होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकार पर जानलेवा हमला, थाने में घुसकर किसी तरह बचाई जान
रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकार पर जानलेवा हमला, थाने में घुसकर किसी तरह बचाई जान
पश्चिम बंगाल में हिंसा भड़कने के बाद कवरेज के लिए कैमरामैन के साथ मौके पर गए थे ‘टाइम्स नाउ नवभारत’ के स्पेशल करेसपॉन्डेंट कुंदन सिंह
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकारों को तमाम तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। कई बार उन पर हमले भी हो जाते हैं, जिससे उनकी जान पर भी बन आती है। ऐसा ही एक मामला पश्चिम बंगाल से आया है, जहां पर रिपोर्टिंग के दौरान ‘टाइम्स नाउ नवभारत’ (Times Now Navbharat) के पत्रकार कुंदन सिंह पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। हमले में कुंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी तरह उन्होंने थाने में घुसकर जान बचाई। इसके बाद भीड़ के मौके से चले जाने पर वह थाने से निकले और प्राथमिक उपचार कराया। इसके बाद कुंदन सिंह दिल्ली लौट आए और यहां अस्पताल में उपचार कराया। फिलहाल, कुंदन सिंह की हालत पहले से ठीक है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
बता दें कि रामनवमी के दिन पश्चिम बंगाल के हावड़ा स्थित शिवपुर में कुछ स्थानों पर शोभायात्रा के दौरान हिंसा भड़की थी औऱ जमकर पथराव हुआ था। इस घटना की रिपोर्टिंग के लिए शुक्रवार को ‘टाइम्स नाउ नवभारत’ के स्पेशल करेसपॉन्डेंट कुंदन सिंह अपने कैमरामैन साथी पंकज गुप्ता के साथ वहां गए हुए थे।
समाचार4मीडिया के साथ बातचीत में कुंदन सिंह ने बताया कि वह अपने कैमरामैन साथी और कैब ड्राइवर के साथ हिंसा प्रभावित इलाके में शुक्रवार को कवरेज के लिए गए थे। रास्ते में काजीपुर इलाके में शिबपुर थाने के निकट कुछ उपद्रवियों ने उन्हें रोक लिया और कवरेज नहीं करने दी। इसी दौरान उपद्रवियों ने उनकी गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ कर दी।
कुंदन सिंह के अनुसार, इस दौरान वहां पर थोड़ा पुलिस बल भी मौजूद था, लेकिन उपद्रवियों के आगे उनकी नहीं चली। हमले के दौरान कुंदन सिंह और उनके साथी किसी तरह गाड़ी से निकले और थोड़ी दूर पर स्थित थाने में घुसकर किसी तरह जान बचाई। गाड़ी में तोड़फोड़ से कुंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। बाद में उपद्रवियों के जाने पर कुंदन सिंह और उनके साथी किसी तरह बाहर निकले और स्थानीय स्तर पर अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया। इसके बाद वे अपने साथी कैमरामैन के साथ दिल्ली लौट आए। यहां आकर उन्होंने अस्पताल में जांच व उपचार कराया। हालांकि, फिलहाल कुंदन सिंह की हालत खतरे से बाहर है और वह घर आ गए हैं। कुंदन सिंह ने बताया कि उनकी हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिन तक पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है।
बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने इस घटना से जुड़ा एक वीडियो अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है, जिसे आप यहां देख सकते हैं।
1.1 Democracy under attack in Paschim Banga
— Dilip Ghosh (@DilipGhoshBJP) March 31, 2023
A journalist of @TimesNow who was going to cover Ram Navami news was thrown out of the car and beaten and the car was vandalized. Although all these incidents happened in front of the police station, police were completely inactive. pic.twitter.com/NeZgHE1728
टैग्स टाइम्स नेटवर्क पत्रकार पर हमला पश्चिम बंगाल बंगाल कुंदन सिंह टाइम्स नाउ नवभारत