होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / फोटो पत्रकार को कुछ यूं भारी पड़ गई जाम की कवरेज, मुश्किल से बची जान
फोटो पत्रकार को कुछ यूं भारी पड़ गई जाम की कवरेज, मुश्किल से बची जान
गंभीर रूप से घायल फोटो पत्रकार के बयान पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
कवरेज के दौरान पत्रकारों पर हमले की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इस बार मामला मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में कमलागंज इलाके का है, जहां पर कुछ लोगों ने रविवार की दोपहर नई दुनिया के फोटो पत्रकार पर जानलेवा कर दिया। राहुल अष्ठाना नामक यह फोटो पत्रकार कवरेज के लिए मौके पर गए हुए थे। इस दौरान हमलावरों ने न सिर्फ राहुल के साथ मारपीट की, बल्कि उनका कैमरा भी छीन लिया।
हमले में सुभाष कॉलोनी निवासी राहुल को सिर में अंदरूनी चोट आई है। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अस्पताल में ही राहुल के बयान दर्ज कर भानु गुप्ता और विजय सहित आठ अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की खबर लगते ही तमाम पत्रकार जिला अस्पताल पहुंच गए। सभी ने इस घटना की निंदा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बताया जाता है कि कमलागंज में वार्ड 37 के लोगों ने पानी न मिलने पर जाम लगाया हुआ था, जिससे हाइवे पर आवागमन बंद हो गया था। कमलागंज से सौजीराम के बाड़े में जाने वाली गली के मुहाने पर जब एक बाइक सवार जाने लगा तो प्रदर्शनकारियों ने उसके साथ मारपीट कर दी। इस घटना को राहुल ने अपने कैमरे में कैद कर लिया, जिससे नाराज प्रदर्शनकारियों ने उन पर हमला कर दिया।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व ही ओडिशा के बालासोर जिले में रेत खनन माफियाओं ने वहां के प्रमुख अखबार ‘द समाज’ (The Samaj) के रिपोर्टर प्रताप पात्रा पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया था। हमले में प्रताप पात्रा को गंभीर चोट आई थीं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कीजिए
टैग्स फोटो पत्रकार पत्रकार पर हमला राहुल अष्ठाना कवरेज के दौरान हमला