होम / डिजिटल / क्रिएशन से कमाई तक, डिजिटल मीडिया के भविष्य पर DNPA कॉन्क्लेव में गहन चर्चा
क्रिएशन से कमाई तक, डिजिटल मीडिया के भविष्य पर DNPA कॉन्क्लेव में गहन चर्चा
नई दिल्ली में गुरुवार को डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स एसोसिएशन (DNPA) कॉन्क्लेव 2026 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देश के प्रमुख डिजिटल मीडिया लीडर्स एक मंच पर जुटे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 day ago
नई दिल्ली में गुरुवार को डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स एसोसिएशन (DNPA) कॉन्क्लेव 2026 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देश के प्रमुख डिजिटल मीडिया लीडर्स एक मंच पर जुटे। कॉन्क्लेव की थीम थी- “The New World Order of News: Rewriting the Playbook for a Resilient Digital Future” यानी बदलती डिजिटल दुनिया में खबरों का नया दौर और मजबूत भविष्य की नई रणनीति। यहां न्यूज, गवर्नेंस और डिजिटल इनोवेशन में आ रहे तेजी से बदलाव पर विस्तार से चर्चा हुई।
कॉन्क्लेव के दौरान “From Creation to Compensation: Content Economics” नाम से एक खास पैनल चर्चा हुई, जिसे TimesofIndia.com, Indiatimes.com और Whatshot के ग्रुप बिजनेस हेड प्रसाद सान्याल ने मॉडरेट किया। इस सत्र में कंटेंट की कमाई यानी कंटेंट इकॉनॉमिक्स की बारीकियों पर बात हुई। चर्चा का फोकस था- भरोसा कैसे बनाया जाए, कमाई के मॉडल क्या हों और आज के दौर में डिजिटल-फर्स्ट सोच क्यों जरूरी है।
The Word मैगजीन की एडिटर-इन-चीफ और Harper’s Bazaar, Cosmopolitan, Brides Today और Grazia की पूर्व संपादक नंदिनी भल्ला ने कहा कि डिजिटल पत्रकारिता में आज भी प्रिंट के मूल्यों की अहमियत बनी हुई है। उन्होंने कहा, “The Word डिजिटल है, लेकिन उसका दिल प्रिंट जैसा है। प्रिंट जिन मूल्यों पर खड़ा है- भरोसा, रिसर्च और सच्ची पत्रकारिता। हम उन्हें डिजिटल दुनिया में लेकर आए हैं, जहां आज हमारा ऑडियंस मौजूद है। डिजिटल में ही आज सारी हलचल है, लेकिन कंटेंट हमेशा किंग रहेगा, चाहे वह कागज पर हो या मोबाइल फोन पर।”
MissMalini की फाउंडर और IF की को-फाउंडर मालिनी अग्रवाल ने डिजिटल कंटेंट में सच्चाई और भरोसे की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “आज कोई भी कंटेंट बना सकता है। लेकिन असली सवाल यह है कि आप किस पर भरोसा करते हैं? किसका कंटेंट भरोसे लायक है? यही असली वैल्यू है। प्रिंट में आज भी ऑथेंटिसिटी की ताकत है और डिजिटल में तेजी है। आखिर में वही टिकेगा जो सच्चा होगा।”
Collective Artists Network के को-फाउंडर और पार्टनर ध्रुव चिटगोपेकर ने कहा, “अब भरोसा कोई अतिरिक्त चीज नहीं, बल्कि बुनियादी जरूरत है। आपके कंटेंट में निरंतरता, सच्चाई और गहराई होना बेहद जरूरी है। डिजिटल दौर में आपको खुद के प्रति ईमानदार, विश्वसनीय और अपने विषय में मजबूत पकड़ रखने की जरूरत और बढ़ जाती है।”
DNPA कॉन्क्लेव 2026 एक ऐसा अहम मंच बना, जहां नीति-निर्माता, मीडिया लीडर्स और इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स ने न्यूज, गवर्नेंस और डिजिटल इनोवेशन की बदलती दुनिया पर खुलकर चर्चा की। अलग-अलग पैनल डिस्कशन और एक्सपर्ट सेशंस के जरिए उभरते ट्रेंड्स, साझा चुनौतियों और भारत के डिजिटल मीडिया के भविष्य के रोडमैप पर मंथन हुआ।
कॉन्क्लेव में यह भी साफ हुआ कि भारतीय डिजिटल न्यूज इंडस्ट्री इस समय बड़े बदलाव और चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे दौर में कंटेंट का भविष्य सिर्फ तेजी से नहीं, बल्कि भरोसे, इनोवेशन और रणनीतिक सोच से तय होगा।
DNPA देश की एक प्रमुख इंडस्ट्री बॉडी है, जो भारत की अग्रणी डिजिटल मीडिया संस्थाओं का प्रतिनिधित्व करती है। इसका उद्देश्य भरोसेमंद पत्रकारिता को मजबूत करना, नैतिक मानकों को बनाए रखना और डिजिटल न्यूज सिस्टम में टिकाऊ विकास को बढ़ावा देना है।
टैग्स