‘बेंगलुरु एडवर्टाइजिंग क्लब’ की नई मैनेजिंग एग्जिक्यूटिव कमेटी गठित, शामिल हुए ये नाम

‘बेंगलुरु एडवर्टाइजिंग क्लब’ (The Advertising Club of Bangalore) ने वर्ष 2025 के लिए अपनी नई मैनेजिंग एग्जिक्यूटिव कमेटी की घोषणा कर दी है।

Last Modified:
Saturday, 31 May, 2025
Ad Club


‘बेंगलुरु एडवर्टाइजिंग क्लब’ (The Advertising Club of Bangalore) ने वर्ष 2025 के लिए अपनी नई मैनेजिंग एग्जिक्यूटिव कमेटी की घोषणा कर दी है। इस कमेटी में विज्ञापन और मार्केटिंग क्षेत्र के अनुभवी प्रोफेशनल्स को शामिल किया गया है।

इस बार कमेटी की कमान ओरिगामी क्रिएटिव कॉन्सेप्ट्स और ब्लूमबॉक्स ब्रैंड इंजीनियर्स के सह-संस्थापक और निदेशक लईक अली को सौंपी गई है, जो क्लब के नए प्रेजिडेंट बने हैं। उनके साथ बतौर वाइस प्रेजिडेंट मार्केटिंग और डिजिटल कम्युनिकेशन के अनुभवी प्रोफेशनल निशाद रामचंद्रन को चुना गया है।

कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मालविका हरिता को मिली है, जो ब्रैंड सर्कल की फाउंडर और सीईओ हैं। वहीं, नवीन नायर (वनवर्स) को संयुक्त-कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। क्लब की सचिव बनाई गई हैं स्नेहा वाल्के, जो 'द लिटिल थिंग्स कंपनी' की फाउंडर हैं। नई टीम के साथ क्लब ने इंडस्ट्री जगत से जुड़े प्रोफेशनलों को जोड़ते हुए भविष्य के कार्यक्रमों और पहलों को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई है।

विस्तारित समिति यानी एक्सटेंडेड कमेटी में भी इंडस्ट्री के कई दिग्गज और उभरते नाम शामिल किए गए हैं। इनमें पब्लिसिस सैपिएंट की इंडिया मार्केटिंग लीडर गंगा गणपति पूवैयाह, वरिष्ठ मीडिया प्रोफेशनल अनिलकुमार सथाराजु, ट्रिगर वर्ल्डवाइड के निदेशक और सीईओ सुनीत जॉन, एआई नेक्स्ट जेन के संस्थापक जी.वी. कृष्णमूर्ति, 'ब्लू' से जुड़े अरुणावा सील, डिशा कम्युनिकेशंस के नाइजल मैथ्यू और लॉडस्टार यूएम (IPG मीडिया ब्रैंड्स) की लया मेनन के नाम प्रमुख हैं। इसके अलावा न्यूज़ फर्स्ट कन्नड़ के एस. दिवाकर, हनीकॉम्ब से नौफेल अनामाला, स्पॉटिफाई की नियति शाह, और वीविल के राजेश वोरकडी भी इस नई टीम का हिस्सा होंगे।

नई मैनेजिंग एग्जिक्यूटिव कमेटी के प्रेजिडेंट लईक अली ने कहा कि समिति इस बार केवल इवेंट्स तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि ब्रैंड-बिल्डिंग, ज्ञान-साझा और पेशेवर नेटवर्किंग को मजबूती देने पर ध्यान केंद्रित करेगी। क्लब के प्रमुख इनिशिएटिव ‘इंस्पिरेशन रूम’ को आगे बढ़ाते हुए वह एक समावेशी और प्रेरणादायी प्लेटफॉर्म के रूप में क्लब को स्थापित करने की दिशा में काम करेंगे।

वहीं, मालविका हरिता ने कहा, ‘एडवर्टाइजिंग इंडस्ट्री में एक बड़ा बदलाव आ रहा है और बेंगलुरु एडवर्टाइजिंग क्लब जैसे प्लेटफॉर्म पहले से कहीं ज्यादा प्रासंगिक हो गए हैं। मैं उन पहलों का समर्थन करना चाहती हूं जो नई पीढ़ी के टैलेंट को प्रेरित, सशक्त और अपस्किल करती हैं, साथ ही हमारी प्रोफेशनल कम्युनिटी के बीच गहरे संबंध बनाती हैं।‘

मैनेजिंग एग्जिक्यूटिव कमेटी की पूरी लिस्ट इस प्रकार है:

 1: Laeq Ali  Origami Creative Concepts and Bloombox Brand Engineers, President

2: Nishad Ramachandran -Seasoned advertising and Digital Professional- Vice President

3: Malavika Harita-Brand Circle,Treasurer

4: Sneha Walke The Little Things Co,Secretary

5: Navin NairOneVerse Joint Treasurer

6: Arunava Seal Bleu

7: Nigel Mathew-Disha Communications

6: Laya Menon Lodestar UM,IPG Mediabrands

7: G.V. Krishnamurthy- Ai Nxt Gen

8: Suneet John-Trigger Worldwide

9: Anil Sathiraju- Senior Media Professional

10: Ganga Ganapathi Poovaiah-Publicis Sapient

11: S .Divakar-News First Kannada

12: Noufel Anamala-Honeycomb

13: Niyati Shah- Spotify

14: Rajesh Vorkady-• Veeville

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

वॉकी-टॉकी के भ्रामक विज्ञापन को लेकर Hogar Technologies को 1 लाख का जुर्माना

वॉकी-टॉकी के विज्ञापनों में जरूरी नियामकीय जानकारी नहीं देने पर केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने Hogar Technologies and Innovations LLP पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

Last Modified:
Monday, 26 October, 2026
CCPA6412

वॉकी-टॉकी के विज्ञापनों में जरूरी नियामकीय जानकारी नहीं देने पर केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने Hogar Technologies and Innovations LLP पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। कंपनी के विज्ञापनों में उपकरणों की ऑपरेटिंग फ्रीक्वेंसी, लाइसेंस की जरूरत और नियामकीय मंजूरी से जुड़ी जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं दी गई थी।

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, यह कार्रवाई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर वॉकी-टॉकी की भ्रामक जानकारी और नियमों का पालन नहीं करने वाली लिस्टिंग के खिलाफ चल रही व्यापक कार्रवाई का हिस्सा है।

16,970 से ज्यादा लिस्टिंग पर उठे सवाल

CCPA ने विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर 16,970 से ज्यादा ऐसी लिस्टिंग की पहचान की है, जिनमें जरूरी नियमों से जुड़ी जानकारी का अभाव था। इस मामले में प्राधिकरण ने अमेजन, फ्लिपकार्ट, मीशो, मेटा, जियोमार्ट, इंडियाMART और ट्रेडइंडिया समेत 13 ई-कॉमर्स कंपनियों को नोटिस जारी किए हैं।

अब तक प्राधिकरण 12 कंपनियों या संस्थाओं के खिलाफ अंतिम आदेश जारी कर चुका है। इन पर भ्रामक विज्ञापनों और अनुचित व्यापार व्यवहार के मामलों में कुल 58 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

इनमें अमेजन, फ्लिपकार्ट, मीशो, मेटा और ट्रेडइंडिया पर 10-10 लाख रुपये का जुर्माना शामिल है। इसके अलावा सात अन्य संस्थाओं पर 1-1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

कंपनी ने क्या दी सफाई?

कार्रवाई के दौरान Hogar Technologies ने कहा कि उसके पास जरूरी नियामकीय मंजूरियां हैं और उसकी वेबसाइट का मुख्य उद्देश्य सीधे ऑनलाइन बिक्री करने के बजाय उत्पादों की जानकारी देना है।

हालांकि, CCPA ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया। प्राधिकरण का कहना है कि जरूरी मंजूरी होने के बावजूद कंपनियों की जिम्मेदारी है कि वे खरीदारी से पहले उपभोक्ताओं को उत्पाद से जुड़ी पूरी और स्पष्ट जानकारी दें।

प्राधिकरण के मुताबिक, यदि वॉकी-टॉकी की फ्रीक्वेंसी और लाइसेंस संबंधी शर्तों की जानकारी नहीं दी जाती, तो ग्राहक यह मान सकते हैं कि वे जरूरी अनुमति के बिना भी उस उपकरण का कानूनी रूप से इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे वे कानूनी परेशानी में पड़ सकते हैं।

वॉकी-टॉकी के इस्तेमाल के लिए क्या हैं नियम?

मंत्रालय के मुताबिक, निर्धारित शर्तों के अधीन 446.0 से 446.2 मेगाहर्ट्ज फ्रीक्वेंसी रेंज में काम करने वाले व्यक्तिगत मोबाइल रेडियो उपकरणों को लाइसेंस से छूट है। लेकिन इस रेंज से बाहर काम करने वाले उपकरणों पर संबंधित नियामकीय नियम लागू होते हैं।

मंत्रालय ने यह भी बताया कि अमेजन, फ्लिपकार्ट, मेटा और ट्रेडइंडिया जैसी कुछ कंपनियों ने CCPA के जुर्माने के आदेशों को न्यायिक मंचों पर चुनौती दी है।

CCPA ने दोहराया है कि वॉकी-टॉकी के विज्ञापनों और ऑनलाइन लिस्टिंग में ऑपरेटिंग फ्रीक्वेंसी, लाइसेंस की जरूरत और अन्य नियामकीय जानकारी स्पष्ट रूप से दी जानी चाहिए, ताकि उपभोक्ता सही जानकारी के आधार पर फैसला ले सकें।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

AAAI: नॉर्थ इंडिया चैप्टर के चेयरमैन बने कुणाल ललानी, संतोष कुमार को को-चेयर की जिम्मेदारी

एएएआई के इस नवगठित चैप्टर का उद्देश्य उत्तर भारत में विज्ञापन इंडस्ट्री से जुड़े लोगों और संस्थानों के बीच क्षेत्रीय जुड़ाव बढ़ाना तथा स्थानीय नेतृत्व को मजबूत करना है।

Last Modified:
Saturday, 24 October, 2026
AAAI...

भारतीय विज्ञापन उद्योग के प्रमुख संगठन ‘एडवरटाइजिंग एजेंसीज एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ (AAAI) ने अपने नए नॉर्थ इंडिया चैप्टर की जिम्मेदारी कुणाल ललानी और संतोष कुमार को सौंपी है। द क्रेयॉन्स नेटवर्क के मैनेजिंग डायरेक्टर कुणाल ललानी को चैप्टर का चेयरमैन बनाया गया है, जबकि इनोशन वर्ल्डवाइड कम्युनिकेशंस के सीओओ संतोष कुमार को को-चेयर नियुक्त किया गया है।

एएएआई के इस नवगठित चैप्टर का उद्देश्य उत्तर भारत में विज्ञापन इंडस्ट्री से जुड़े लोगों और संस्थानों के बीच क्षेत्रीय जुड़ाव बढ़ाना तथा स्थानीय नेतृत्व को मजबूत करना है। एएएआई के अध्यक्ष डॉ. संदीप गोयल ने इस पहल को क्षेत्रीय स्तर पर जुड़ाव बढ़ाने और स्थानीय नेतृत्व को सशक्त बनाने की संगठन की प्रतिबद्धता से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि कुणाल ललानी की रणनीतिक सोच और संतोष कुमार की डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन से जुड़ी विशेषज्ञता के साथ यह चैप्टर क्षेत्र में आपसी सहयोग, इनोवेशन और पेशेवर विकास को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

चेयरमैन की जिम्मेदारी मिलने पर कुणाल ललानी ने कहा कि नॉर्थ इंडिया चैप्टर का नेतृत्व करना उनके लिए सम्मान की बात है। उनके मुताबिक, इस मंच के जरिए विज्ञापन एजेंसियों को सीखने, आपस में सहयोग करने और नवाचार को बढ़ावा देने के अवसर उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने उत्तर भारत के विज्ञापन बाजार की विशिष्ट परिस्थितियों को ध्यान में रखकर काम करने की जरूरत पर भी जोर दिया। ललानी ने कहा कि उत्तर भारत में कई सक्रिय विज्ञापनदाता और विज्ञापन एजेंसियां हैं। ऐसे में इस चैप्टर के माध्यम से एजेंसी लीडर्स को एक साथ लाने, क्षेत्रीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और क्षेत्र के अनुभवों को राष्ट्रीय उद्योग मानकों को आकार देने में योगदान देने का प्रयास किया जाएगा।

वहीं, चैप्टर के को-चेयर संतोष कुमार ने कहा कि वह कुणाल ललानी और विज्ञापन उद्योग के साथ मिलकर उत्तर भारत में एजेंसियों के लिए एक जीवंत इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में काम करने को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत ऐसे कार्यक्रमों पर ध्यान दिया जाएगा, जो प्रतिभाओं के विकास, रचनात्मकता और कारोबारी वृद्धि को मजबूती दें।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

Crayons Advertising ने एम्प्लॉयीज को दिए 80,000 ESOP, शेयर खरीदने का मिलेगा मौका

क्रेयॉन्स ऐडवर्टाइजिंग लिमिटेड (Crayons Advertising Limited) ने अपने एम्प्लॉयीज को प्रोत्साहित करने के लिए 80,000 एम्प्लॉयी स्टॉक ऑप्शन प्लान (ESOP) देने की मंजूरी दी है।

Last Modified:
Friday, 23 October, 2026
Crayons8745

क्रेयॉन्स ऐडवर्टाइजिंग लिमिटेड (Crayons Advertising Limited) ने अपने एम्प्लॉयीज को प्रोत्साहित करने के लिए 80,000 एम्प्लॉयी स्टॉक ऑप्शन प्लान (ESOP) देने की मंजूरी दी है। कंपनी की नामांकन और पारिश्रमिक समिति (Nomination and Remuneration Committee) ने 22 अक्टूबर, 2026 को हुई बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी।

कंपनी ने यह विकल्प Crayons Advertising Limited Employee Stock Option Scheme–2025 के तहत पात्र एम्प्लॉयीज को दिए हैं। प्रत्येक विकल्प के बदले कंपनी का एक इक्विटी शेयर हासिल किया जा सकेगा, जिसका अंकित मूल्य 10 रुपये है।

4 साल तक में मिल सकेंगे शेयर

कंपनी की योजना के तहत विकल्पों पर अधिकार मिलने की अवधि (Vesting Period) अनुदान की तारीख से एक साल बाद शुरू होगी और समिति के फैसले के अनुसार अधिकतम चार साल तक चल सकती है। विकल्पों पर अधिकार मिलने के बाद कर्मचारी संबंधित विकल्पों का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें तय कीमत, लागू कर और अन्य शुल्क, यदि कोई हों, का भुगतान करना होगा।

कंपनी के मुताबिक, विकल्पों पर अधिकार मिलने के बाद कर्मचारी उनका इस्तेमाल संबंधित अवधि से अधिकतम दो साल के भीतर कर सकेंगे।

शेयर की कीमत कैसे तय होगी?

एम्प्लॉयीज को शेयर खरीदने के लिए कितनी कीमत चुकानी होगी, यह योजना के तहत समिति तय करेगी। यह कीमत बाजार भाव से जुड़ी होगी। समिति इसमें उचित छूट भी दे सकती है, लेकिन शेयर खरीदने की कीमत किसी भी स्थिति में कंपनी के शेयर के 10 रुपये के अंकित मूल्य से कम नहीं होगी।

यह योजना पात्र एम्प्लॉयीज को नए शेयर जारी करके लागू की जाएगी। इसके तहत सभी 80,000 विकल्पों पर अधिकार मिलने और उनका इस्तेमाल किए जाने की स्थिति में कंपनी के 10 रुपये अंकित मूल्य वाले 80,000 इक्विटी शेयर जारी हो सकते हैं। 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

AAAI ने बनाई पहली क्रिएटिव काउंसिल, जोसी पॉल को सौंपी कमान

इस पहल का उद्देश्य भारतीय विज्ञापन जगत में रचनात्मकता को बढ़ावा देना और नई प्रतिभाओं, स्वतंत्र एजेंसियों व क्षेत्रीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर देना है।

Last Modified:
Monday, 19 October, 2026
Josy Paul

देश में विज्ञापन एजेंसियों के राष्ट्रीय संगठन द एडवरटाइजिंग एजेंसीज एसोसिएशन ऑफ इंडिया (AAAI) ने अपनी पहली क्रिएटिव काउंसिल का गठन किया है। संगठन ने यह पहल अपने नए 2026-27 एजेंडे के तहत की है। इस काउंसिल का नेतृत्व बीबीडीओ ग्रुप इंडिया के चेयरमैन और ग्रुप चीफ क्रिएटिव ऑफिसर जोसी पॉल करेंगे। इस पहल के जरिए भारतीय विज्ञापन जगत में रचनात्मकता के स्तर को बेहतर बनाने और विज्ञापन उद्योग को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

AAAI के मुताबिक, इस काउंसिल का उद्देश्य रचनात्मक क्षेत्र से जुड़ी अलग-अलग आवाजों को एक मंच पर लाना है। इसमें स्वतंत्र विज्ञापन एजेंसियों, क्षेत्रीय प्रतिभाओं और उभरते पेशेवरों को भी शामिल होने के अवसर मिलेंगे। काउंसिल के माध्यम से आपसी सहयोग, नए प्रयोग, मार्गदर्शन और विभिन्न क्षेत्रों व पीढ़ियों के बीच विचारों के आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा।

इस पहल पर जोसी पॉल ने कहा कि क्रिएटिव काउंसिल प्रतिभाओं को निखारने, विविधता का सम्मान करने और नए विचारों को आगे बढ़ाने का अवसर है। उनकी योजना अलग-अलग पीढ़ियों के बीच संवाद, प्रयोग, बहस, प्रदर्शन, वाचन और फिल्मों की स्क्रीनिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने की है।

इसके साथ ही विज्ञापन जगत से बाहर के लोगों को भी इस पहल से जोड़ा जाएगा। इनमें कलाकार, वैज्ञानिक, फिल्म निर्माता, डिजाइनर, उद्यमी और विचारक शामिल होंगे, जो रचनात्मक समुदाय के सामने नए नजरिए रख सकेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि रचनात्मकता के माध्यम से उद्योग को एकजुट करने और आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

गौरतलब है कि जोसी पॉल के काम को 25 से अधिक कान्स लायंस पुरस्कार मिल चुके हैं, जिनमें ग्रां प्री और कई गोल्ड पुरस्कार शामिल हैं। एरियल का ‘शेयर द लोड’ अभियान लगातार दो बार वॉर्क (WARC) की ओर से दुनिया का सबसे प्रभावी अभियान घोषित किया गया था। यह अभियान लंबे समय तक ब्रैंड निर्माण और प्रभावशीलता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उदाहरण बना हुआ है।

इस बारे में AAAI के नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. संदीप गोयल ने कहा कि संगठन के इतिहास में पहली बार रचनात्मकता को उसके संस्थागत ढांचे में सबसे प्रमुख स्थान दिया जा रहा है। उनके मुताबिक, जोसी पॉल के नेतृत्व में क्रिएटिव काउंसिल अगली पीढ़ी की प्रतिभाओं को मार्गदर्शन देने और भारत की स्वतंत्र व क्षेत्रीय विज्ञापन एजेंसियों की विविधता को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि विज्ञापन इंडस्ट्री ऐसे नए दौर में प्रवेश कर रही है, जहां स्ट्रैटेजिक इनोवेशन और रचनात्मक उत्कृष्टता को साथ लेकर आगे बढ़ा जाएगा।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

त्योहारों में विज्ञापनों पर करोड़ों का दांव: डिजिटल क्यों बना ब्रैंड्स की पहली पसंद?

भारत में त्योहारी सीजन अब सिर्फ खरीदारी का मौसम नहीं रहा। यह विज्ञापन उद्योग का सबसे बड़ा इम्तिहान भी बन गया है। इस बार ब्रैंड्स भारी रकम लगाने की तैयारी में हैं, लेकिन पैसा लगाने का तरीका बदल गया है।

Last Modified:
Saturday, 17 October, 2026
festivseason5498

भारत में त्योहारी सीजन अब सिर्फ खरीदारी का मौसम नहीं रहा। यह विज्ञापन उद्योग का सबसे बड़ा इम्तिहान भी बन गया है। इस बार ब्रैंड्स भारी रकम लगाने की तैयारी में हैं, लेकिन पैसा लगाने का तरीका बदल गया है। टीवी की जगह स्क्रीन, ऐप और क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म ले रहे हैं।

कितना बड़ा है बाजार

डेटम इंटेलिजेंस के अनुसार 2026 में भारत का त्योहारी विज्ञापन खर्च ₹60,000–62,000 करोड़ रहने का अनुमान है, जबकि 2025 में यह लगभग ₹53,000 करोड़ था। यानी बढ़त 13 से 17 प्रतिशत है। यह रकम देश के कुल विज्ञापन खर्च का 34–35% है। साल के विज्ञापन बजट का करीब एक तिहाई हिस्सा कुछ हफ्तों में सिमट जाता है। l 

ये पूर्वानुमान हैं, अंतिम खर्च नहीं। एक्सचेंज4मीडिया ने 12 अक्टूबर की रिपोर्ट में लिखा कि ये अनुमान हाल के शेयर बाजार की गिरावट, RBI की सख्ती और कमजोर मानसून से पहले के हैं। 

टीवी, प्रिंट और डिजिटल की हिस्सेदारी

डेटम के पूर्वानुमान में डिजिटल की हिस्सेदारी 67.8% है। उसके बाद टेलीविजन 16.1% और प्रिंट 10.7% पर हैं। बाकी करीब 5.4% में आउटडोर, रेडियो और अन्य माध्यम आते हैं। स्टोरीबोर्ड18, के मुताबिक डिजिटल के हिस्से में ₹40,680–42,036 करोड़ आते हैं। इसी आधार पर बाकी माध्यमों का मोटा अनुमान यह बनता है।

  • डिजिटल: ₹40,680–42,036 करोड़
  • टेलीविजन: लगभग ₹9,660–9,980 करोड़
  • प्रिंट: लगभग ₹6,420–6,630 करोड़
  • अन्य: लगभग ₹3,240–3,350 करोड़

हर तीन रुपये में से करीब दो अब डिजिटल पर जा रहे हैं। टीवी और प्रिंट मिलाकर लगभग 27% पर हैं।

टीवी पर दबाव

TAM AdEx के 1 जुलाई से 28 सितंबर 2026 के आंकड़ों में टीवी विज्ञापन गतिविधि का सूचकांक 91.4 रहा, यानी पिछले साल से 8.6% कम। प्रिंट 94.7 पर रहा, रेडियो 101.1 पर लगभग स्थिर और डिजिटल 124.5 पर, यानी 24.5% ऊपर। ध्यान रहे कि यह अवधि पूरी तरह त्योहारी नहीं है। साथ ही TAM AdEx गतिविधि मापता है, भुगतान की गई दरें या चैनलों की आय नहीं। इसलिए 8.6% की गिरावट को सीधे राजस्व में उतनी ही कमी नहीं माना जा सकता। 

गिरावट की एक वजह रेटिंग व्यवस्था का ठप होना भी है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के निर्देश पर BARC ने 2 जुलाई से रेटिंग निलंबित कर रखी है। ताजा दर्शक-आंकड़ों के बिना प्रसारकों के लिए प्रीमियम दरें सही ठहराना मुश्किल है, और विज्ञापनदाता ऊंचे दाम देने से हिचक रहे हैं।  

इसी रिपोर्ट में बदलते रुझान भी दिखते हैं। टीवी पर खाद्य एवं पेय श्रेणी की हिस्सेदारी 20% से बढ़कर 22.7% हुई, जबकि रेकिट और हिंदुस्तान यूनिलीवर का संयुक्त हिस्सा 28.1% से घटकर 25.5% रह गया। प्रिंट में बैंकिंग, फाइनेंस और निवेश 13.8% से बढ़कर 18.4% के साथ पहले नंबर पर आ गया, जबकि ऑटोमोबाइल 16.7% से घटकर 13.2% पर रहा। डिजिटल में सेवा क्षेत्र का हिस्सा 42.4% से बढ़कर 44% हुआ। 

ब्रैंड्स के बजट में बदलाव

सबसे बड़ा बदलाव खरीद के बिंदु के पास विज्ञापन देने की होड़ है। डेटम के अनुसार त्योहारी कॉमर्स और रिटेल मीडिया पर खर्च लगभग ₹11,500 करोड़ रहने का अनुमान है, जो पिछले साल से 27% ज्यादा है। यह कुल त्योहारी खर्च का करीब 19% बैठता है। 

क्विक कॉमर्स सबसे तेज है। इन प्लेटफॉर्म पर त्योहारी विज्ञापन खर्च ₹2,200 करोड़ का अनुमान है, यानी 50% की बढ़त, और यह कॉमर्स व रिटेल मीडिया पूल का लगभग पांचवां हिस्सा है। डेटम की रिपोर्ट के अनुसार 35% ऑनलाइन रिटेल खरीदार उत्पाद क्विक कॉमर्स ऐप पर खोजते हैं। बिजनेस स्टैंडर्ड के मुताबिक FMCG, ब्यूटी और गिफ्टिंग श्रेणियां क्विक कॉमर्स के त्योहारी विज्ञापन का 70% तक हैं।   

इसके दो पहलू खटकते हैं। पहला, महंगाई: डेटम के हवाले से छपी रिपोर्टों के मुताबिक क्विक कॉमर्स पर त्योहारी विज्ञापन दरें 30–40% बढ़ी हैं। दूसरा, बड़ा फायदा: डेटम के संस्थापक के हवाले से रिपोर्टों में कहा गया है कि क्विक कॉमर्स के 80% कारोबार पर करीब 20% ब्रैंड्स का कब्जा है। 

खर्च बढ़ने के कारण

पहला, खरीद से सीधा जुड़ाव। मीडिया विशेषज्ञ हेमा मलिक के मुताबिक विज्ञापन देखने और खरीदने के बीच का फासला सिकुड़ रहा है, इसलिए कॉमर्स मीडिया का महत्व बढ़ रहा है। दूसरा, नतीजे नापने की सुविधा: डिजिटल में अभियान के दौरान ही प्रदर्शन दिखता है, इसलिए ब्रैंड्स ROAS (विज्ञापन खर्च पर कमाई) पर जोर दे रहे हैं। तीसरा, टीवी की मापन-समस्या। चौथा, त्योहार पर निर्भरता: जब साल का एक तिहाई विज्ञापन इसी मौसम में होता है, तो हर ब्रैंड ज्यादा दृश्यता चाहता है।  

सतर्कता का दौर

तस्वीर पूरी तरह गुलाबी नहीं है। RBI ने रेपो रेट 25 आधार अंक बढ़ाकर 5.50% किया है और रुख 'न्यूट्रल' से 'कैलिब्रेटेड टाइटनिंग' की ओर मोड़ा है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की बारिश दीर्घकालिक औसत की करीब 87% रही, यानी लगभग 13% की कमी। गोल्डमेडल इलेक्ट्रिकल्स के किशन जैन ने अगस्त 2026 में ग्रामीण महंगाई 5.23% बताई। 

वेंचुरा सिक्योरिटीज के अनुमान से बड़े पैक 5–6% महंगे हो सकते हैं, जबकि छोटे पैक में मात्रा 2–7% घट सकती है। पारले विज्ञापन खर्च में कुछ कटौती की बात कर रही है, जबकि गोल्डमेडल ने अपना त्योहारी बजट पिछले साल जितना ही रखा है। एजेंसी जगत का अनुमान है कि बड़ी कटौती के बजाय अतिरिक्त निवेश पर चयनशीलता दिखेगी। प्राथमिकता परफॉर्मेंस-आधारित डिजिटल, रिटेल मीडिया और क्षेत्रीय टारगेटिंग को मिलेगी, जबकि टीवी और आउटडोर पहुंच के लिए रहेंगे। 

अनुमानों में मतभेद भी हैं। डेटम 13–17% बढ़त बता रहा है, जबकि हेमा मलिक त्योहारी खर्च में सिंगल-डिजिट के ऊंचे स्तर की बढ़त देखती हैं। पब्लिसिस मीडिया साउथ एशिया के सीईओ भी 2026 में कुल विज्ञापन खर्च में उच्च एकल अंक की वृद्धि देखते हैं। दोनों बातें साथ सही हो सकती हैं, क्योंकि पूरे साल की बढ़त और सिर्फ त्योहारी सीजन की बढ़त अलग आंकड़े हैं। 

डिजिटल का जोखिम

मफिल्टरआईटी के सीटीओ धीरज गुप्ता का अनुमान है कि बच्चों के कंटेंट पर विज्ञापन दिखने से होने वाली बर्बादी सामान्य दिनों के 4–5% से बढ़कर त्योहारों में 10–12% हो सकती है। उनके मुताबिक YouTube पर हर हजार इम्प्रेशन की लागत ₹100–150 से बढ़कर ₹150–200 तक जा सकती है। स्टोरीबोर्ड18 की गणना में पूरे डिजिटल हिस्से पर यह दर लगाने से ₹4,068–5,044 करोड़ दांव पर बैठते हैं। यह अधिकतम जोखिम का आकलन है, पक्की बर्बादी नहीं।  

त्योहारी विज्ञापन बाजार ₹60,000–62,000 करोड़ तक पहुंचने की राह पर है, जो पिछले साल के करीब ₹53,000 करोड़ से बड़ा है। इसका लगभग 68% डिजिटल के पास जा रहा है, जबकि टीवी की गतिविधि 2025 की तुलना में 8.6% घटी और डिजिटल की 24.5% बढ़ी। ब्रैंड्स अब सिर्फ पहुंच नहीं, बिक्री और नतीजे खरीद रहे हैं, इसीलिए रिटेल मीडिया और क्विक कॉमर्स सबसे तेज बढ़ रहे हैं। असली परीक्षा आगे है। कमजोर मानसून, महंगा कर्ज और लागत का दबाव मांग को कमजोर करें, तो ब्रैंड्स और चुन-चुनकर खर्च करेंगे।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

AAAI ने बनाई नई मीडिया काउंसिल, कार्तिक शर्मा को सौंपी कमान

इस पहल का उद्देश्य मीडिया क्षेत्र से जुड़ी विशेषज्ञता और भागीदारी को बढ़ाना तथा इंडस्ट्री के भविष्य से जुड़े फैसलों में सदस्य एजेंसियों की आवाज को मजबूत करना है।

Last Modified:
Thursday, 15 October, 2026
Kartik

देश में विज्ञापन एजेंसियों का प्रतिनिधित्व करने वाला राष्ट्रीय संगठन एडवर्टाइजिंग एजेंसिज एसोसिएशन ऑफ इंडिया (AAAI) ने वर्ष 2026-27 के अपने एजेंडे के तहत मीडिया काउंसिल बनाने की घोषणा की है। इस काउंसिल की अध्यक्षता ओम्निकॉम मीडिया इंडिया के कार्तिक शर्मा करेंगे। इस पहल का उद्देश्य मीडिया क्षेत्र से जुड़ी विशेषज्ञता और भागीदारी को बढ़ाना तथा इंडस्ट्री के भविष्य से जुड़े फैसलों में सदस्य एजेंसियों की आवाज को मजबूत करना है।

नई मीडिया काउंसिल बड़े मीडिया नेटवर्क, स्वतंत्र एजेंसियों और क्षेत्रीय कारोबार से जुड़ी एजेंसियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराएगी। इस मंच पर मीडिया कारोबार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। काउंसिल की प्राथमिकताओं में ऑडियंस रिसर्च और मेजरमेंट, पारदर्शिता और जवाबदेही, मीडिया ट्रेडिंग के बदलते तौर-तरीके, प्रतिभाओं का विकास और मीडिया प्लानिंग व बाइंग पर तकनीक के प्रभाव जैसे विषय शामिल हैं।

काउंसिल विज्ञापनदाताओं, मीडिया मालिकों, रिसर्च संस्थानों और इंडस्ट्री के अन्य हितधारकों के साथ रचनात्मक संवाद को बढ़ावा देने की दिशा में भी काम करेगी। इसके अलावा, बदलते ऑडियंस व्यवहार, नए मीडिया प्लेटफॉर्म और क्लाइंट्स की बदलती अपेक्षाओं के अनुरूप एजेंसियों को तैयार करने के लिए ज्ञान और अनुभव साझा करने पर जोर दिया जाएगा।

CTV और क्रॉस-स्क्रीन मेजरमेंट पर भी होगा काम: AAAI मीडिया काउंसिल के अध्यक्ष कार्तिक शर्मा ने नई बोर्ड टीम को बधाई देते हुए कहा कि अनुभवी लोगों, उद्यमशील सोच और विविध नजरियों का एक साथ आना उत्साहजनक है। उन्होंने काउंसिल का नेतृत्व करने का अवसर देने के लिए AAAI का आभार जताया और कहा कि वह अगली पीढ़ी के नेताओं के साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं। उनके मुताबिक, इन नेताओं के नए विचार और महत्वाकांक्षा काउंसिल के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने और भारतीय विज्ञापन जगत के लिए अधिक मजबूत व भविष्य के अनुरूप मीडिया इकोसिस्टम तैयार करने में अहम होंगे।

कार्तिक शर्मा ने बताया कि काउंसिल का फोकस भारत में स्थानीय और वैश्विक ज्ञान साझेदारियों के माध्यम से विश्वस्तरीय लर्निंग सिस्टम उपलब्ध कराने, इंडस्ट्री के स्तर पर सहयोग और विचारों के आदान-प्रदान के लिए एक प्रमुख वार्षिक मंच तैयार करने तथा नए विषयों पर विचार और व्यावहारिक गाइडलाइन विकसित करने पर रहेगा। इन विषयों में कनेक्टेड टीवी (CTV) और क्रॉस-स्क्रीन मेजरमेंट भी शामिल हैं।

गौरतलब है कि कार्तिक शर्मा ओम्निकॉम मीडिया इंडिया के सीईओ हैं। यह कंपनी ओम्निकॉम ग्रुप का हिस्सा है। उन्हें मीडिया रणनीति, कम्युनिकेशन प्लानिंग, बिहेवियरल इकोनॉमिक्स, एनालिटिक्स और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में 30 साल से अधिक का अनुभव है। कारोबार की वृद्धि को आगे बढ़ाने और मीडिया इंडस्ट्री के विकास में योगदान देने का भी उनका अनुभव है।

वह AAAI के बोर्ड और BARC की डिसिप्लिनरी कमेटी में भी शामिल हैं। इसके अलावा, वह मीडिया रिसर्च यूजर्स काउंसिल इंडिया (MRUCI) के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य हैं। इससे पहले वह TAM मीडिया रिसर्च और इंडियन रीडरशिप सर्वे में अहम पदों पर काम कर चुके हैं। उन्हें वर्ष 2026 में IAA मीडिया इन्फ्लुएंसर ऑफ द ईयर और 2025 में e4m इन्फ्लुएंसर ऑफ द ईयर के सम्मान से नवाजा गया है।

इंडस्ट्री के विचार-विमर्श और सीखने का मंच बनेगी काउंसिल: संदीप गोयल

वर्ष 2026-27 के लिए AAAI के अध्यक्ष डॉ. संदीप गोयल ने नई मीडिया काउंसिल को लेकर कहा कि यह इंडस्ट्री का ऐसा साझा मंच और सीखने का केंद्र बने, जहां विज्ञापन जगत के मीडिया विशेषज्ञ नए विचारों पर चर्चा करें, पुराने तौर-तरीकों को चुनौती दें और अपने अनुभवों से मिली सीख अगली पीढ़ी के स्टोरीटेलर्स और ब्रैंड निर्माण से जुड़े लोगों तक पहुंचाएं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

डॉ. संदीप गोयल की अध्यक्षता में AAAI का नया बोर्ड घोषित, कई प्रमुख नाम शामिल

भारतीय विज्ञापन उद्योग को साथ लाने की तैयारी, AAAI के नए बोर्ड में स्वतंत्र एजेंसियों, क्षेत्रीय कारोबार और बड़ी विज्ञापन कंपनियों को जगह

Last Modified:
Wednesday, 14 October, 2026
aaai

भारतीय विज्ञापन उद्योग के प्रमुख संगठन ‘एडवरटाइजिंग एजेंसीज एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ (AAAI) ने वर्ष 2026-27 के लिए अपने नए बोर्ड की घोषणा की है। रेडिफ्यूजन ब्रैंड सॉल्यूशंस के डॉ. संदीप गोयल AAAI के अध्यक्ष और अनदर आइडिया के जयदीप गांधी इसके उपाध्यक्ष हैं। नए बोर्ड में अलग-अलग आकार की एजेंसियों, विशेषज्ञता वाले कारोबारों और विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व शामिल है। संगठन का उद्देश्य उद्योग के विभिन्न वर्गों को प्रतिनिधित्व देना और उनके बीच सहयोग को मजबूत करना है।

स्वतंत्र और क्षेत्रीय एजेंसियों को प्रतिनिधित्व: इस वर्ष स्वतंत्र एजेंसियों की ओर से बोर्ड में रतन बत्रा प्राइवेट लिमिटेड के पुनीत बत्रा, पैम एडवरटाइजिंग के सुनील छाबड़ा, 3 ब्रदर्स एंड फिल्स के हेमेंद्र पारेख, नवनीतलाल एंड कंपनी के देवांग एम. गांधी और सिचुएशंस एडवरटाइजिंग एंड मार्केटिंग के अंजन चटर्जी शामिल हैं। क्षेत्रीय विज्ञापन कारोबारों का प्रतिनिधित्व स्टैंडर्ड पब्लिसिटी की प्रियंका चटर्जी, स्लोका एडवरटाइजिंग के के. श्रीनिवास, मैत्री एडवरटाइजिंग के सी. मुथु और क्रेयॉन्स एडवरटाइजिंग के कुनाल ललानी करेंगे।

बोर्ड में सहयोजित सदस्य के रूप में शामिल अंजन चटर्जी ने विज्ञापन क्षेत्र में अपने करियर के साथ ओह! कलकत्ता और मेनलैंड चाइना जैसे रेस्तरां ब्रैंड भी विकसित किए हैं। उनका अनुभव उद्यमिता, ब्रैंड निर्माण और उपभोक्ता अनुभव से जुड़े पहलुओं को बोर्ड के काम में शामिल करेगा।

रचनात्मकता, रणनीति और मीडिया विशेषज्ञता पर जोर: नए बोर्ड में बीबीडीओ इंडिया के जोसी पॉल और ऑर्चर्ड एडवरटाइजिंग के अमितेश राव भी शामिल हैं। दोनों विज्ञापन क्षेत्र के अनुभवी नाम हैं और अपनी रचनात्मक एवं रणनीतिक विशेषज्ञता से बोर्ड के काम में योगदान देंगे। वहीं, लियो बर्नेट के ललातेंदु दास मीडिया क्षेत्र की विशेषज्ञता को मजबूत करेंगे।

बोर्ड में निरंतरता और संस्थागत अनुभव को भी महत्व दिया गया है। इस क्रम में आर. के. स्वामी के श्रीनिवासन के. स्वामी, मैडिसन कम्युनिकेशंस के सैम बलसारा, डब्ल्यूपीपी मीडिया के प्रशांत कुमार, मैट्रिक्स पब्लिसिटीज एंड मीडिया इंडिया के विष्णुदास हरदासानी, एफसीबी उल्का एडवरटाइजिंग के धीरज सिन्हा, ओगिल्वी एंड माथर की हेफ्जीबा पाठक, इनोशन वर्ल्डवाइड कम्युनिकेशन के संतोष कुमार, एवरेस्ट ब्रैंड सॉल्यूशंस की तान्या गोयल, प्लेटिनम एडवरटाइजिंग के अजीत वर्गीज, ओम्निकॉम मीडिया के कार्तिक शर्मा, हवास मीडिया के मोहित जोशी और पब्लिसिस कम्युनिकेशंस की अनुप्रिया आचार्य संगठन के साथ अपना जुड़ाव जारी रखेंगे। इसके अलावा, शशि सिन्हा और विक्रम सखूजा विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में संगठन के काम में अपना अनुभव और विचार साझा करेंगे।

प्रमुख विज्ञापन और मीडिया नेटवर्क भी बोर्ड में शामिल: AAAI के नए बोर्ड में ओगिल्वी, रेडिफ्यूजन, इनोशन और साची एंड साची जैसी प्रमुख पूर्ण-सेवा विज्ञापन एजेंसियों का प्रतिनिधित्व बना रहेगा। वहीं, डब्ल्यूपीपी मीडिया, ओम्निकॉम मीडिया, हवास मीडिया, पब्लिसिस मीडिया और मैडिसन जैसे बड़े मीडिया कारोबारों की विशेषज्ञता भी बोर्ड को मिलेगी।

क्रिएटिविटी, मीडिया और एआई-टेक्नोलॉजी पर नई पहल की तैयारी: AAAI के अध्यक्ष डॉ. संदीप गोयल ने नए बोर्ड को लेकर कहा कि इसमें स्थापित इंडस्ट्री लीडर्स के अनुभव, स्वतंत्र उद्यमियों की ऊर्जा और विज्ञापन क्षेत्र की प्रतिभाओं को एक साथ लाया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन की कोशिश है कि भारतीय विज्ञापन उद्योग की विविधता को बोर्ड में सही प्रतिनिधित्व मिले और स्वतंत्र एजेंसियों को अपनी बात रखने तथा भागीदारी बढ़ाने के अधिक अवसर मिलें।

डॉ. गोयल के मुताबिक, संगठन आने वाले सप्ताह में रचनात्मकता, मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और टेक्नोलॉजी से जुड़ी कुछ नई पहलों की घोषणा करेगा। इन पहलों में स्वतंत्र एजेंसियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। संगठन के अनुसार, बोर्ड में व्यापक प्रतिनिधित्व का उद्देश्य उद्योग के भीतर सहयोग को मजबूत करना है। साथ ही, प्रतिभाओं के विकास, कारोबार की वृद्धि और तकनीकी बदलावों से पैदा होने वाले अवसरों पर AAAI के काम को दिशा देना भी इसका हिस्सा है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

त्योहारों में स्थानीय रंग: क्षेत्रीय पर्व बने विज्ञापन जगत का नया बड़ा दांव

ब्रैंड अब हर राज्य की भाषा, परंपरा और भावना के हिसाब से अलग योजना बना रहे हैं। साथ ही अर्थव्यवस्था की ताजा चुनौतियों ने सीजन पर अनिश्चितता भी डाल दी है।

Last Modified:
Tuesday, 13 October, 2026
Marketing541

दिवाली को भारत का सबसे बड़ा विज्ञापन मौसम माना जाता रहा है। पर इस साल की कहानी कुछ और बता रही है। ओणम बीत चुका है, नवरात्र चल रहा है, और दुर्गा पूजा व दिवाली आने वाली हैं। ब्रैंड अब हर राज्य की भाषा, परंपरा और भावना के हिसाब से अलग योजना बना रहे हैं। साथ ही अर्थव्यवस्था की ताजा चुनौतियों ने सीजन पर अनिश्चितता भी डाल दी है।

मार्केट का आकार: अनुमान अलग-अलग

पिच मैडिसन ऐडवर्टाइजिंग रिपोर्ट 2026 के मुताबिक भारत का विज्ञापन खर्च 2026 में 1,74,605 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, जो 2025 के 1,55,105 करोड़ रुपये से 12-13% अधिक है। डिजिटल की हिस्सेदारी 42% से बढ़कर 46% हो गई है।  

त्योहारी विज्ञापन पर अनुमान काफी बिखरे हुए हैं। 'इम्पैक्ट' मैगजीन के अनुसार देश का कुल विज्ञापन मार्केट 2026 में करीब 9.7% बढ़ने की उम्मीद है, पर त्योहारी विज्ञापन पर अनुमान 3-5% से 15% तक फैले हैं। मुद्रा की रुपाली चावन 10-12% वृद्धि मानती हैं। आर.के. स्वामी मीडिया ग्रुप के के. सत्यनारायणन 15% वृद्धि की उम्मीद रखते हैं। द इंटरमेंटलिस्ट के फाउंडर शिवाशीष तरकस 3-5% का अनुमान रखते हैं और 4% को अपना आधार मानते हैं।  

डेटम इंटेलिजेंस ने सीजन शुरू होने से पहले त्योहारी विज्ञापन खर्च 60,000-62,000 करोड़ रुपये और 13-17% वृद्धि का अनुमान दिया था, जिसमें डिजिटल की हिस्सेदारी 67.8% थी। डिजिटल की हिस्सेदारी पर भी आंकड़े अलग हैं। पिच मैडिसन का 46% पूरे साल के विज्ञापन खर्च का है, डेंटसू इंडिया का 50-55% त्योहारी मीडिया निवेश का, और डेटम का 67.8% उसके अपने त्योहारी अनुमान का। इसलिए इन आंकड़ों को सीधे जोड़ा या तुलना नहीं किया जा सकता।  

"दिवाली अकेला त्योहार नहीं रहा"

22फीट की मैनेजिंग पार्टनर शिखा दावेसर के अनुसार भारत बेहद बंटा हुआ मार्केट है और एक त्योहार मनाने का तरीका क्षेत्र-दर-क्षेत्र बदल जाता है। इसलिए उनकी कंपनी की त्योहारी योजना अब राष्ट्रीय ब्रीफ से नहीं, मार्केट की सांस्कृतिक समझ से शुरू होती है। मैसूर की साइकिल प्योर अगरबत्ती के मैनेजिंग डायरेक्टर अर्जुन रंगा ने कहा कि उत्तर भारत में दिवाली बड़ा पर्व है, जबकि पूर्वी भारत के उपभोक्ताओं के लिए दुर्गा पूजा उतना ही अहम है। 

बाटा इंडिया के बद्री बेरीवाल के मुताबिक बाटा के त्योहारी बजट का एक बड़ा हिस्सा क्षेत्रीय मार्केटिंग में जा रहा है, जिसमें पूर्व में दुर्गा पूजा और दक्षिण में ओणम जैसे अवसर शामिल हैं। इसके लिए कंपनी मार्केट-विशेष कलेक्शन और स्थानीय चेहरों का इस्तेमाल कर रही है।  

ओणम (बीत चुका): राष्ट्रीय ब्रैंड्स की शुरुआती परीक्षा

ओणम के बाद एक्सचेंज4मीडिया (26 अगस्त) की रिपोर्ट में मीडिया एजेंसियों ने कहा कि इस साल ओणम ने राष्ट्रीय आकार की हलचल पैदा की। मुद्रा की स्ट्रैटेजी प्रमुख एट्रेयी चक्रवर्ती के अनुसार ओणम त्योहारी सीजन की शुरुआती घंटी बनता जा रहा है, खासकर राष्ट्रीय ब्रैंड्स के लिए। ओम्निकॉम मीडिया इंडिया के अजय वर्गीज ने बताया कि उनकी एजेंसी को ओणम के दौरान केरल के मौसमी बजट में आमतौर पर 15-20% की बढ़त दिखती है। लक्ष्या मीडिया ग्रुप के युवराज अग्रवाल के मुताबिक क्लाइंट अब समझते हैं कि राष्ट्रीय फिल्म को मलयालम में डब करना कैंपेन नहीं कहलाता, और ब्रीफ मलयालम-प्रथम, केरल की जड़ों वाले काम की मांग करते हैं।

सीजन से पहले के अनुमान इस तरह थे। मनोरमा ऑनलाइन का अनुमान था कि ओणम पर विज्ञापन खर्च पिछले साल से 10-15% बढ़ेगा और ओणम महीने की गतिविधि सामान्य महीने से कम से कम 60% ज्यादा रहेगी। वर्स इनोवेशन के सह-संस्थापक उमंग बेदी के अनुसार उनके मलयालम प्लेटफॉर्म पर ओणम 2025 में राष्ट्रीय और वैश्विक विज्ञापनदाताओं का हिस्सा लगभग 68% इम्प्रेशन और 84% त्योहारी राजस्व रहा। यह आंकड़ा पिछले साल का है और सिर्फ वर्स प्लेटफॉर्म का, पूरे केरल मार्केट का नहीं। मीडिया केयर ब्रैंड सॉल्यूशंस के यासिन हमीदानी के अनुसार इंडस्ट्री अनुमानों में 2025 में केरल के त्योहारी विज्ञापन खर्च में डिजिटल की हिस्सेदारी लगभग 40-45% थी।

आउटडोर पर ओणम से पहले (17 अगस्त) मालाबार ऐडवर्टाइजिंग के विष्णुजीत पी.के. ने ओणम से जुड़े OOH खर्च में पिछले साल से लगभग 15-20% वृद्धि का अनुमान दिया था। डीजीटीओओएचएल की शिवालिका आनंद का अनुमान भी 15-20% था, जबकि सृष्टि मीडिया के मनदीप मल्होत्रा का 10-15%। अग्रवाल के अनुसार ओणम शुरू होते समय राज्य में कोई प्रीमियम आउटडोर साइट खाली नहीं बची थी।  

माध्यमों के हिस्से पर विशेषज्ञ एकमत नहीं थे। मातृभूमि के नवीन एस ने टीवी का हिस्सा 35-40% रहने की उम्मीद जताई थी, जबकि मलयाला मनोरमा के वरघीस चांडी ने प्रिंट का हिस्सा लगभग 35% और टीवी का लगभग 30% बताया था। मुद्रा की चक्रवर्ती के अनुसार कुछ योजनाओं में लीनियर टीवी और डिजिटल वीडियो का अनुपात 80:20 से बदलकर 60:40 हो गया। लक्ष्या के अग्रवाल ने बताया कि बार्क रेटिंग्स बंद होने से विज्ञापनदाता टीवी से भागे नहीं, पर पिछले साल के बेंचमार्क के आधार पर कीमतों पर ज्यादा मोलभाव करते रहे।  

नवरात्र: मांग की पहली असली परीक्षा

नवरात्र के साथ त्योहारी तिमाही की रफ्तार तेज होती है। एक्सचेंज4मीडिया के मुताबिक अब Q4 नौ हफ्तों की रिले रेस जैसा है, जो नवरात्र के आसपास से शुरू होकर दशहरा, करवा चौथ और दिवाली से होते हुए नए साल तक चलता है। पिछले साल को आधार बनाएं तो हकुहोदो डेटा लैब्स इंडिया की सीईओ श्वेता शर्मा के अनुसार GST 2.0 का लागू होना नवरात्र की शुरुआत के साथ मेल खा गया था और रेडसीर के आंकड़ों में पहले 11 दिनों में 60,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का GMV हुआ, जो 20-22% बढ़ा। उनके मुताबिक इस साल उस ऊंचे आधार के सामने कम वृद्धि दर गणित का मामला है, कमजोरी का संकेत नहीं।

टीजीटीएचआर के सीईओ राहुल वेंगलिल के अनुसार इस साल खरीदारी में देरी दिख रही है, इसलिए दिवाली लगभग हर ब्रैंड के लिए अहम होगी। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले साल GST बदलावों के कारण त्योहार से पहले एक महीने की सुस्ती रही थी, जबकि इस साल वृद्धि सकारात्मक है, हालांकि ब्रैंड्स पर मार्जिन का दबाव बना हुआ है। 

दुर्गा पूजा (17-21 अक्टूबर): पूर्वी भारत की परीक्षा

दुर्गा पूजा 17 से 21 अक्टूबर तक चलेगी। पिछले साल (22 सितंबर 2025) की स्टोरीबोर्ड18 की रिपोर्ट में पल्प स्ट्रैटेजी की अंबिका शर्मा ने कहा था कि कई राष्ट्रीय ब्रैंड त्योहारी बजट का लगभग 8-10% पूजा के लिए रखते हैं, जबकि बंगाल और पूर्व की क्षेत्रीय बड़ी कंपनियों के लिए यह 25-30% तक हो सकता है। मीडिया केयर के यासिन हमीदानी ने उसी रिपोर्ट में कहा था कि FMCG, फैशन, ज्वेलरी और इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रैंड त्योहारी बजट का 20-30% पूजा को देते हैं। ये दोनों आंकड़े पिछले साल के हैं और अलग-अलग श्रेणियों के बारे में हैं। 

पूजा के आउटडोर कारोबार पर एक्सचेंज4मीडिया की 1 अक्टूबर की रिपोर्ट में कोलकाता की अरुण साइन सर्विस के निदेशक राहुल बिस्वास ने पश्चिम बंगाल में 10 दिनों के पूजा OOH कारोबार को 800-1,000 करोड़ रुपये बताया। उन्होंने साफ किया कि कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं है और यह उनके पिछले 3-4 साल के कारोबार पर आधारित अनुमान है।  

लक्ष्या मीडिया के युवराज अग्रवाल के अनुसार 2024 में आरजी कर घटना के बाद ब्रैंड्स ने पूजा खर्च में अनुमानतः 25-35% की कटौती की थी, और 2025 में पूजा विज्ञापन 18-25% के अनुमानित उछाल के साथ लौटा। उन्होंने यह भी कहा कि पूजा का ज्यादातर खर्च स्पॉन्सरशिप या एक्टिवेशन बजट में गिना जाता है, इसलिए वह OOH के आंकड़ों से बाहर रह जाता है। ब्रैंड्स के स्तर पर साड़ी ब्रैंड सुता ने कोलकाता में OOH निवेश लगभग 3-4 लाख से बढ़ाकर 5-6 लाख रुपये (करीब 50%) कर दिया है। 

सरकार भी पूजा को ब्रैंड बना रही है। यूएनआई के अनुसार पश्चिम बंगाल सरकार का कैंपेन 'बिश्वजुड़े बांगालिर आबेग' टाइम्स स्क्वायर, बुर्ज खलीफा और पिकाडिली लाइट्स के साथ राज्य के 1,000 प्रमुख पंडालों तक जाएगा और इसका लक्ष्य 2 अरब व्यूज/इम्प्रेशन है।  

डिजिटल, क्रिएटर और दिवाली की तैयारी

डेंटसू इंडिया का अनुमान है कि त्योहारी मीडिया निवेश में डिजिटल की हिस्सेदारी 50-55%, टीवी की 25-30%, प्रिंट की 8-10% और OOH/DOOH की 6-8% रहेगी। क्योरूज के अनुसार भारत में त्योहारी इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग का खर्च 2026 में 900 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है, जो पिछले साल के लगभग 700 करोड़ से 29% अधिक है। 

 त्योहारी सीजन पर नया दबाव

त्योहारों से ठीक पहले अर्थव्यवस्था से तीन झटके आए हैं। एक्सचेंज4मीडिया की 12 अक्टूबर की रिपोर्ट के अनुसार आरबीआई ने रेपो दर 25 आधार अंक बढ़ाकर 5.50% की और रुख 'न्यूट्रल' से 'कैलिब्रेटेड टाइटनिंग' (सोच-समझकर सख्ती) कर लिया। इसके बाद सेंसेक्स 1,000 से ज्यादा अंक गिरा, और मौसम विभाग के अनुसार मानसून में लगभग 13% की कमी रही। ब्याज दर बढ़ने से कर्ज महंगा हो सकता है, शेयर बाजार की गिरावट से भरोसा डगमगा सकता है और कमजोर मानसून से ग्रामीण मांग पर असर पड़ सकता है। ये तीनों बातें ऐसे समय आई हैं जब त्योहारी मांग विज्ञापन बजट की दिशा तय करती है। 

कंपनियों की लागत भी बढ़ रही है। रिपोर्ट के अनुसार गोदरेज कंज्यूमर और डाबर जैसी बड़ी FMCG कंपनियों ने जुलाई-सितंबर तिमाही में कच्चे माल की महंगाई से मार्जिन पर दबाव की बात कही है। पारले प्रोडक्ट्स के सीएमओ मयंक शाह ने पिछले महीने कहा था कि कंपनी इंतजार की नीति पर है और विज्ञापन खर्च में कुछ तर्कसंगत कटौती होगी। गोल्डमेडल इलेक्ट्रिकल्स के किशन जैन के अनुसार शेयर बाजार की अस्थिरता से ज्यादा असर मानसून की कमी का पड़ेगा, खासकर ग्रामीण और कीमत-संवेदनशील बाजारों में। उन्हें मांग में मामूली गिरावट की आशंका है, बड़ी सुस्ती की नहीं, और उनकी कंपनी ने त्योहारी विज्ञापन बजट पिछले साल जितना ही रखा है। 

फिलहाल बड़े पैमाने पर कटौती के संकेत नहीं हैं। डेंट्सूएक्स के अनिल सोलंकी के अनुसार मांग में एकसमान सुस्ती की जगह असमान वृद्धि दिखेगी। जरूरी और किफायती उत्पाद प्रीमियम व बड़ी खरीदारी वाली श्रेणियों से बेहतर टिकेंगे। उनका अनुमान है कि विज्ञापन खर्च मोटे तौर पर मजबूत रहेगा, पर ब्रैंड अतिरिक्त निवेश में ज्यादा चयनात्मक होंगे और परफॉर्मेंस-आधारित डिजिटल, रिटेल मीडिया और क्षेत्रीय टार्गेटिंग को तरजीह देंगे। यानी असर कुल बजट से ज्यादा इस बात पर दिख सकता है कि पैसा कहां और कितनी सावधानी से लगाया जाए। सीजन से पहले के अनुमान, जैसे डेटम इंटेलिजेंस का 13-17% वृद्धि वाला अनुमान, इन ताजा घटनाओं से पहले बने थे। रिपोर्ट के अनुसार यह इस पर निर्भर करेगा कि आने वाले हफ्तों में उपभोक्ता मांग, कीमतें और कंपनियों का खर्च कैसे बदलते हैं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

Veritaas Advertising पर लागू नहीं होंगे कॉरपोरेट गवर्नेंस के नियम, कंपनी ने दी जानकारी

विज्ञापन क्षेत्र की कंपनी वेरिटास ऐडवर्टाइजिंग लिमिटेड (Veritaas Advertising Limited) ने कहा है कि उस पर भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के कॉरपोरेट गवर्नेंस से जुड़े कुछ नियम लागू नहीं होते।

Last Modified:
Tuesday, 13 October, 2026
Veritaas32

विज्ञापन क्षेत्र की कंपनी वेरिटास ऐडवर्टाइजिंग लिमिटेड (Veritaas Advertising Limited) ने कहा है कि उस पर भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के कॉरपोरेट गवर्नेंस से जुड़े कुछ नियम लागू नहीं होते। कंपनी ने 10 अक्टूबर, 2026 को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) को इसकी जानकारी दी।

कंपनी ने बताया कि सेबी के लिस्टिंग दायित्वों और जानकारी देने से जुड़े नियम, 2015 के नियम 15 के तहत उसे कॉरपोरेट गवर्नेंस से जुड़े निर्धारित प्रावधानों का पालन करने से छूट मिली हुई है। यह छूट 30 सितंबर, 2026 को समाप्त तिमाही के लिए लागू है।

NSE Emerge पर लिस्टेड है कंपनी

वेरिटास ऐडवर्टाइजिंग ने अपने पत्र में बताया कि उसके शेयर NSE Emerge प्लेटफॉर्म पर लिस्टेड हैं। इसी आधार पर कंपनी ने कहा कि उस पर संबंधित कॉरपोरेट गवर्नेंस प्रावधान लागू नहीं होते।

सेबी के नियमों के मुताबिक, कुछ निर्धारित शर्तों को पूरा करने वाली कंपनियों को कॉरपोरेट गवर्नेंस से जुड़े प्रावधानों से छूट मिल सकती है। इनमें ऐसी कंपनियां शामिल हैं, जिनकी चुकता इक्विटी शेयर पूंजी 10 करोड़ रुपये से अधिक नहीं है और पिछले वित्त वर्ष के अंतिम दिन उनकी कुल संपत्ति 25 करोड़ रुपये से अधिक नहीं है। इसके अलावा, SME एक्सचेंज पर अपने निर्धारित शेयर सूचीबद्ध कराने वाली कंपनियां भी इस नियम के दायरे में आती हैं।

किन नियमों से संबंधित है छूट?

कंपनी ने अपने पत्र में सेबी के नियमों के तहत कॉरपोरेट गवर्नेंस से जुड़े कई प्रावधानों का उल्लेख किया है। इनमें निदेशक मंडल, उसकी समितियों, निदेशकों की जिम्मेदारियों और कंपनी के कामकाज में पारदर्शिता से संबंधित नियम शामिल हैं।

वेरिटास ऐडवर्टाइजिंग के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर देबज्योति बनर्जी ने यह जानकारी जारी की है। कंपनी ने यह पत्र NSE के लिस्टिंग विभाग को भेजा है।

English Keywords

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

जनवरी-जुलाई में न्यूज टीवी विज्ञापन 7% घटे, गिरावट की रफ्तार हुई धीमी: TAM AdEx

न्यूज चैनलों पर टेलीविजन विज्ञापन का दबाव 2026 के शुरुआती सात महीनों में भी बना रहा, लेकिन गिरावट की रफ्तार में काफी कमी आई है।

Last Modified:
Friday, 09 October, 2026
TVad98

न्यूज चैनलों पर टेलीविजन विज्ञापन का दबाव 2026 के शुरुआती सात महीनों में भी बना रहा, लेकिन गिरावट की रफ्तार में काफी कमी आई है। TAM AdEx के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से जुलाई 2026 के दौरान न्यूज जॉनर में विज्ञापन वॉल्यूम साल-दर-साल 7% घटा।

इसकी तुलना जनवरी-जुलाई 2025 से करें तो उस दौरान न्यूज जॉनर के विज्ञापन वॉल्यूम में सालाना आधार पर 15% की गिरावट दर्ज की गई थी। यानी इस साल गिरावट की रफ्तार लगभग आधी रह गई है। इससे संकेत मिलता है कि टेलीविजन विज्ञापन मार्केट में कुछ हद तक स्थिरता के संकेत दिखाई दे रहे हैं, हालांकि ब्रॉडकास्टर्स पर टीवी विज्ञापन खर्च को लेकर दबाव अभी भी बना हुआ है।

TAM AdEx का यह विश्लेषण टेलीविजन पर प्रसारित कमर्शियल विज्ञापनों से जुड़ा है। इसमें प्रोग्राम प्रोमो और सोशल विज्ञापनों को शामिल नहीं किया गया है। एजेंसी 600 से ज्यादा टीवी चैनलों की निगरानी करती है।

न्यूज टीवी पर विज्ञापनदाताओं की पसंद बदली

न्यूज टीवी पर विज्ञापन देने वाले क्षेत्रों के मिश्रण में भी बदलाव देखने को मिला है। जनवरी-जुलाई 2026 के दौरान फूड एंड बेवरेजेज सबसे बड़ा विज्ञापन क्षेत्र बनकर उभरा। इसका न्यूज जॉनर के कुल विज्ञापन वॉल्यूम में 14% हिस्सा रहा।

पिछले साल सबसे आगे रहने वाला सर्विसेज सेक्टर इस बार दूसरे स्थान पर रहा और उसका हिस्सा 13% रहा। इसके बाद एजुकेशन 10%, बिल्डिंग, इंडस्ट्रियल एंड लैंड मैटेरियल्स एंड इक्विपमेंट 8% और बैंकिंग, फाइनेंस एंड इन्वेस्टमेंट तथा ऑटोमोबाइल्स 7-7% रहे। वहीं पर्सनल केयर एंड पर्सनल हाइजीन, पर्सनल हेल्थकेयर और हाउसहोल्ड प्रोडक्ट्स का हिस्सा 6-6% रहा। पर्सनल एक्सेसरीज का हिस्सा 5% रहा।

टॉप 10 सेक्टर्स ने मिलकर जनवरी-जुलाई 2026 के दौरान न्यूज टीवी के कुल विज्ञापन वॉल्यूम का 81% हिस्सा बनाया।

एजुकेशन, BFSI और कंज्यूमर कैटेगरी की स्थिति मजबूत

सेक्टर की रैंकिंग में बदलाव से पता चलता है कि अलग-अलग कैटेगरी में विज्ञापन की मांग का दायरा बढ़ रहा है। एजुकेशन पिछले साल के पांचवें स्थान से बढ़कर इस साल तीसरे स्थान पर पहुंच गया। बैंकिंग, फाइनेंस एंड इन्वेस्टमेंट भी नौवें स्थान से बढ़कर सातवें स्थान पर आ गया। पर्सनल केयर एंड पर्सनल हाइजीन आठवें स्थान से सातवें स्थान पर पहुंचा।

इसके उलट पर्सनल हेल्थकेयर चौथे स्थान से गिरकर आठवें स्थान पर आ गया। बिल्डिंग, इंडस्ट्रियल एंड लैंड मैटेरियल्स एंड इक्विपमेंट भी तीसरे स्थान से खिसककर चौथे स्थान पर पहुंच गया।

आंकड़ों से पता चलता है कि न्यूज टीवी पर बड़े पैमाने पर उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाले क्षेत्रों के साथ-साथ ऐसे सेक्टर भी विज्ञापन दे रहे हैं, जिन्हें व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंच चाहिए। इनमें FMCG, एजुकेशन, फाइनेंशियल सर्विसेज और ऑटोमोबाइल प्रमुख हैं।

रिटेल आउटलेट्स और ज्वेलर्स सबसे बड़ी कैटेगरी

कैटेगरी के स्तर पर रिटेल आउटलेट्स और ज्वेलर्स सबसे बड़ी कैटेगरी रही। इसका न्यूज जॉनर के विज्ञापन वॉल्यूम में 5% हिस्सा रहा। इसके बाद मल्टीपल कोर्सेज 4% के साथ दूसरे स्थान पर रहे। स्पाइसेज, वोकेशनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट्स, ई-कॉमर्स/मीडिया/एंटरटेनमेंट/सोशल मीडिया और कारों में से प्रत्येक का हिस्सा करीब 3% रहा।

टॉयलेट और फ्लोर क्लीनर्स और टॉयलेट सोप्स भी प्रमुख कैटेगरी में बने रहे। सीमेंट और टू-व्हीलर्स का हिस्सा 2-2% रहा।

पिछले साल की तुलना में कई कैटेगरी की रैंकिंग में बड़ा बदलाव हुआ। मल्टीपल कोर्सेज छठे से दूसरे स्थान पर पहुंच गए। स्पाइसेज 11वें से तीसरे, वोकेशनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट्स नौवें से चौथे और ई-कॉमर्स/मीडिया/एंटरटेनमेंट/सोशल मीडिया 10वें से पांचवें स्थान पर पहुंच गया। टू-व्हीलर्स की रैंकिंग में भी बड़ा सुधार हुआ और यह 15वें स्थान से बढ़कर 10वें स्थान पर आ गया।

इसके उलट कार, टॉयलेट और फ्लोर क्लीनर्स, टॉयलेट सोप्स और सीमेंट की रैंकिंग जनवरी-जुलाई 2025 के मुकाबले नीचे आई।

न्यूज टीवी पर 3,400 से ज्यादा विज्ञापनदाता

जनवरी-जुलाई 2026 के दौरान न्यूज टीवी पर विज्ञापनदाताओं का आधार काफी व्यापक रहा। TAM AdEx के मुताबिक, उसके टॉप विज्ञापनदाता समूह में 3,400 से ज्यादा विज्ञापनदाता मौजूद थे।

Reckitt Benckiser (India) लगातार पहले स्थान पर रहा। इसके बाद Patanjali Ayurved और SBS Biotech रहे। GCMMF (Amul) पांचवें स्थान से बढ़कर तीसरे स्थान पर आ गया। वहीं LIC of India आठवें स्थान से बढ़कर पांचवें स्थान पर पहुंचा। Godrej Consumer Products छठे और Policybazaar Insurance Brokers सातवें स्थान पर रहा।

टॉप 10 में दो नए नाम भी शामिल हुए। TVS Motor Company पिछले साल के 29वें स्थान से बढ़कर आठवें स्थान पर पहुंच गई। वहीं Mahashiya Di Hatti 24वें स्थान से बढ़कर नौवें स्थान पर आ गई। जनवरी-जुलाई 2025 में छठे स्थान पर रहने वाली Lalithaa Jewellery Mart इस बार 10वें स्थान पर रही।

टॉप 10 विज्ञापनदाताओं ने मिलकर न्यूज जॉनर के कुल विज्ञापन वॉल्यूम का करीब एक-पांचवां हिस्सा यानी लगभग 20% बनाया। इनमें से छह विज्ञापनदाताओं की रैंकिंग में इस अवधि के दौरान सुधार हुआ।

Policybazaar सबसे आगे, ChatGPT भी टॉप 10 ब्रैंड्स में

ब्रैंड के स्तर पर Policybazaar.Com जनवरी-जुलाई 2026 के दौरान न्यूज टीवी पर सबसे ज्यादा विज्ञापन देने वाला प्रमुख ब्रैंड रहा। इसके बाद Lalithaa Jewellery, Harpic Power Plus 10x Total Clean, Ultratech Cement और Dettol Toilet Soaps रहे।

टॉप ब्रैंड्स की सूची में Aaina Jibonor, Pet Saffa, Dettol Antiseptic Liquid और Muthoot Fin Loan Against Gold भी शामिल रहे। वहीं ChatGPT ने टॉप 10 में 10वें स्थान पर जगह बनाई।

TAM AdEx के मुताबिक, इस अवधि में टीवी पर 5,100 से ज्यादा ब्रैंड्स मौजूद रहे। टॉप 10 ब्रैंड्स में से तीन Reckitt Benckiser (India) के थे। यह न्यूज चैनलों पर कंज्यूमर और घरेलू उत्पादों के विज्ञापनों की लगातार बनी अहमियत को दिखाता है।

टॉप 10 ब्रैंड्स ने मिलकर टेलीविजन के कुल विज्ञापन वॉल्यूम का 8% हिस्सा बनाया।

स्पाइसेज, टू-व्हीलर्स और लाइफ इंश्योरेंस में तेज बढ़त

भले ही न्यूज जॉनर के कुल विज्ञापन वॉल्यूम में गिरावट आई हो, लेकिन कई अलग-अलग कैटेगरी में मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई। स्पाइसेज के विज्ञापन वॉल्यूम में 30% की बढ़ोतरी हुई और टॉप ग्रोथ वाली कैटेगरी में इसके विज्ञापन सेकंडेज में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज हुई।

मल्टीपल कोर्सेज में 19% और टू-व्हीलर्स में 33% की बढ़ोतरी हुई। लाइफ इंश्योरेंस के विज्ञापन में 30% और वोकेशनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट्स में 14% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रतिशत के हिसाब से सबसे ज्यादा बढ़ोतरी सैनिटरी नैपकिन्स में हुई। जनवरी-जुलाई 2026 में इसके विज्ञापन वॉल्यूम में 5.5 गुना बढ़ोतरी हुई।

इसी तरह ई-कॉमर्स और अन्य सर्विसेज में 2.6 गुना और सोलर प्रोडक्ट्स में 3.6 गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई। एडिबल ऑयल के विज्ञापन में 35% और ई-कॉमर्स/मीडिया/एंटरटेनमेंट/सोशल मीडिया में 12% की बढ़ोतरी हुई। कुल मिलाकर 145 या उससे ज्यादा कैटेगरी ऐसी रहीं, जिनमें विज्ञापन वॉल्यूम बढ़ा। हालांकि न्यूज जॉनर का कुल विज्ञापन वॉल्यूम पिछले साल की तुलना में कम ही रहा।

हिंदी न्यूज अब भी विज्ञापन की सबसे बड़ी पसंद

भाषा के आधार पर हिंदी न्यूज जनवरी-जुलाई 2026 के दौरान न्यूज टीवी विज्ञापन मार्केट में सबसे आगे रही। इसका कुल विज्ञापन वॉल्यूम में 18% हिस्सा रहा। इसके बाद बंगाली न्यूज 14% और हिंदी रीजनल न्यूज 12% के साथ रहे। तमिल न्यूज और तेलुगु न्यूज का हिस्सा 10-10% रहा। कन्नड़ न्यूज का हिस्सा 9% था। वहीं मराठी और मलयालम न्यूज का हिस्सा 6-6% और असम न्यूज तथा गुजराती न्यूज का हिस्सा 5-5% रहा।

टॉप पांच न्यूज सब-जॉनर ने मिलकर कुल विज्ञापन वॉल्यूम का 59% हिस्सा बनाया। इससे पता चलता है कि देश के बड़े भाषा मार्केटों में विज्ञापन का दबाव और मांग अभी भी काफी केंद्रित है।

गिरावट धीमी हुई, लेकिन मार्केट पर दबाव बरकरार

TAM AdEx के आंकड़े बताते हैं कि न्यूज जॉनर के विज्ञापन मार्केट में गिरावट सभी क्षेत्रों में एक जैसी नहीं रही। कुल विज्ञापन वॉल्यूम में कमी के बावजूद अलग-अलग सेक्टर और कैटेगरी के बीच विज्ञापन खर्च का रुख बदल रहा है।

कंज्यूमर से सीधे जुड़े कारोबार, एजुकेशन, फाइनेंशियल सर्विसेज, मोबिलिटी, ई-कॉमर्स और सोलर प्रोडक्ट्स जैसी उभरती कैटेगरी न्यूज टीवी पर ज्यादा जगह बना रही हैं। जनवरी-जुलाई 2026 में दर्ज 7% की गिरावट, जनवरी-जुलाई 2025 में आई 15% की गिरावट के मुकाबले काफी कम है। इससे संकेत मिलता है कि न्यूज टीवी का विज्ञापन मार्केट तेज गिरावट के दौर से निकलकर अब अपेक्षाकृत धीमी गिरावट की स्थिति में पहुंचा है।

हालांकि, टॉप 10 सेक्टर्स का कुल विज्ञापन वॉल्यूम में 81% हिस्सा और टॉप 10 विज्ञापनदाताओं का करीब 20% हिस्सा यह भी दिखाता है कि मार्केट का एक बड़ा हिस्सा अभी भी सीमित संख्या में बड़े उद्योगों और बड़े विज्ञापनदाताओं पर निर्भर है।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए