सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म्स को निर्देश दिया है कि वे हर फिल्म के साथ उसकी एक्सेसिबिलिटी की जानकारी वेबसाइट और ऐप पर दिखाएं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
अब ऑनलाइन फिल्म टिकट बुक करते समय दर्शकों को यह भी पता चल सकेगा कि जिस फिल्म को वे देखने जा रहे हैं, उसमें दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (MIB) ने सभी ऑनलाइन मूवी टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म और टिकट एग्रीगेटर्स को निर्देश दिया है कि वे हर फिल्म के साथ उसकी एक्सेसिबिलिटी (Accessibility) से जुड़ी जानकारी भी स्पष्ट रूप से दिखाएं।
मंत्रालय ने 9 जुलाई को इस संबंध में एडवाइजरी जारी की है। यह कदम दिल्ली हाई कोर्ट के 19 फरवरी के एक आदेश के बाद उठाया गया है। यह मामला दृष्टिबाधित अधिवक्ता राहुल बजाज द्वारा दायर याचिका के बाद सामने आया था।
दिल्ली हाई कोर्ट ने अपने आदेश में केंद्र सरकार, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से कहा था कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे दिव्यांगजन टिकट खरीदने से पहले ही जान सकें कि संबंधित फिल्म में उनके लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं। इसी आदेश के अनुपालन में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म्स से कहा है कि वे अपनी वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर ऐसा सिस्टम विकसित करें, जिससे हर फिल्म के साथ उसकी एक्सेसिबिलिटी संबंधी जानकारी आसानी से दिखाई दे।
नई व्यवस्था के तहत दर्शकों को टिकट बुक करने से पहले यह जानकारी मिलनी चाहिए कि फिल्म में ऑडियो डिस्क्रिप्शन (Audio Description), क्लोज्ड कैप्शन (Closed Captions), सेम लैंग्वेज कैप्शनिंग, इंडियन साइन लैंग्वेज (ISL) या दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाएं मौजूद हैं या नहीं।
अगर ये सुविधाएं सीधे सिनेमाघर में उपलब्ध नहीं हैं और किसी अलग ऐप या प्लेटफॉर्म के जरिए दी जा रही हैं, तो टिकट बुकिंग पेज पर उस ऐप या प्लेटफॉर्म का नाम भी स्पष्ट रूप से बताना होगा।
मंत्रालय ने सभी ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्म्स को इस व्यवस्था को सात दिनों के भीतर लागू करने के निर्देश दिए हैं। मंत्रालय का कहना है कि इससे दिव्यांगजन फिल्म देखने का फैसला पहले से बेहतर तरीके से कर सकेंगे और उन्हें टिकट बुक करते समय जरूरी जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
यह एडवाइजरी सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद जारी की गई है और इसकी एक प्रति आवश्यक कार्रवाई के लिए केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) को भी भेजी गई है।
माना जा रहा है कि इस पहल से देश में सिनेमा को और अधिक समावेशी (Inclusive) बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अब फिल्म की टाइमिंग और सीटों की उपलब्धता के साथ-साथ एक्सेसिबिलिटी से जुड़ी जानकारी भी दर्शकों के लिए आसानी से उपलब्ध होगी, जिससे खासकर दिव्यांगजन बिना किसी परेशानी के अपनी जरूरत के अनुसार फिल्म चुन सकेंगे।
श्वेता राय ने करीब तीन साल पहले ‘भारत 24’ को बाय बोलकर ‘विस्तार न्यूज’ जॉइन किया था। वह इस चैनल की फाउंडिंग टीम मेंबर हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ के प्रमुख न्यूज चैनल 'विस्तार न्यूज' (Vistaar News) ने टीवी पत्रकार श्वेता राय को प्रमोशन का तोहफा देते हुए एग्जिक्यूटिव एडिटर के पद पर नियुक्त किया है। श्वेता राय ने करीब तीन साल पहले ‘भारत 24’ को बाय बोलकर ‘विस्तार न्यूज’ जॉइन किया था। वह इस चैनल की फाउंडिंग टीम मेंबर हैं। ‘भारत 24’ से पहले वह ‘एबीपी न्यूज’ में बतौर प्रोड्यूसर कार्यरत थीं।
‘एबीपी न्यूज’ में अपने करीब सात साल के सफर में श्वेता ने 'भारत की बात', 'ऑटो राजा', 'दिल्ली का बॉस कौन' और 'जनता जिंदाबाद' जैसे सफल शो बनाए। इसके बाद उन्होंने रुबिका लियाकत के साथ ‘भारत 24’ चैनल में नई पारी की शुरुआत की।
‘भारत 24’ के बाद श्वेता राय ‘विस्तार न्यूज’ के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहीं। शुरुआत से ही श्वेता राय ने ‘विस्तार न्यूज’ के आउटपुट सेक्शन को लीड किया है। श्वेता राय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर काफी सक्रिय रहती हैं। समसामयिक घटनाओं पर उनके पोस्ट देशभर में शेयर किए जाते हैं।
समाचार4मीडिया की ओर से श्वेता राय को उनके प्रमोशन पर ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं।
गोदरेज एग्रोवेट (Godrej Agrovet) ने गौरव पांडे (Gaurav Pande) को Creamline Dairy Products Limited का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
एग्री-बिजनेस कंपनी गोदरेज एग्रोवेट (Godrej Agrovet) ने गौरव पांडे (Gaurav Pande) को क्रीमलाइन डेयरी प्रोडक्ट्स लिमिटेड (Creamline Dairy Products Limited) का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (Chief Executive Officer-CEO) नियुक्त किया है। कंपनी के अनुसार, वह संगठन के अगले विकास चरण का नेतृत्व करेंगे और बाजार में नेतृत्व मजबूत करने, बिजनेस ट्रांसफॉर्मेशन, नवाचार तथा प्रमुख बाजारों में ब्रांड विस्तार पर विशेष ध्यान देंगे।
नई जिम्मेदारी संभालने पर गौरव पांडे (Gaurav Pande) ने कहा कि ऐसे समय में क्रीमलाइन डेयरी प्रोडक्ट्स (Creamline Dairy Products Limited) से जुड़ना उनके लिए सम्मान की बात है, जब भारत का डेयरी क्षेत्र उपभोक्ताओं की बदलती पसंद, वैल्यू-एडेड उत्पादों की बढ़ती मांग और गुणवत्ता व पोषण पर बढ़ते फोकस के कारण तेजी से बदलाव के दौर से गुजर रहा है।
उन्होंने कहा कि गोदरेज जर्सी (Godrej Jersey) ब्रांड ने उपभोक्ताओं के बीच भरोसे की मजबूत नींव बनाई है। साथ ही कंपनी का एकीकृत डेयरी इकोसिस्टम (Integrated Dairy Ecosystem) उपभोक्ताओं के साथ-साथ डेयरी किसानों के जीवन पर भी सकारात्मक प्रभाव डाल रहा है।
गौरव पांडे (Gaurav Pande) ने कहा कि वह कंपनी की अनुभवी टीम के साथ मिलकर नवाचार को गति देने, उपभोक्ताओं के अनुभव को बेहतर बनाने, नए बाजारों में विस्तार करने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप डेयरी कारोबार विकसित करने की दिशा में काम करेंगे, ताकि सभी हितधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य का सृजन किया जा सके।
ब्रॉडबैंड और केबल टीवी सेवा देने वाली कंपनी GTPL Hathway Limited के मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) सौरव बनर्जी 30 सितंबर 2026 को अपने पद से रिटायर हो जाएंगे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
ब्रॉडबैंड और केबल टीवी सेवा देने वाली कंपनी GTPL Hathway Limited के मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) सौरव बनर्जी 30 सितंबर 2026 को अपने पद से रिटायर हो जाएंगे।
GTPL Hathway ने 15 जुलाई 2026 को स्टॉक एक्सचेंज को भेजी सूचना में बताया कि सौरव बनर्जी, जो कंपनी के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (Chief Financial Officer) और प्रमुख प्रबंधकीय कर्मी (Key Managerial Personnel) हैं, सेवानिवृत्ति (Superannuation) की आयु पूरी करने के बाद 30 सितंबर 2026 को कारोबार समाप्त होने के साथ अपने पद से कार्यमुक्त हो जाएंगे।
सौरव बनर्जी ने नवंबर 2023 में GTPL Hathway के CFO के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पहले वह KEAN Construction में ग्रुप CFO के पद पर कार्यरत थे।
चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) सौरव बनर्जी के पास 35 साल से अधिक का अनुभव है। उन्होंने लग्जरी रिटेल, जेम्स एंड ज्वेलरी, लॉजिस्टिक्स, इंफ्रास्ट्रक्चर, मीडिया एवं एंटरटेनमेंट और फार्मा जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है।
वे अपने करियर में कई बड़ी कंपनियों में अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। इनमें GSK Pharmaceuticals, The Times of India Group, Gati Ltd, Rosy Blue India और Tribhovandas Bhimji Zaveri (TBZ) जैसी कंपनियां शामिल हैं। इनमें से Gati, Rosy Blue India और TBZ में भी उन्होंने CFO के रूप में काम किया।
सौरव बनर्जी को रणनीतिक योजना, फंड जुटाने, निवेशक संबंध (Investor Relations), जोखिम प्रबंधन, बोर्ड और ऑडिट समिति के साथ काम करने, वित्तीय नियंत्रण, कैश फ्लो मैनेजमेंट और बिजनेस विस्तार जैसे क्षेत्रों का व्यापक अनुभव है।
अपने पेशेवर विचारों में वह मानते हैं कि CFO की भूमिका केवल वित्त और अकाउंट्स तक सीमित नहीं होती, बल्कि संगठन के समग्र नेतृत्व और विकास में भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है।
फिलहाल GTPL Hathway ने उनके उत्तराधिकारी (Successor) के नाम की घोषणा नहीं की है। कंपनी से उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में नए CFO की नियुक्ति को लेकर अलग से जानकारी साझा की जाएगी।
मीडिया जगत के प्रतिष्ठित कार्यक्रम 'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' में इस बार देश के वरिष्ठ पत्रकार और जाने-माने न्यूज एंकर सुधीर चौधरी प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया जगत के प्रतिष्ठित कार्यक्रम 'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' में इस बार देश के वरिष्ठ पत्रकार और जाने-माने न्यूज एंकर सुधीर चौधरी प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर वह युवा पत्रकारों को संबोधित करेंगे और पत्रकारिता के अपने तीन दशक से अधिक लंबे अनुभव के आधार पर सफलता के मूल मंत्र साझा करेंगे।
एक्सचेंज4मीडिया समूह की हिंदी वेबसाइट समाचार4मीडिया की ओर से आयोजित यह प्रतिष्ठित सम्मान समारोह 28 जुलाई को नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (IIC) में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं।
'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' देश के उन युवा पत्रकारों को सम्मानित करने का एक प्रमुख मंच है, जिन्होंने अपनी मेहनत, प्रतिभा और उत्कृष्ट कार्य के दम पर पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस अवसर पर देशभर से चयनित 40 प्रतिभाशाली युवा पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा।
इस वर्ष समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण वरिष्ठ पत्रकार सुधीर चौधरी का विशेष संबोधन होगा। भारतीय टेलीविजन पत्रकारिता के सबसे चर्चित और प्रभावशाली चेहरों में शामिल सुधीर चौधरी अपने अनुभवों के जरिए युवा पत्रकारों को बदलते मीडिया परिदृश्य, निष्पक्ष पत्रकारिता, नेतृत्व, डिजिटल मीडिया की चुनौतियों और प्रोफेशनल ग्रोथ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। उनका संबोधन युवा पत्रकारों के लिए प्रेरणादायक होने के साथ-साथ उनके करियर को नई दिशा देने वाला भी होगा।
सुधीर चौधरी भारतीय टीवी पत्रकारिता का एक जाना-माना नाम हैं। तीन दशक से अधिक लंबे करियर में उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग, चुनावी कवरेज, बड़े राजनीतिक इंटरव्यू और प्राइम टाइम एंकरिंग के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई है। हाल ही में उन्होंने डीडी न्यूज में कंसल्टिंग एडिटर के रूप में नई पारी शुरू की है। इसके अलावा उनका प्राइम टाइम शो 'Decode with Sudhir Chaudhary' भी दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हुआ है।
पत्रकारिता में उनकी स्पष्ट प्रस्तुति, गहन विश्लेषण और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग ने उन्हें देश के सबसे विश्वसनीय पत्रकारों में शामिल किया है। यही वजह है कि आज भी लाखों दर्शक उनके कार्यक्रमों को नियमित रूप से देखते हैं और युवा पत्रकार उन्हें अपनी प्रेरणा मानते हैं।
युवा पत्रकारों के लिए खास मंच
'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' ऐसा मंच है, जो 40 वर्ष से कम उम्र के उन पत्रकारों को पहचान और सम्मान देता है, जिन्होंने अपने काम से मीडिया जगत में नई मिसाल कायम की है। यह मंच युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें देश के वरिष्ठ मीडिया पेशेवरों से सीखने और संवाद का अवसर भी प्रदान करता है।
ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
अगर आप भी इस प्रतिष्ठित आयोजन का हिस्सा बनना चाहते हैं या इसके बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए लिंक के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
https://e4mevents.com/hindi-patrakarita-40-under-40-2024/delegate-registration
TDSAT ने सृष्टि टेलीविजन प्राइवेट लिमिटेड को बड़ा झटका देते हुए मल्टी सिस्टम ऑपरेटर (MSO) हैथवे डिजिटल लिमिटेड को 21.75 लाख रुपये का बकाया भुगतान करने का आदेश दिया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
दूरसंचार विवाद निपटान एवं अपीलीय अधिकरण (TDSAT) ने कोलकाता की ब्रॉडकास्टिंग कंपनी सृष्टि टेलीविजन प्राइवेट लिमिटेड को बड़ा झटका देते हुए मल्टी सिस्टम ऑपरेटर (MSO) हैथवे डिजिटल लिमिटेड को 21.75 लाख रुपये का बकाया भुगतान करने का आदेश दिया है। ट्रिब्यूनल ने यह भी कहा कि इस रकम पर 9 फीसदी सालाना साधारण ब्याज भी देना होगा। कंपनी को यह भुगतान दो महीने के भीतर करना होगा।
लिखित समझौता खत्म होने के बाद भी जारी रहा कारोबार
TDSAT ने अपने 8 जुलाई के आदेश में कहा कि सिर्फ इसलिए कोई व्यावसायिक संबंध खत्म नहीं माना जा सकता क्योंकि लिखित समझौते की अवधि समाप्त हो गई हो। यदि दोनों पक्ष पहले की तरह सेवाएं देते और लेते रहे हैं, तो उसे भी वैध व्यावसायिक व्यवस्था माना जाएगा।
क्या था पूरा मामला?
यह विवाद 8 फरवरी 2019 को हुए एक समझौते (MoU) से जुड़ा है। इसके तहत हैथवे ने पश्चिम बंगाल में अपने केबल नेटवर्क पर 'सृष्टि टीवी' चैनल को प्रमोट और प्लेस करने की जिम्मेदारी ली थी।
समझौते के अनुसार, सृष्टि टेलीविजन को हर साल 28.80 लाख रुपये (टैक्स अलग) प्लेसमेंट शुल्क देना था। यह समझौता 1 फरवरी 2019 से 31 जनवरी 2020 तक के लिए था।
हैथवे का कहना था कि जनवरी 2020 में समझौता खत्म होने के बाद कोविड-19 महामारी के कारण सृष्टि टेलीविजन ने मौखिक रूप से सेवाएं जारी रखने का अनुरोध किया। इसके बाद भी हैथवे चैनल का प्रसारण और प्रमोशन करता रहा तथा नियमित रूप से बिल और भुगतान की याद दिलाने वाले ईमेल भेजता रहा।
हैथवे के मुताबिक, सृष्टि टेलीविजन ने कुछ भुगतान तो किए, लेकिन पूरी रकम नहीं चुकाई। कई बार याद दिलाने के बावजूद बकाया नहीं मिलने पर जुलाई 2020 में कानूनी नोटिस भेजा गया और बाद में 12 अगस्त 2020 को चैनल का प्रसारण बंद कर दिया गया।
सृष्टि टेलीविजन ने क्या कहा?
सृष्टि टेलीविजन ने माना कि जनवरी 2020 तक की अवधि का करीब 4.91 लाख रुपये बकाया था। हालांकि कंपनी का कहना था कि उसके बाद कोई नया लिखित समझौता नहीं हुआ, इसलिए अतिरिक्त प्लेसमेंट शुल्क देने की जिम्मेदारी उस पर नहीं बनती।
कंपनी ने यह भी दलील दी कि कोविड-19 के कारण भुगतान में देरी हुई और हैथवे की ओर से भेजे गए बिल या ईमेल अपने आप किसी पुराने समझौते को आगे नहीं बढ़ा सकते।
TDSAT ने क्यों दिया हैथवे के पक्ष में फैसला?
ट्रिब्यूनल ने दोनों पक्षों के दस्तावेज, ईमेल, बिल और गवाहों के बयान देखने के बाद पाया कि हैथवे लगातार सेवाएं देता रहा और सृष्टि टेलीविजन उन सेवाओं का लाभ भी उठाता रहा।
न्यायमूर्ति राम कृष्ण गौतम ने कहा कि सृष्टि टेलीविजन हैथवे के दावों का कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर सका। उसने हैथवे के गवाह से जिरह भी नहीं की और कई ईमेल का जवाब भी नहीं दिया।
ट्रिब्यूनल ने साफ कहा कि मौखिक सहमति और दोनों पक्षों के व्यवहार से भी यह साबित हो सकता है कि कारोबारी संबंध जारी थे। ऐसे मामलों में केवल लिखित अनुबंध ही अंतिम आधार नहीं होता।
ब्याज की दर घटाई
हैथवे ने बकाया रकम पर 24 फीसदी सालाना ब्याज की मांग की थी, लेकिन TDSAT ने कोविड-19 के दौर और अपने पुराने फैसलों को ध्यान में रखते हुए इसे घटाकर 9 फीसदी सालाना साधारण ब्याज कर दिया।
इंडस्ट्री के लिए क्या है संदेश?
इस फैसले को ब्रॉडकास्टिंग और केबल डिस्ट्रीब्यूशन इंडस्ट्री के लिए अहम माना जा रहा है। ट्रिब्यूनल ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी समझौते की अवधि खत्म होने के बाद भी सेवाएं पहले की तरह जारी रहती हैं और दोनों पक्ष उनका लाभ उठाते हैं, तो भुगतान की जिम्मेदारी बनी रहती है।
साथ ही, यह फैसला ब्रॉडकास्टर्स और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों के लिए भी एक सीख है कि किसी भी सेवा को आगे बढ़ाने के लिए समय रहते लिखित समझौते का नवीनीकरण कर लेना बेहतर होता है, ताकि भविष्य में इस तरह के कानूनी विवादों से बचा जा सके।
भारतीय मीडिया जगत के सबसे प्रभावशाली चेहरों में शामिल उदय शंकर आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
भारतीय मीडिया जगत के सबसे प्रभावशाली चेहरों में शामिल उदय शंकर आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। 16 सितंबर 1961 को जन्मे उदय शंकर ने पत्रकारिता से अपने करियर की शुरुआत की थी और आज वह देश की सबसे बड़ी मीडिया कंपनी JioStar के वाइस चेयरमैन हैं। तीन दशक से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने भारतीय न्यूज टीवी, मनोरंजन, खेल प्रसारण और डिजिटल स्ट्रीमिंग की दिशा बदलने में अहम भूमिका निभाई है।
पटना से शुरू हुआ सफर
उदय शंकर की शुरुआती पढ़ाई-लिखाई बिहार के पटना में हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से इतिहास में एमए और फिर एम.फिल. की पढ़ाई पूरी की। वह कई बार कह चुके हैं कि JNU ने उन्हें दुनिया को अलग नजरिए से देखना सिखाया, जिसका असर उनके पूरे करियर में दिखाई दिया।
पत्रकारिता से बनाई पहचान
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत द टाइम्स ऑफ इंडिया में पटना से राजनीतिक संवाददाता के रूप में की। इसके बाद वह जी, SAB TV, होम टीवी, सहारा समय और स्टार न्यूज जैसे संस्थानों से जुड़े।
उदय शंकर उन लोगों में शामिल रहे जिन्होंने भारत के पहले 24 घंटे के हिंदी न्यूज चैनल आज तक की लॉन्चिंग टीम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीवी न्यूज में 'ब्रेकिंग न्यूज' की संस्कृति को लोकप्रिय बनाने का श्रेय भी उन्हें दिया जाता है।
स्टार इंडिया को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया
बाद में Star India के सीईओ के रूप में उन्होंने कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनके नेतृत्व में क्षेत्रीय कंटेंट, सामाजिक सरोकार वाले कार्यक्रम और खेल प्रसारण पर खास फोकस किया गया, जिससे नेटवर्क की पहुंच 70 करोड़ से ज्यादा दर्शकों तक पहुंच गई।
उनके सबसे बड़े फैसलों में से एक था आईपीएल के प्रसारण और डिजिटल अधिकार 16,347 करोड़ रुपये में खरीदना। उस समय इस फैसले पर सवाल उठे थे, लेकिन बाद में यही कदम भारतीय क्रिकेट और स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग के इतिहास का सबसे सफल निवेश साबित हुआ।
Hotstar और OTT क्रांति के सूत्रधार
उदय शंकर के नेतृत्व में Hotstar लॉन्च किया गया, जिसने भारत में OTT प्लेटफॉर्म की नई शुरुआत की। 2019 में Disney द्वारा 21st Century Fox के अधिग्रहण के बाद वह The Walt Disney Company Asia Pacific के प्रेसिडेंट और Star & Disney India के चेयरमैन बने।
साल 2020 में उन्होंने Disney+ Hotstar की शुरुआत कराई, जो लॉन्च के समय ही देश का सबसे बड़ा स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म बन गया। बाद में इसकी शुरुआत इंडोनेशिया समेत एशिया-प्रशांत के कई देशों में भी हुई।
Bodhi Tree से JioStar तक
अक्टूबर 2020 में उन्होंने डिज्नी छोड़कर नया सफर शुरू किया। 2021 में उन्होंने जेम्स मर्डोक के साथ मिलकर Bodhi Tree Systems की स्थापना की। इस कंपनी ने 2022 में Viacom18 में बड़ा निवेश किया, जिससे JioCinema को तेजी से विस्तार मिला।
फरवरी 2024 में रिलायंस इंडस्ट्रीज और द वॉल्ट डिज्नी कंपनी ने Viacom18 और Star India के विलय का ऐलान किया। इस संयुक्त कंपनी JioStar की चेयरपर्सन नीता अंबानी बनीं, जबकि उदय शंकर को वाइस चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
आज संभाल रहे हैं सबसे बड़ी जिम्मेदारी
वर्तमान में उदय शंकर JioStar के टीवी, स्ट्रीमिंग, स्पोर्ट्स और ब्रॉडकास्ट कारोबार की रणनीति तैयार कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में JioHotstar दुनिया के प्रमुख स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स में अपनी जगह बना चुका है। मई 2025 में उन्होंने घोषणा की थी कि JioStar अगले तीन वर्षों में कंटेंट पर 10 अरब डॉलर (करीब 83 हजार करोड़ रुपये) का निवेश करेगा।
मीडिया नीति में भी निभाई अहम भूमिका
उदय शंकर केवल एक सफल मीडिया एग्जिक्यूटिव ही नहीं, बल्कि मीडिया नीति से जुड़े महत्वपूर्ण चेहरों में भी रहे हैं। वह इंडियन ब्रॉडकास्टिंग फाउंडेशन (IBF) के अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा वह FICCI के भी अध्यक्ष रहे, जहां इस पद तक पहुंचने वाले वह मीडिया इंडस्ट्री के चुनिंदा नेताओं में शामिल हैं।
वह Kotak Mahindra Bank, GE Shipping समेत कई बड़ी कंपनियों के बोर्ड में भी शामिल हैं। हाल ही में उन्हें US-India Strategic Partnership Forum के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में भी जगह मिली है।
कई बड़े सम्मान से नवाजे गए
उदय शंकर को 2015 में Forbes India Leadership Award से सम्मानित किया गया। वहीं India Today ने 2019 में उन्हें देश के 50 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में शामिल किया था। वह इस सूची में जगह बनाने वाले इकलौते मीडिया एग्जिक्यूटिव थे। इसके अलावा उन्हें Impact Person of the Decade सम्मान भी मिल चुका है।
भारतीय मीडिया जगत में उदय शंकर को उन चुनिंदा नेताओं में गिना जाता है, जिन्होंने समय के साथ सिर्फ बदलाव नहीं देखा, बल्कि अपनी दूरदर्शिता और फैसलों से मीडिया इंडस्ट्री की दिशा भी तय की। उनके जन्मदिन पर मीडिया जगत के कई लोग उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।
मीडिया जगत के प्रतिष्ठित कार्यक्रम 'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' में इस बार जी न्यूज के मैनेजिंग एडिटर राहुल सिन्हा प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया जगत के प्रतिष्ठित कार्यक्रम 'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' में इस बार जी न्यूज के मैनेजिंग एडिटर राहुल सिन्हा प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर वह युवा पत्रकारों को संबोधित करेंगे और पत्रकारिता के अपने 26 वर्षों से अधिक के अनुभव के आधार पर सफलता के मूल मंत्र साझा करेंगे।
एक्सचेंज4मीडिया समूह की हिंदी वेबसाइट समाचार4मीडिया की ओर से आयोजित यह प्रतिष्ठित सम्मान समारोह 28 जुलाई 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (IIC) में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं।
'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' देश के उन युवा पत्रकारों को सम्मानित करने का एक प्रमुख मंच है, जिन्होंने अपनी मेहनत, प्रतिभा और बेहतरीन काम के दम पर पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस अवसर पर देशभर से चयनित 40 प्रतिभाशाली युवा पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा।
इस वर्ष कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण राहुल सिन्हा का विशेष संबोधन होगा। पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले राहुल सिन्हा बदलते मीडिया परिदृश्य, न्यूज़रूम की चुनौतियों, नेतृत्व और डिजिटल दौर में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर अपने विचार साझा करेंगे। उनका संबोधन युवा पत्रकारों के लिए प्रेरणादायक होने के साथ-साथ उनके करियर को नई दिशा देने वाला भी होगा।
राहुल सिन्हा वर्तमान में जी न्यूज में मैनेजिंग एडिटर की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इससे पहले वह टीवी9 भारतवर्ष में इनपुट एडिटर के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने अगस्त 2020 में जी न्यूज में अपनी 18 वर्षों की लंबी पारी के बाद टीवी9 भारतवर्ष का रुख किया था। बाद में उन्होंने एक बार फिर जी न्यूज में वापसी की और अब चैनल के मैनेजिंग एडिटर के रूप में नेतृत्व कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के रहने वाले राहुल सिन्हा ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत 'वीर अर्जुन' अखबार से की थी। इसके बाद उन्होंने टीवी पत्रकारिता की ओर कदम बढ़ाया और जैन टीवी, सहारा समय, जी न्यूज और टीवी9 भारतवर्ष जैसे प्रमुख मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। अपने लंबे करियर में उन्होंने कई बड़े राष्ट्रीय और राजनीतिक घटनाक्रमों की रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है।
युवा पत्रकारों के लिए खास मंच
'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' ऐसा मंच है, जो 40 वर्ष से कम उम्र के उन पत्रकारों को पहचान और सम्मान देता है, जिन्होंने अपने काम से मीडिया जगत में नई मिसाल कायम की है। यह मंच युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें देश के वरिष्ठ मीडिया पेशेवरों से सीखने और संवाद का अवसर भी प्रदान करता है।
ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
अगर आप भी इस प्रतिष्ठित आयोजन का हिस्सा बनना चाहते हैं या इसके बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए लिंक के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
https://e4mevents.com/hindi-patrakarita-40-under-40-2024/delegate-registration
'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' में इस बार 'BW बिजनेसवर्ल्ड' के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ और एक्सचेंज4मीडिया ग्रुप के फाउंडर डॉ. अनुराग बत्रा प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया जगत के प्रतिष्ठित कार्यक्रम 'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' में इस बार 'BW बिजनेसवर्ल्ड' (BW Businessworld) के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ और एक्सचेंज4मीडिया ग्रुप के फाउंडर डॉ. अनुराग बत्रा प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर वह युवा पत्रकारों को संबोधित करेंगे और मीडिया इंडस्ट्री में सफलता के मूल मंत्र साझा करेंगे।
एक्सचेंज4मीडिया समूह की हिंदी वेबसाइट समाचार4मीडिया की ओर से आयोजित यह प्रतिष्ठित सम्मान समारोह 28 जुलाई को नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (IIC) में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं।
'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' देश के उन युवा पत्रकारों को सम्मानित करने का एक प्रमुख मंच है, जिन्होंने अपनी मेहनत, प्रतिभा और उत्कृष्ट कार्य के दम पर पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस अवसर पर देशभर से चयनित 40 प्रतिभाशाली युवा पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा।
इस वर्ष समारोह का प्रमुख आकर्षण मुख्य अतिथि डॉ. अनुराग बत्रा का विशेष संबोधन होगा। मीडिया, मार्केटिंग और बिजनेस जगत में करीब 26 वर्षों का अनुभव रखने वाले डॉ. बत्रा युवा पत्रकारों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे। वह बदलते मीडिया परिदृश्य, नेतृत्व, नवाचार और प्रोफेशनल ग्रोथ जैसे विषयों पर बात करते हुए सफलता के मूल मंत्र देंगे। उनका संबोधन युवा पत्रकारों के लिए प्रेरणादायक होने के साथ-साथ उनके करियर को नई दिशा देने वाला भी होगा।
डॉ. अनुराग बत्रा देश के प्रमुख मीडिया उद्यमियों में गिने जाते हैं। उन्होंने करीब 26 वर्ष पहले एक्सचेंज4मीडिया की स्थापना की थी, जो आज देश के सबसे प्रभावशाली मीडिया इंडस्ट्री प्लेटफॉर्म्स में शामिल है। उनके नेतृत्व में exchange4media.com, samachar4media.com, IMPACT और Pitch जैसे प्रमुख मीडिया ब्रैंड्स स्थापित हुए। इसके अलावा उन्होंने मीडिया, विज्ञापन, मार्केटिंग, कम्युनिकेशन और क्रिएटर इकोनॉमी से जुड़े 50 से अधिक बड़े इंडस्ट्री फोरम और अवॉर्ड्स की शुरुआत की।
हाल ही में डॉ. अनुराग बत्रा को मीडिया, मार्केटिंग, इवेंट्स और एक्सपीरिएंशियल इकोसिस्टम में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए 'स्पेशल कंट्रीब्यूशन टू द इवेंट इंडस्ट्री अवॉर्ड' से भी सम्मानित किया गया है।
युवा पत्रकारों के लिए खास मंच
'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40' ऐसा मंच है, जो 40 वर्ष से कम उम्र के उन पत्रकारों को पहचान और सम्मान देता है, जिन्होंने अपने काम से मीडिया जगत में नई मिसाल कायम की है। यह मंच युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें देश के वरिष्ठ मीडिया पेशेवरों से सीखने और संवाद का अवसर भी प्रदान करता है।
ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
अगर आप भी इस प्रतिष्ठित आयोजन का हिस्सा बनना चाहते हैं या इसके बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए लिंक के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
https://e4mevents.com/hindi-patrakarita-40-under-40-2024/delegate-registration
जियोस्टार (JioHotstar) ने अपने CTV (Connected TV) और OTT प्लेटफॉर्म पर विज्ञापनों को और स्मार्ट बनाने के लिए एडटेक कंपनी VDO.AI के साथ साझेदारी की है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
जियोस्टार (JioHotstar) ने अपने CTV (Connected TV) और OTT प्लेटफॉर्म पर विज्ञापनों को और स्मार्ट बनाने के लिए एडटेक कंपनी VDO.AI के साथ साझेदारी की है। इस सहयोग के तहत अब ब्रैंड्स रियल-टाइम डेटा के आधार पर अपने विज्ञापन बदल सकेंगे। यानी मौसम, एयर क्वालिटी (AQI), लाइव स्पोर्ट्स स्कोर, लोकेशन और अन्य परिस्थितियों के अनुसार विज्ञापन अपने-आप अपडेट होंगे।
इस साझेदारी के तहत VDO.AI की Dynamic Creative Optimisation (DCO) तकनीक को JioHotstar के स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। इससे विज्ञापनदाता एक ही कैंपेन के दौरान अलग-अलग दर्शकों को उनकी स्थिति और समय के हिसाब से अलग-अलग विज्ञापन दिखा सकेंगे।
नई तकनीक में मौसम, AQI, लाइव स्पोर्ट्स स्कोर, न्यूज अपडेट, जियो-लोकेशन और काउंटडाउन जैसे कई API का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे विज्ञापन वास्तविक परिस्थितियों के अनुसार तुरंत बदल सकेंगे और दर्शकों के लिए ज्यादा प्रासंगिक बनेंगे।
JioStar के हेड ऑफ एंटरटेनमेंट सेल्स (डिजिटल) भास्कर रमेश ने कहा कि सबसे असरदार विज्ञापन वही होते हैं, जो उपभोक्ताओं के रियल-टाइम अनुभवों से जुड़ते हैं। चाहे अचानक मौसम बदल जाए, कोई रोमांचक खेल चल रहा हो या कोई बड़ा सांस्कृतिक आयोजन हो, ऐसे समय में सही संदेश दर्शकों पर ज्यादा प्रभाव डालता है।
उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे स्ट्रीमिंग दर्शकों की संख्या बढ़ रही है और उनकी उम्मीदें बदल रही हैं, वैसे-वैसे ब्रैंड्स को पारंपरिक विज्ञापनों से आगे बढ़कर ज्यादा स्मार्ट और इंटरैक्टिव तरीके अपनाने की जरूरत है। VDO.AI के साथ यह साझेदारी उसी दिशा में एक अहम कदम है।
VDO.AI के को-फाउंडर अर्जित सचदेवा ने कहा कि अब तक स्ट्रीमिंग इंडस्ट्री में सबसे ज्यादा बदलाव कंटेंट और डिस्ट्रीब्यूशन में हुए हैं, लेकिन विज्ञापन का अनुभव काफी हद तक पहले जैसा ही था। उनका कहना है कि JioHotstar के साथ मिलकर अब ऐसा सिस्टम तैयार किया गया है, जिसमें विज्ञापन रियल-टाइम परिस्थितियों के अनुसार खुद को बदल सकेंगे और दर्शकों के लिए ज्यादा उपयोगी बनेंगे।
कंपनियों के मुताबिक, इस तकनीक का इस्तेमाल कई बड़े ब्रैंड पहले ही कर चुके हैं। इनमें Maruti Suzuki, AJIO, Flipkart, Urban Company, HP Smart Champs और Swiggy Instamart जैसे नाम शामिल हैं। किसी ने लॉन्च काउंटडाउन वाले विज्ञापन चलाए, तो किसी ने स्पोर्ट्स इवेंट, मौसम या QR कोड आधारित विज्ञापनों का इस्तेमाल किया।
कंपनियों का दावा है कि इन कैंपेंस से ब्रैंड अवेयरनेस करीब 2.5 गुना, मैसेज रिकॉल दो गुना और खरीदारी की इच्छा लगभग तीन गुना तक बढ़ी।
JioHotstar का मानना है कि यह साझेदारी ब्रैंड्स को ज्यादा प्रभावी और परिणाम देने वाले विज्ञापन अभियान चलाने में मदद करेगी। साथ ही, कंपनी को अपने प्रीमियम CTV और OTT विज्ञापन इन्वेंट्री से बेहतर कमाई करने का भी मौका मिलेगा।
बोधि ट्री मल्टीमीडिया लिमिटेड (Bodhi Tree Multimedia Ltd.) ने त्रिपुरा सरकार के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता (MoU) किया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
बोधि ट्री मल्टीमीडिया लिमिटेड (Bodhi Tree Multimedia Ltd.) ने त्रिपुरा सरकार के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता (MoU) किया है। इस साझेदारी का उद्देश्य राज्य में डिजिटल मीडिया, क्रिएटर इकोनॉमी और तकनीक आधारित जनसंपर्क (पब्लिक एंगेजमेंट) को बढ़ावा देना है।
इस समझौते के तहत बोधि ट्री मल्टीमीडिया और त्रिपुरा सरकार मिलकर राज्य में एक मजबूत डिजिटल मीडिया इकोसिस्टम विकसित करेंगे। इसके लिए मीडिया इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल सेवाओं और तकनीक आधारित नागरिक सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।
साझेदारी के तहत डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म, क्रिएटर इकोसिस्टम, डिजिटल मार्केटिंग क्षमताओं और मीडिया इंटेलिजेंस सॉल्यूशंस पर काम किया जाएगा। दोनों पक्षों का मानना है कि इससे कंटेंट क्रिएटर्स को नए अवसर मिलेंगे, डिजिटल पब्लिक सर्विसेज मजबूत होंगी और राज्य के मीडिया व टेक्नोलॉजी सेक्टर में नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।
इस पहल का एक प्रमुख उद्देश्य स्थानीय कंटेंट क्रिएटर्स, मीडिया प्रोफेशनल्स और टेक्नोलॉजी से जुड़े युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करना भी है। कंटेंट क्रिएशन, डिजिटल इनोवेशन और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों के जरिए राज्य की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
इस साझेदारी पर बोधि ट्री मल्टीमीडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ मौतिक टोलिया ने कहा कि आज का डिजिटल बदलाव सिर्फ तकनीक तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसा इकोसिस्टम तैयार करना है जो क्रिएटर्स को सशक्त बनाए, नवाचार को बढ़ावा दे और नागरिकों की भागीदारी को मजबूत करे। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा सरकार के साथ मिलकर कंपनी डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, क्रिएटर इकोनॉमी को बढ़ावा देने और राज्य के लोगों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजित करने की दिशा में काम करेगी।
कंपनी के अनुसार, यह समझौता उसकी उस रणनीति का हिस्सा है जिसके तहत वह कंटेंट प्रोडक्शन से आगे बढ़कर टेक्नोलॉजी आधारित डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और मीडिया सेवाओं के क्षेत्र में अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहती है। कंपनी का यह भी मानना है कि यह मॉडल भविष्य में अन्य राज्यों के साथ इस तरह की साझेदारियों के लिए भी एक उदाहरण बन सकता है।