होम / डिजिटल / भारत के बाहर इस देश में सबसे ज्यादा देखा गया DD व AIR का यूट्यूब चैनल
भारत के बाहर इस देश में सबसे ज्यादा देखा गया DD व AIR का यूट्यूब चैनल
दूरदर्शन और ऑल इंडिया रेडियो के यूट्यूब चैनल भारत के बाहर भी कई देशों में खूब पसंद किए जा रहे हैं
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
दूरदर्शन और ऑल इंडिया रेडियो के यूट्यूब चैनल भारत के बाहर भी कई देशों में खूब पसंद किए जा रहे हैं, लेकिन सबसे ज्यादा जिस देश में देखा गया वह है पाकिस्तान। सूचना-प्रसारण मंत्रालय ने बताया कि प्रसार भारती के एआईआर और डीडी नेटवर्क के करीब 170 से ज्यादा यूट्यूब चैनल मौजूद हैं। प्रसार भारती के डिजिटल चैनल देश ही नहीं विदेशों में भी काफी चर्चित हैं।
राज्यसभा में प्रश्न के उत्तर में सूचना-प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि यूट्यूब चैनलों के दर्शकों के हिसाब से पांच अव्वल देशों के जो आंकड़े प्राप्त हुए हैं, उसके मुताबिक पाकिस्तान 2018 से सबसे ऊपर है। भारत के सरकारी चैनलों को भारत के बाद सबसे ज्यादा वहीं देखा गया है।
इसके अतिरिक्त शीर्ष देशों में यूएसए, सऊदी अरब, यूके, यूनाइटेड अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और बांग्लादेश है। ये वो देश है जहां भारतीयों की अच्छी खासी आबादी मौजूद है।
सरकार ने बताया कि 2020 में पाकिस्तान में दर्शकों की संख्या 1.33 करोड़, वहीं यूएसए में 1.28 करोड़, यूएई में 82.7 लाख, बांग्लादेश में 81 लाख और सऊदी अरब में संख्या 65 लाख थी। इस साल अब तक पाकिस्तान में 70 लाख और यूएसए में 56 लाख दर्शकों का आंकड़ा दर्ज किया गया है।
सरकार का कहना है साल भर के दर्शकों के आंकड़ों पर नजर डालें, तो डीडी और एआईआर के यूट्यूब चैनल पर दर्शकों की संख्या 2019 के 68 करोड़ के मुकाबले साल 2020 में दोगुना होकर 130 करोड़ रही है।
उन्होंने बताया कि प्रसार भारती विभिन्न ऑडियो और वीडियो डिजिटल चैनलों को लोकप्रिय बनाने के लिए निरंतर विभिन्न कदम उठा रही है। इसके लिए समर्पित डिजिटल प्लेटफॉर्म प्रकोष्ठ बनाया गया है। यह प्रकोष्ठ विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कार्यक्रमों और डिजिटल चैनलों की गतिविधियों का कार्यान्वयन और निगरानी करता है। न्यूज ऑन एआईआर ऐप का विभिन्न चैनलों पर निरंतर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
टैग्स प्रसार भारती ऑल इंडिया रेडियो दूरदर्शन एआईआर आकाशवाणी