होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ऋद्धिमान साहा विवाद में वरिष्ठ पत्रकार बोरिया मजूमदार के खिलाफ BCCI ने लिया ये एक्शन
ऋद्धिमान साहा विवाद में वरिष्ठ पत्रकार बोरिया मजूमदार के खिलाफ BCCI ने लिया ये एक्शन
विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा को इंटरव्यू के नाम पर धमकाने के मामले में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने वरिष्ठ पत्रकार बोरिया मजूमदार के खिलाफ एक्शन लिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
'भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड' (BCCI) ने क्रिकेट इतिहासकार, पत्रकार और बायोग्राफी राइटर बोरिया मजूमदार के खिलाफ दो साल का प्रतिबंध लगा दिया है। मजूमदार पर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा को इंटरव्यू के नाम पर धमकाने का आरोप है। जांच के बाद ‘बीसीसीआई’ की तीन सदस्यीय समिति ने भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा को धमकाने के मामले में मजूमदार को दोषी पाया था, जिसके बाद अब उन पर यह प्रतिबंध लगाया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस प्रतिबंध का मतलब है कि अगले दो सालों तक मजूमदार बीसीसीआई या बीसीसीआई से जुड़े किसी भी स्टेट बोर्ड के स्टेडियम के अंदर इंट्री नहीं कर पाएंगे और न ही उन्हें बोर्ड की ओर से मीडिया मान्यता दी जाएगी। इसके साथ ही उन्हें बोर्ड द्वारा रजिस्टर्ज किसी भी खिलाड़ी का इंटरव्यू नहीं मिलेगा। बता दें कि साहा ने इस साल फरवरी में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने इंटरव्यू नहीं देने के लिए पत्रकार से धमकी मिलने का आरोप लगाया था।
मीडिया में यह मामला तब प्रकाश में आया था, जब गुजरात टाइटंस के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा ने इस साल 19 फरवरी को एक स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा था कि भारतीय क्रिकेट में इतना योगदान देने के बाद मुझे एक तथाकथित रिस्पेक्टेड पत्रकार से ये सब झेलना पड़ रहा है। हमारे देश में पत्रकारिता कितने न्यूनतम स्तर पर पहुंच गई है। साहा ने इस दौरान मजूमदार के स्क्रीन शॉट्स शेयर किए थे।
इस स्क्रीन शॉट्स में लिखा था, 'तुमने मुझे कॉल नहीं किया। मैं दोबारा कभी तुम्हारा इंटरव्यू नहीं करूंगा। मैं अपमान का घूंट आसानी से नहीं पीता। मैं इस चीज को हमेशा याद रखूंगा।' टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री समेत कई पूर्व खिलाड़ियों ने बीसीसीआई से मामले का संज्ञान लेने की अपील की थी।
सोशल मीडिया के जरिए मामला सामने आने के बाद बीसीसीआई ने उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, ट्रेजरर अरुण धूमल और एपेक्स काउंसिल मेंबर प्रभतेज भाटिया के रूप में तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था। कमेटी के सामने आकर साहा ने मजूमदार को पहचाना और धमकाने के आरोप लगाए। हालांकि अपने बचाव में मजूमदार ने कहा था कि स्क्रीन शॉट्स के साथ छेड़छाड़ की गई है।
टैग्स बीसीसीआई भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड बोरिया मजूमदार ऋद्धिमान साहा विवाद