होम / डिजिटल / अब अनुज खरे के हाथ में होगी आजतक, डिजिटल की कमान
अब अनुज खरे के हाथ में होगी आजतक, डिजिटल की कमान
अभी तक बतौर एग्जिक्यूटिव एडिटर ‘आजतक’ (डिजिटल) की कमान संभाल रहे पाणिनि आनंद ने हाल ही में अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
‘इंडिया टुडे’ (India Today) समूह के ‘आजतक’ (डिजिटल) में एग्जिक्यूटिव एडिटर पाणिनि आनंद द्वारा अपने पद से इस्तीफा देने के बाद उनकी जगह अब यह कमान बतौर एडिटर अनुज खरे संभालेंगे।
अनुज खरे वर्तमान में इंडिया टुडे समूह में ही कार्यरत हैं। उन्होंने करीब डेढ़ साल पहले ही यहां जॉइन किया था। वर्तमान में वह ‘आजतक’ के ‘तक’ डिजिटल ऐप्स में क्लस्टर हेड (ऐप एंड साइट) का पदभार संभाल रहे हैं।
इंडिया टुडे में अपनी पारी शुरू करने से पहले अनुज खरे ‘जी मीडिया’ में एडिटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत थे। वह अगस्त, 2020 में दैनिक भास्कर ग्रुप से जी मीडिया आए थे। उन्होंने दैनिक भास्कर में एक लंबी पारी खेली और इस दौरान उन्हें ग्रुप के हिंदी न्यूज पोर्टल ‘दैनिक भास्कर’ (dainikbhaskar.com) को शीर्ष तक पहुंचाने का श्रेय दिया जाता है। वह वर्ष 2012 से 2015 तक ग्रुप की गुजराती वेबसाइट ‘दिव्यभास्कर’ (divyabhaskar.com) के एडिटर रहे और इसके पहले उन्होंने ग्रुप की मराठी न्यूज वेबसाइट ‘दिव्यमराठी’ (divyamarathi.com) का भी नेतृत्व किया।
अनुज खरे के नेतृत्व में ही जी मीडिया के रीजनल न्यूज पोर्टल जी उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड ने एक्सचेंज4मीडिया के बहुप्रतिष्ठित enba अवॉर्ड में बेस्ट माइक्रो साइट का गोल्ड का खिताब अपने नाम किया था।
अनुज खरे एक जाने-माने व्यंग्यकार भी हैं। उन्होंने 21वीं सदी के 251 अंतरराष्ट्रीय श्रेष्ठ व्यंग्यकारों में जगह बनाई थी। दरअसल, कुछ समय पूर्व इंडिया नेटबुक्स नई दिल्ली द्वारा प्रकाशित एक व्यंग्य संकलन में शामिल 251 व्यंग्यकारों में 19 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों ने शिरकत की थी, जिसमें उन्हें भी स्थान मिला था। इसके अतिरिक्त उन्होंने कई लिटरेचर फेस्टिव भी होस्ट किए हैं, जिसमें ‘जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल’ भी शामिल है।
अनुज खरे तीन किताबों के लेखक भी हैं, जिनमें ‘बातें बेमतलब’, ‘परम श्रद्धेय मैं खुद’ और ‘चिल्लर चिंतन’ शामिल है। वह लेखनशैली के दम पर अपना नाम लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज करा चुके हैं। दरअसल यह सम्मान उन्हें ऐसे ट्वींस ब्रदर्स के लिए दिया गया, जिनके नाम 6 टाइटल बुक हैं, जिनमें से तीन बुक इनके और तीन इनके भाई के नाम हैं।
मीडिया में दो दशक से ज्यादा समय से सक्रिय अनुज खरे को पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मध्य प्रदेश प्रेस एसोसिएशन की ओर से एमपी रत्न सम्मान से भी नवाजा जा चुका है। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो इतिहास और पुरातत्व में स्नातक अनुज खरे ने भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है।
टैग्स आजतक पत्रकार मीडिया एडिटर डिजिटल अनुज खरे