होम / ऐड वर्ल्ड / प्रसून जोशी को मिलेगा AAAI लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड 2025
प्रसून जोशी को मिलेगा AAAI लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड 2025
शहूर क्रिएटिव लीडर, गीतकार और विज्ञापन जगत के दिग्गज प्रसून जोशी को AAAI लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड 2025 से सम्मानित किया जाएगा।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 3 months ago
इंडियन ऐडवरटाइजिंग इंडस्ट्री के बड़े संगठन, ऐडवर्टाइजिंग एजेंसीज एसोसिएशन ऑफ इंडिया (AAAI) ने आज घोषणा की है कि मशहूर क्रिएटिव लीडर, गीतकार और विज्ञापन जगत के दिग्गज प्रसून जोशी को AAAI लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड 2025 से सम्मानित किया जाएगा। यह अवॉर्ड इंडस्ट्री का सबसे बड़ा सम्मान माना जाता है और 1988 से हर साल उन लोगों को दिया जाता है जिन्होंने विज्ञापन जगत में लंबे समय तक बेहतरीन योगदान दिया है।
प्रसून जोशी इस समय McCann Worldgroup India के CEO और CCO हैं और साथ ही एशिया पैसिफिक रीजन के चेयरमैन भी हैं। करीब 30 साल से वे इंडियन ऐडवरटाइजिंग के चेहरों में शामिल रहे हैं। उनकी क्रिएटिविटी भारतीय संस्कृति, भावनाओं और मौलिकता पर आधारित होती है जिसकी वजह से भारतीय विज्ञापन की पहचान दुनिया भर में मजबूत हुई है।
विज्ञापन की दुनिया के अलावा, फिल्म इंडस्ट्री में भी उनके गीत और पटकथाएं कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड जीत चुकी हैं। वह इस इंडस्ट्री के सबसे कम उम्र के लोगों में से एक हैं जिन्हें पद्मश्री सम्मान मिला है।
AAAI के प्रेजिडेंट श्रीनिवासन के स्वामी ने कहा, "प्रसून जोशी हमारे समय के सबसे प्रेरणादायक क्रिएटिव व्यक्तियों में से एक हैं। भावनाओं, सांस्कृतिक समझ और गहरी सोच को कहानी में पिरोने की उनकी कला ने भारत के विज्ञापनों की पहचान वैश्विक स्तर पर बढ़ाई है।"
अवॉर्ड कमेटी के चेयरमैन जयदीप गांधी ने कहा, "प्रसून जोशी की यात्रा दिखाती है कि ईमानदार क्रिएटिविटी और मजबूत आइडियाज कैसे फर्क पैदा कर सकते हैं। कमेटी ने एकमत होकर उन्हें इस सम्मान के लिए चुना है।"
यह अवॉर्ड एक खास कार्यक्रम में आने वाले कुछ हफ्तों में दिया जाएगा।
AAAI यह अवॉर्ड उन लोगों को देता है जो कम से कम 25 साल तक विज्ञापन की दुनिया में सक्रिय रहे हों, टॉप मैनेजमेंट में रहे हों, इंडस्ट्री के विकास में अहम भूमिका निभाई हो और अपने काम से समाज के लिए भी कुछ खास किया हो।
इस सम्मान को पाने वालों में पहले भी कई दिग्गज शामिल रहे हैं- जैसे पीयूष पांडे, ऐलिक पदमसी, शशि सिन्हा, मधुकर कामथ, सैम बलसारा, विक्रम सक्सेना और कई अन्य।
1945 में बनी AAAI देश की प्रमुख विज्ञापन एजेंसी संस्था है जो इंडस्ट्री के विकास, प्रोफेशनल मानकों और एजेंसियों के हितों की रक्षा के लिए काम करती है।
टैग्स