होम / डिजिटल / OTT प्लेटफॉर्म्स को कड़ा संदेश, क्रिएटिविटी फ्रीडम के नाम पर न परोसें अश्लीलता
OTT प्लेटफॉर्म्स को कड़ा संदेश, क्रिएटिविटी फ्रीडम के नाम पर न परोसें अश्लीलता
केंद्रीय सूचना-प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को 'ओवर द टॉप' (ओटीटी) प्लेटफॉर्म्स के प्रतिनिधियों से मुलाकात की
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
केंद्रीय सूचना-प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को 'ओवर द टॉप' (ओटीटी) प्लेटफॉर्म्स के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने कंटेंट रेगुलेशन, यूजर्स एक्सपीरियंस, विशेष रूप से विकलांग लोगों के लिए पहुंच बढ़ाने और क्षेत्र के समग्र विकास और नवाचार सहित विभिन्न मुद्दों पर बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार क्रिएटिव फ्रीडम के नाम पर भारतीय संस्कृति और समाज को अपमानित करने की अनुमति नहीं देगी।
ठाकुर ने कहा कि ओटीटी प्लेटफॉर्म्स ने हमारे कंटेंट को कंज्यूम करने के तरीको में क्रांति ला दी है, नई प्रतिभाओं को बढ़ावा दिया है और रीजनल कंटेंट को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित किया है।
हालांकि, रेगुलेशन के संबंध में उन्होंने कहा कि ओटीटी प्लेयर्स की यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी है कि उनके प्लेटफॉर्म से क्रिएटिव फ्रीडम के नाम पर अश्लीलता न परोसी जाए।
उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के प्रतिनिधियों से का कहा कि ऐसा कंटेंट नहीं रिलीज किया जाना चाहिए, जिससे दुष्प्रचार हो और इस बात का भी ख्याल रखें कि प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल विचारधारा आधारित पक्षपात के लिए नहीं होना चाहिए।
सूचना-प्रसारण मंत्री ने यह भी कहा कि भारत एक विविधताओं से भरा देश है। ओटीटी प्लेटफॉर्म को देश की समग्र चेतना को प्रदर्शित करना चाहिए और सभी उम्र के लोगों को अच्छे अनुभव वाला कंटेंट प्रदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम भारत की रचनात्मक अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ा रहे हैं, ऐसे में इन प्लेटफार्म को देश की सांस्कृतिक विविधता के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। ठाकुर ने कहा कि सूचना-प्रसारण मंत्रालय इस लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में साझेदारी और प्रतिबद्धताओं को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर है।
इस बैठक में एमेजॉन प्राइम वीडियो, नेटफ्लिक्स, वायाकॉम18 और टाइम्स इंटरनेट जैसे प्रमुख ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
टैग्स आपत्तिजनक कंटेंट ओटीटी प्लेटफॉर्म्स अनुराग ठाकुर ओटीटी कंटेंट अश्लील व गाली-गलौज वाले कंटेंट