होम / डिजिटल / केरल सरकार लॉन्च करने जा रही है देश का पहला सरकारी OTT प्लेटफॉर्म
केरल सरकार लॉन्च करने जा रही है देश का पहला सरकारी OTT प्लेटफॉर्म
‘केरल राज्य फिल्म विकास निगम’ ने इस प्लेटफॉर्म पर दिखाए जाने वाले कंटेंट को सलेक्ट और अप्रूव करने के लिए 60 सदस्यीय पैनल का गठन किया है। पहले चरण के तहत 42 फिल्मों का चयन किया गया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
केरल सरकार सात मार्च को देश का पहला सरकारी स्वामित्व वाला ओटीटी (Over The Top) प्लेटफॉर्म ‘सीस्पेस’ (CSpace) लॉन्च करने जा रही है। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन सात मार्च की सुबह साढ़े नौ बजे कैराली थिएटर में इस ओटीटी प्लेटफॉर्म का शुभारंभ करेंगे। सांस्कृतिक मामलों के मंत्री साजी चेरियन इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इसके पहले चरण के लिए 42 फिल्मों का चयन किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘केरल राज्य फिल्म विकास निगम’ ने इस प्लेटफॉर्म पर दिखाए जाने वाले कंटेंट को सलेक्ट और अप्रूव करने के लिए 60 सदस्यीय पैनल का गठन किया है। रिपोर्ट्स की मानें तो इस प्लेटफॉर्म पर 75 रुपये में एक फीचर फिल्म और बहुत कम कीमत पर कंटेंट देखने को मिलेगा। बताया जाता है कि इस राशि का आधा हिस्सा कंटेंट प्रोवाइडर को जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स में केएसएफडीसी के चेयरमैन शाजी एन करुण के हवाले से कहा गया है कि इसके पहले चरण के लिए अब तक 42 फिल्मों का चयन किया गया है। इस प्लेटफॉर्म पर वे फिल्में भी दिखाई जाएंगी, जिन्होंने राष्ट्रीय या राज्य पुरस्कारों में पुरस्कार जीते हैं अथवा प्रमुख फिल्म समारोहों में प्रदर्शित की गई हैं।
बता दें कि एमआईबी के पूर्व सचिव अपूर्व चंद्रा ने पिछले साल कहा था कि ‘भारतीय राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम’ उन फिल्मों को प्रदर्शित करने के लिए एक ओटीटी प्लेटफॉर्म लॉन्च करेगा, जिन्हें मार्केट में जगह नहीं मिलती है।
टैग्स केरल ओटीटी पिनाराई विजयन एनएफडीसी अपूर्व चंद्रा केएसएफडीसी केरल राज्य फिल्म विकास निगम