होम / ऐड वर्ल्ड / इंडियन सोसाइटी ऑफ ऐडवर्टाइजर्स के CEO बने अतुल अग्रवाल, संभाली जिम्मेदारी
इंडियन सोसाइटी ऑफ ऐडवर्टाइजर्स के CEO बने अतुल अग्रवाल, संभाली जिम्मेदारी
देश के विज्ञापनदाताओं की शीर्ष संस्था इंडियन सोसाइटी ऑफ ऐडवर्टाइजर्स (ISA) ने अतुल अग्रवाल को अपना नया चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर नियुक्त किया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
देश के विज्ञापनदाताओं की शीर्ष संस्था इंडियन सोसाइटी ऑफ ऐडवर्टाइजर्स (ISA) ने अतुल अग्रवाल को अपना नया चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर नियुक्त किया है। अतुल अग्रवाल ने 2 जनवरी 2026 से ISA के CEO के तौर पर जिम्मेदारी संभाल ली है। ISA पिछले 70 साल से ज्यादा समय से देश के विज्ञापनदाताओं की आवाज के रूप में काम कर रही है।
अतुल अग्रवाल को करीब चार दशक का प्रोफेशनल अनुभव है। उन्होंने देश की कई बड़ी और प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ काम किया है। ब्रैंड बिल्डिंग, मीडिया, कॉरपोरेट कम्युनिकेशन और लीडरशिप में उनकी गहरी समझ मानी जाती है।
अपनी नियुक्ति पर अतुल अग्रवाल ने कहा कि ऐसे समय में ISA का नेतृत्व करना उनके लिए सम्मान की बात है जब मार्केटिंग और मीडिया तेजी से बदल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सालों में ब्रैंड, कंज्यूमर और टेक्नोलॉजी में आए बदलावों को करीब से देखने के बाद उन्हें लगता है कि विज्ञापनदाताओं की सामूहिक आवाज के रूप में ISA की भूमिका आज पहले से कहीं ज्यादा अहम हो गई है।
उन्होंने आगे कहा कि उनका फोकस पूरे विज्ञापन इकोसिस्टम के साथ मिलकर जिम्मेदार, असरदार और कुशल मार्केटिंग को आगे बढ़ाने पर होगा। इसमें विज्ञापनदाता, एजेंसियां, ब्रॉडकास्टर्स, मीडिया ओनर्स और अन्य सभी स्टेकहोल्डर्स शामिल होंगे। साथ ही मीडिया ट्रांसपेरेंसी और मेजरमेंट जैसे मुद्दों पर ISA के काम को और मजबूत किया जाएगा।
IIM अहमदाबाद से मैनेजमेंट की पढ़ाई कर चुके अतुल अग्रवाल ने FMCG और कॉरपोरेट सेक्टर में लंबा अनुभव हासिल किया है। उन्होंने हिन्दुस्तान लीवर और टाटा ग्रुप के हेडक्वार्टर में काम किया है, जहां वह कॉरपोरेट ब्रैंड मार्केटिंग, यूथ एंगेजमेंट, मीडिया बाइंग और बड़े स्पॉन्सरशिप प्रोग्राम्स से जुड़े रहे।
वह टाटा सर्विसेज का प्रतिनिधित्व करते हुए ISA की एग्जिक्यूटिव कमेटी का हिस्सा भी रह चुके हैं। इसके अलावा, वह वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ ऐडवर्टाइजर्स में 'ग्लोबल मार्केटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड' की जूरी का हिस्सा भी रह चुके हैं।
ISA के चेयरमैन सुनील कटारिया ने कहा कि अतुल अग्रवाल की नियुक्ति ऐसे अहम समय पर हुई है जब इंडस्ट्री एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है। उन्होंने कहा कि टाटा ग्रुप और हिन्दुस्तान लीवर में अतुल का लीडरशिप अनुभव और ISA से उनका पुराना जुड़ाव संस्था को मजबूत और पारदर्शी इंडस्ट्री स्टैंडर्ड्स बनाने, विज्ञापनदाताओं को बेहतर सपोर्ट देने और विज्ञापन को ज्यादा असरदार बनाने में मदद करेगा।
टैग्स