होम / डिजिटल / AI दुरुपयोग के खिलाफ सरकार ने दिखायी सख्ती, X ने हटाए हजारों अश्लील पोस्ट
AI दुरुपयोग के खिलाफ सरकार ने दिखायी सख्ती, X ने हटाए हजारों अश्लील पोस्ट
केंद्र सरकार की शिकायत के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ने लगभग 3,500 पोस्ट हटा दीं और 600 से ज्यादा अकाउंट डिलीट कर दिए हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
केंद्र सरकार की शिकायत के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ने लगभग 3,500 पोस्ट हटा दीं और 600 से ज्यादा अकाउंट डिलीट कर दिए हैं। यह कार्रवाई इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) की निर्देशिका के बाद हुई, जिसमें प्लेटफॉर्म पर अश्लील और अनुचित कंटेंट फैलने की जानकारी दी गई थी।
मंत्रालय के अनुसार, कुछ AI टूल्स जैसे Grok का गलत इस्तेमाल कर महिलाओं को निशाना बनाने वाले सांकेतिक और अश्लील कंटेंट बनाए और फैलाए गए। इस तरह का कंटेंट डिजिटल सुरक्षा और प्लेटफॉर्म की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
MeitY ने X को 72 घंटे के अंदर कार्रवाई रिपोर्ट देने का नोटिस जारी किया। नोटिस में कहा गया कि अगर प्लेटफॉर्म ने नियमों का पालन नहीं किया, तो यह गंभीर उल्लंघन माना जाएगा और कड़ी कानूनी कार्रवाई हो सकती है। साथ ही सरकार ने चेतावनी दी कि लापरवाही करने पर Information Technology Act की सेक्शन 79 के तहत प्लेटफॉर्म को मिलने वाले संरक्षण भी वापस लिया जा सकता है।
इस पर X ने कहा कि उन्होंने सुधारात्मक कदम उठाना शुरू कर दिया है। प्लेटफॉर्म ने स्वीकार किया कि मॉडरेशन में कमियां थीं और अब उन्होंने अपनी प्रणाली को मजबूत करना शुरू किया है। इसमें बड़े पैमाने पर कंटेंट हटाना, नियम तोड़ने वाले अकाउंट डिलीट करना और AI से बने कंटेंट पर कड़े यूजर-लेवल नियम लागू करना शामिल है।
मंत्रालय ने X को Grok की गवर्नेंस और तकनीकी सुरक्षा उपायों की समीक्षा करने के लिए भी कहा, ताकि AI सिस्टम से किसी भी तरह का गैरकानूनी या हानिकारक कंटेंट न बने। सरकार ने जोर देकर कहा कि AI टूल्स चलाने वाले प्लेटफॉर्म को सख्त निगरानी, जिम्मेदारी और त्वरित सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए।
X के CEO एलन मस्क ने कहा है कि प्लेटफॉर्म अब भारतीय नियमों के अनुसार काम करेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार इस बात की निगरानी जारी रखेगी कि AI से बने कंटेंट और प्लेटफॉर्म की जिम्मेदारी का पालन सही तरीके से हो रहा है या नहीं।
टैग्स