होम / एडमिशन-जॉब्स / दूरदर्शन विजयवाड़ा ने स्ट्रिंगर पैनल के लिए मांगे आवेदन, 28 जिलों में मौके
दूरदर्शन विजयवाड़ा ने स्ट्रिंगर पैनल के लिए मांगे आवेदन, 28 जिलों में मौके
दूरदर्शन केंद्र, विजयवाड़ा की रीजनल न्यूज इकाई (Regional News Unit) ने वर्ष 2026 के लिए स्ट्रिंगर के रूप में पैनल में शामिल होने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
दूरदर्शन केंद्र, विजयवाड़ा की रीजनल न्यूज इकाई (Regional News Unit) ने वर्ष 2026 के लिए स्ट्रिंगर के रूप में पैनल में शामिल होने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह मौका आंध्र प्रदेश के अलग-अलग जिलों में रहने वाले अनुभवी पत्रकारों और वीडियो जर्नलिस्ट्स के लिए है।
दूरदर्शन की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, आवेदन करने वाले उम्मीदवार को उसी जिले में रहना होगा, जिस जिले के लिए वह स्ट्रिंगर बनना चाहता है। आवेदन फॉर्म में जिले का नाम साफ-साफ लिखना जरूरी है। साथ ही यह भी बताया गया है कि स्ट्रिंगरशिप का मुख्य जिम्मेदार व्यक्ति उसी जिले में काम कर रहा हो और चयन के बाद भी वहीं काम करता रहे।
इस भर्ती के तहत आंध्र प्रदेश के कुल 28 जिलों में स्ट्रिंगर नियुक्त किए जाएंगे। इनमें ‘विशाखापट्टनम’, ‘विजयनगरम’, ‘श्रीकाकुलम’, ‘गुंटूर’, ‘कृष्णा’, ‘तिरुपति’, ‘कडप्पा’, ‘कुर्नूल’, ‘अनंतपुरम’, ‘चिट्टूर’, ‘ईस्ट गोदावरी’, ‘वेस्ट गोदावरी’ समेत कई जिले शामिल हैं।
दूरदर्शन ने साफ किया है कि चुने गए स्ट्रिंगरों से स्थानीय खबरें, करंट अफेयर्स, खेल, बिजनेस और अन्य विषयों पर खबरें और छोटे फीचर तैयार करने की उम्मीद की जाएगी। इसके लिए उम्मीदवार के पास न्यूज कवरेज का अनुभव, वीडियो शूटिंग और न्यूज जुटाने की समझ होनी चाहिए। दोपहिया या चारपहिया वाहन और मोबाइल फोन रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
आवेदन के साथ 1180 रुपये (GST सहित) का डिमांड ड्राफ्ट जमा करना अनिवार्य है। यह फीस रिफंड नहीं होगी। आवेदन बंद लिफाफे में भेजना होगा, जिस पर साफ तौर पर “Empanelment of Stringers of DD News 2026” लिखा होना चाहिए।
आवेदन भेजने की अंतिम तारीख 20 फरवरी 2026 शाम 5 बजे तक तय की गई है। आवेदन दूरदर्शन केंद्र, विजयवाड़ा के रीजनल न्यूज यूनिट के हेड के पते पर भेजना होगा।
दूरदर्शन ने यह भी बताया है कि चयन प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों को टेस्ट कवरेज दिया जाएगा। टेस्ट कवरेज समय पर जमा करना जरूरी होगा, तभी इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। इंटरव्यू के दिन उम्मीदवारों के उपकरणों और दस्तावेजों की फिजिकल जांच भी की जाएगी।
स्ट्रिंगरों को कवरेज के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। लोकल कवरेज के लिए 1500 रुपये प्रति खबर दिए जाएंगे, जबकि जिले से बाहर की कवरेज के लिए 1800 रुपये का भुगतान होगा। भुगतान में ट्रांसपोर्ट और डिलीवरी चार्ज भी शामिल रहेगा।
लोकल कवरेज का मतलब है कि स्ट्रिंगर अपने ही जिले के अंदर खबर कवर करता है। यदि ऐसी कवरेज 6 घंटे से कम समय में पूरी हो जाती है, तो इसके लिए स्ट्रिंगर को 1500 रुपये मिलेंगे। यह रकम एक कवरेज के लिए तय की गई है। यदि लोकल कवरेज में 6 घंटे से ज्यादा समय लग जाता है, या खबर कवर करने के लिए 10 किलोमीटर से ज्यादा दूर-दूर की जगहों पर जाना पड़ता है, तो इसे एक नहीं बल्कि दो कवरेज माना जाएगा। ऐसी स्थिति में पहली कवरेज के लिए 1500 रुपये और दूसरी कवरेज के लिए 1000 रुपये दिए जाएंगे। यानी कुल मिलाकर स्ट्रिंगर को 2500 रुपये का भुगतान होगा।
आउटस्टेशन कवरेज वह होती है, जब स्ट्रिंगर को अपने जिले की सीमा से बाहर जाकर खबर कवर करनी पड़ती है। ऐसे मामलों में स्ट्रिंगर को प्रति कवरेज 1800 रुपये मिलेंगे। इसमें यह नहीं देखा जाएगा कि फुटेज कितनी लंबी है या उसका इस्तेमाल कहां और कैसे हुआ है।
आउटस्टेशन कवरेज के लिए मिलने वाली इस रकम में आने-जाने और खबर पहुंचाने का खर्च भी शामिल रहेगा। यानी इसके अलावा कोई अलग से ट्रांसपोर्ट या डिलीवरी चार्ज नहीं दिया जाएगा।
दूरदर्शन ने साफ किया है कि स्ट्रिंगरों का पैनल हर दो साल में रिवाइज किया जाएगा। काम की गुणवत्ता खराब होने, समय पर कवरेज न देने या गलत जानकारी देने जैसी स्थिति में स्ट्रिंगर को पैनल से हटाया भी जा सकता है।
किसी भी तरह की जानकारी या सवाल के लिए उम्मीदवार ई-मेल के जरिए रीजनल न्यूज यूनिट (rnu.vij@gmail.com) से संपर्क कर सकते हैं।
आवेदन भेजने का पता:
The Head of News , Regional News Unit, Doordarshan Kendra, Punnamathota, Opp; TTD
Kalyanamadapam, Vijayawada- 520010, Andhrapradesh
आवेदन फॉर्म डाउनलोड करें।
टैग्स