीय सेवाओं और प्रिंट मीडिया व्यवसायों से बाहर निकलने की बात दोहराई है।
डॉ. चंद्रा ने डिजिटल ईकोसिस्टम में वीडियो के क्षेत्र में एक वेंचर शुरू करने के अपने अगले कदम के बारे में भी बताया है। 53 वर्षों के विशाल अनुभव के साथ, डॉ. चंद्रा अत्याधुनिक तकनीक के इस्तेमाल के द्वारा एक बार फिर डिजिटल वीडियो स्पेस में छा जाने के लिए तैयार हैं।
अपने नए वेंचर के बारे में डॉ. चंद्रा ने कहा है, ‘वीडियो बिजनेस में मुझे काफी अनुभव है। इसलिए अब मैं जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (ZEEL) के साथ किसी टकराव में पड़े बिना वीडियो इन डिजिटल स्पेस के साथ-साथ वीडियो स्पेस में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस एंड मशीन लर्निंग (AI/ML) में नए रास्ते और बिजनेस अवसर तलाश रहा हूं। मैं बहुत जल्द ही इसके बारे में विस्तार से जानकारी दूंगा और जल्द ही आप सभी एक और वेंचर की शुरुआत के साक्षी बनेंगे।’
टैग्स एस्सेल ग्रुप डॉ. सुभाष चंद्रा चेयरमैन ओपन लेटर