होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ब्लैकमेलिंग के आरोप में डिजिटल चैनल का मालिक गिरफ्तार
ब्लैकमेलिंग के आरोप में डिजिटल चैनल का मालिक गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने स्टिंग ऑपरेशन कर ठगी करने वाले एक कथित डिजिटल चैनल के मालिक को गिरफ्तार किया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
दिल्ली पुलिस ने स्टिंग ऑपरेशन कर ठगी करने वाले एक कथित डिजिटल चैनल के मालिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम एके चौधरी उर्फ अफसर अली बताया जा रहा है, जो यूट्यूब पोर्टल पर एक न्यूज चैनल चलाते हैं।
एके चौधरी पर आरोप है कि वह अपने साथी के साथ मिलकर पॅाश ग्रेटर कैलाश इलाके में रहने वाले एक वकील से पांच करोड़ रुपए मांग रहे थे। उन्होंने वकील का स्टिंग ऑपरेशन कर लिया था। पुलिस उसके फरार दो साथी अंबर जेटली और मोबिन खान की तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया और पांच दिन के रिमांड पर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी एके चौधरी पर पहले भी तीन अपराधों में शामिल रहने की बात सामने आई है, जिसमें वाहन चोरी और धोखाधड़ी शामिल है। 2010 और 2015 के बीच दिल्ली और उत्तर प्रदेश में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, जिसमें से एक खोड़ा (गाजियाबाद) में और दो आपराधिक मामले दिल्ली में दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ यूपी में वाहन चोरी के दर्ज मामले भी सामने आए हैं। उनकी जानकारी जुटाई जा रही है।
दक्षिणी दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने कहा कि एके चौधरी को एक वकील की शिकायत पर ग्रेटर कैलाश पुलिस स्टेशन में जबरन वसूली करने मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद ही उनकी गिरफ्तारी की गई। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उन्हें जबरन वसूली की कॉल मिल रही थी। अधिवक्ता ने पुलिस को बताया कि फिल्म सिटी नोएडा में एक डिजिटल चैनल चलाने वाले कुछ लोग उनके घर आए और उनका स्टिंग ऑपरेशन कर लिया। अब वे उन्हें धमकी दे रहे हैं कि अगर वे उन्हें 5 करोड़ रुपए का भुगतान नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ किए गए स्टिंग ऑपरेशन को अपलोड कर दिया जाएगा।
जिसके बाद ग्रेटर कैलाश थानाध्यक्ष सोमनाथ पारूथी की टीम ने जांच शुरू की और 37 वर्षीय आरोपी अफसर अली उर्फ एके चौधरी को बुधवार रात पीड़ित के घर से ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी सेक्टर-78, नोएडा में डिजिटल चैनल चलाता है। पुलिस ने शिकायतकर्ता के नाम का खुलासा नहीं किया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी पैसे वाले लोगों की तलाश करते थे। इसके बाद उनसे किसी तरह संपर्क कर स्टिंग ऑपरेशन कर लेते थे। स्टिंग ऑपरेशन में ये हाईप्रोफाइल लोगों के खिलाफ उल्टा-सीधा बयान ले लेते थे और फिर उसे चलाने की धमकी देते थे। ये पीड़ित को कई बार उसके बयान के लिए भी फोन कर स्टिंग ऑपरेशन कर लेते थे। अवैध वसूली करने के लिए उसने कुछ लोगों को काम पर रखा हुआ था। अंबर जेटली वकील को पहले से जानता था।
टैग्स गिरफ्तार ब्लैकमेलिंग यूट्यूब चैनल चैनल का मालिक