होम / डिजिटल / सरकारी फीड LIVE स्ट्रीम करने पर इस चैनल के खिलाफ गूगल ने की कार्रवाई
सरकारी फीड LIVE स्ट्रीम करने पर इस चैनल के खिलाफ गूगल ने की कार्रवाई
चैनल के खिलाफ यह कार्रवाई भारत सरकार के एक कार्यक्रम पर आई कॉपीराइट स्ट्राइक को लेकर की गई है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
गूगल ने कन्नड़ दैनिक अखबार ‘वार्ता भारती’ (Vartha Bharati) के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल को गुरुवार को निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है। चैनल के खिलाफ यह कार्रवाई भारत सरकार के एक कार्यक्रम पर आई कॉपीराइट स्ट्राइक को लेकर की गई है।
बता दें कि ‘वार्ता भारती’ कर्नाटक के एक प्रमुख कन्नड़ भाषा का दैनिक समाचार पत्र है, जो लगभग 20 साल से सफलतापूर्वक प्रकाशित हो रहा है।
गूगल ने चैनल को कॉपीराइट स्ट्राइक के चलते अगले सात दिनों के लिए चैनल पर किसी भी तरह के कंटेंट को अपलोड करने या लाइव स्ट्रीमिंग करने से रोक दिया है।
‘वार्ता भारती’ का कहना है कि चैनल ने गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान दिल्ली के कर्तव्य पथ पर प्रधानमंत्री की लाइव स्ट्रीम फीड को अपने कार्यक्रम में शामिल किया था, जिसके बाद ही गूगल द्वारा यह कार्रवाई की गई। मीडिया ग्रुप का कहना है कि आम तौर पर मीडिया चैनलों द्वारा इस तरह की सरकारी फीड का उपयोग किया जाता है।
इस तरह की स्ट्राइक और लगाए गए प्रतिबंध के खिलाफ ‘वार्ता भारती’ की अपील को गूगल ने ठुकरा दिया। अपनी अपील में ‘वार्ता भारती’ ने उल्लेख किया कि एक सरकारी फीड का उपयोग कर उसके कार्यक्रम को स्ट्रीम किया जा रहा था, जो आमतौर पर मीडिया घरानों द्वारा किया जाता है। यह एक नियमित प्रथा है कि मीडिया घरानें महत्वपूर्ण राष्ट्रीय त्योहारों और समारोहों की लाइव स्ट्रीमिंग देने के लिए सरकारी चैनलों की फीड का उपयोग करते हैं। गुरुवार को भी, विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं के कई यूट्यूब चैनलों ने दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड को लाइव स्ट्रीम करने के लिए सरकारी फीड का उपयोग किया।
हालांकि, गूगल ने ‘वार्ता भारती’ की अपील को ठुकरा दिया और निलंबन और प्रतिबंधों को बरकरार रखा।
बता दें कि ‘वार्ता भारती’ के यूट्यूब चैनल पर 2.1 लाख से अधिक सब्सक्राइबर्स हैं और यह यूट्यब पर कन्नड़ के प्रमुख न्यूज चैनलों में से एक है।
टैग्स चैनल गूगल गणतंत्र दिवस यू-ट्यूब चैनल लाइव स्ट्रीम कन्नड़ दैनिक अखबार वार्ता भारती