होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘आईटीवी नेटवर्क’ में चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर बने अभय ओझा
‘आईटीवी नेटवर्क’ में चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर बने अभय ओझा
अभय ओझा इससे पहले ‘जी मीडिया कॉरपोरेशन लिमिटेड’ (ZMCL) में चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO) के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 year ago
देश के प्रमुख मीडिया नेटवर्क्स में शुमार ‘आईटीवी नेटवर्क’ (iTV Network) ने अभय ओझा को चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (टीवी, प्रिंट, डिजिटल और स्पोर्ट्स लीग बिजनेस) के पद पर नियुक्त किया है।
अभय ओझा इससे पहले ‘जी मीडिया कॉरपोरेशन लिमिटेड’ (ZMCL) में चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे, जहां से उन्होंने कुछ समय पहले इस्तीफा दे दिया था।
अभय ओझा को मीडिया, एफएमसीजी और ई-कॉमर्स इंडस्ट्री में काम करने का 25 साल से ज्यादा का अनुभव है। उन्हें कमजोर प्रदर्शन करने वाली व्यावसायिक इकाइयों को सफलतापूर्वक पुनर्जीवित करने और अभूतपूर्व वृद्धि प्रदान करने का काफी अनुभव है। व्यवसाय प्रबंधन, डिजिटल परिवर्तन, निवेश, नए व्यवसाय अधिग्रहण और स्टार्टअप्स में उन्हें महारत हासिल है।
‘जी मीडिया’ के सीईओ के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान अभय ओझा के नेतृत्व में कंपनी ने उल्लेखनीय राजस्व और डिजिटल वृद्धि हासिल की। उन्होंने सभी लीडर्स के साथ मिलकर एक प्रदर्शन-उन्मुख संस्कृति को प्रोत्साहित किया और संपादकीय टीम के साथ समन्वय स्थापित कर बेहतर परिणाम प्राप्त किए। अपनी गतिशील और एंटरप्रिन्योर कार्यशैली के लिए प्रसिद्ध अभय को डिजिटल परिदृश्य की गहरी समझ है।
‘आईटीवी’ से पहले अभय ओझा ज़ी मीडिया, स्टार इंडिया, ज़ी एंटरटेनमेंट, टर्नर और हिंदुस्तान यूनिलीवर जैसी जानी-मानी कंपनियों से जुड़े रहे हैं। ‘देवी अहिल्याबाई कॉलेज, इंदौर से साइंस ग्रेजुएट अभय ओझा ने ‘इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी’ से एमबीए (मार्केटिंग) की पढ़ाई की है।
इस नियुक्ति के बारे में आईटीवी फाउंडेशन की चेयरपर्सन ऐश्वर्या पंडित ने कहा, ‘हम अभय ओझा का टीवी, प्रिंट, डिजिटल और स्पोर्ट्स लीग बिजनेस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में स्वागत करते हुए बेहद उत्साहित हैं। उनकी असाधारण नेतृत्व क्षमता, व्यावसायिक सूझबूझ और नवाचार के प्रति जुनून उन्हें हमारे संगठन की वृद्धि और सफलता को आगे बढ़ाने के लिए आदर्श बनाता है। हमारे सामने विकास की कई महत्वपूर्ण संभावनाएं हैं, जिनमें यह देखना भी शामिल है कि कैसे तकनीक और क्लाइंट्स अनुभव नए समाधान प्रदान कर सकते हैं और हमारे दर्शकों को अधिक लाभ पहुंचा सकते हैं। अभय एक उत्कृष्ट इंडस्ट्री लीडर हैं, जो हमारी मिशन-प्रेरित संस्कृति के अनुरूप हैं, जिससे वे इस भूमिका के लिए एक आदर्श चयन हैं।’
वहीं अभय ओझा का कहना है, ‘आईटीवी नेटवर्क से जुड़ना मेरे लिए सम्मान की बात है, यह एक ऐसा संस्थान है जिसे मैं लंबे समय से सराहता और सम्मान करता रहा हूं। मैं आईटीवी नेटवर्क की स्पष्ट दृष्टि और उद्देश्य की निरंतरता से प्रभावित हूं और इस उत्कृष्ट लीडरशिप टीम के साथ मिलकर कंपनी को भविष्य की दिशा में आगे ले जाने को लेकर बेहद उत्साहित हूं।’
टैग्स