होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / इस योजना के लिए BBC 450 कर्मियों को दिखाएगा बाहर का रास्ता
इस योजना के लिए BBC 450 कर्मियों को दिखाएगा बाहर का रास्ता
बीबीसी ने हाल ही में यह घोषणा की है कि वह करीब 450 नौकरियों में कटौती कर रहा है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
बीबीसी ने हाल ही में यह घोषणा की है कि वह करीब 450 नौकरियों में कटौती कर रहा है। दरअसल बीबीसी यह कदम दर्शकों की बदलती जरूरतों को देखते हुए और अपने बचत लक्ष्य को पूरा करने के लिए उठा रहा है। कंपनी का लक्ष्य 2022 तक 80 मिलियन पाउंड सेविंग करने का है।
बीबीसी के इस कदम से उसके कई आइटलेट्स भी प्रभावित होंगे, जिनमें ‘बीसीसी टू’ (BBC Two) का ‘न्यूजनाइट’ (Newsnight) प्रोग्राम, नेशनल रेडियो सर्विस ‘बीबीसी रेडियो 5 लाइव’ (BBC Radio 5 Live) और वर्ल्ड अपडेट प्रोग्राम शामिल हैं।
बीबीसी न्यूज की डायरेक्टर फ्रेंक अन्सवर्थ (Fran Unsworth) ने एक बयान में कहा, ‘हमें अब पारंपरिक प्रसारण से हटकर डिजिटल की ओर कदम बढ़ाने होंगे।' उन्होंने कहा कि बीबीसी न्यूज मध्यम आयु वर्ग के और मध्यम वर्ग के दर्शकों के लिए ‘सुपर सर्विंग’ रहा है, लेकिन अब हमें युवा दर्शकों और श्रोताओं के पीछे भी जाना चाहिए। इसलिए अब हमारा फोकस ऑनलाइन खबरें प्रदान करने पर भी होगा, ताकि उन लोगों को भी जोड़ सकें, जो वर्तमान में हमारी पहुंच से दूर हैं। उन्होंने कहा कि ‘पारंपरिक’ टेलिविजन और रेडियो कार्यक्रमों को अब या तो कम करना होगा या फिर पूरी तरह से बंद करने होंगे।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि हमें बीबीसी न्यूज को अगले एक दशक के लिए नए सिरे से तैयार करने की जरूरत है और पर्याप्त मात्रा में पैसे की बचत भी करना है, क्योंकि अभी तक हम पारंपरिक कार्यक्रमों पर बहुत ही ज्यादा खर्च कर रहे हैं, लेकिन डिजिटल पर ज्यादा खर्च नहीं हो रहा है। इसलिए हमारा फोकस अब डिजिटल पर भी होगा।
इसके साथ ही बीबीसी ने एक अप्रैल, 2020 से टीवी लाइसेंस फीस बढ़ाने का फैसला लिया है। सालाना रूप से ली जाने वाली इस फीस में तीन पाउंड की बढ़ोतरी की जाएगी। अब तक टीवी लाइसेंस फीस 154.50 पाउंड ली जाती है, जिसे एक अप्रैल से बढ़ाकर 157.50 पाउंड कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि वर्तमान में बीबीसी न्यूज में लगभग 6,000 एम्प्लॉयीज हैं, जिनमें से 1700 तो ब्रिटेन के बाहर हैं। वहीं माना जा रहा है कि इन बदलावों के बाद बीबीसी का बजट हर साल लगभग 480 मिलियन पाउंड होगा।
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक,ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स बीबीसी छंटनी 450 कर्मी