होम / विचार मंच / वह दिन दूर नहीं, जब पाकिस्तान में एक भी हिंदू नहीं बचेगा: राजीव सचान

वह दिन दूर नहीं, जब पाकिस्तान में एक भी हिंदू नहीं बचेगा: राजीव सचान

पाकिस्तान में आज भी पख्तून उपेक्षित हैं, लेकिन तमाम कठिनाइयों के बाद भी उनके अस्तित्व के लिए वैसा खतरा नहीं, जैसा पाकिस्तानी हिंदुओं के समक्ष है।

समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago

राजीव सचान, वरिष्ठ पत्रकार, एसोसिएट एडिटर, दैनिक जागरण।

गांधीजी के साथ अहिंसक तरीके से स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ने वाले सीमांत गांधी यानी खान अब्दुल गफ्फार खान भारत विभाजन के प्रबल विरोधी थे। वह चाहते थे कि यदि विभाजन हो भी तो नार्थ वेस्ट फ्रंटियर प्रांत यानी आज का खैबर पख्तूनख्वा भारत के साथ रहे। जब उनकी यह मांग नहीं मानी गई और भारत विभाजित हो गया तो उन्होंने गांधीजी से कहा था कि आपने हमें भेड़ियों के हवाले कर दिया। पाकिस्तान बनने के बाद वहां उनके साथ बुरा व्यवहार हुआ। उन्हें गद्दार कहा गया और जेल में भी डाला गया।

पाकिस्तान में आज भी पख्तून उपेक्षित हैं, लेकिन तमाम कठिनाइयों के बाद भी उनके अस्तित्व और उनकी अस्मिता के लिए वैसा खतरा नहीं, जैसा पाकिस्तानी हिंदुओं के समक्ष है। पाकिस्तानी हिंदू सचमुच ‘भेड़ियों’ के समक्ष हैं। उनका हरसंभव तरीके से लगातार ‘शिकार’ हो रहा है। इसे समझने के लिए पाकिस्तान से इसी रविवार को आई तीन खबरों से अवगत होइए।

पहली खबर में बताया गया कि पाकिस्तान के सिंध में कुछ डकैतों ने एक हिंदू मंदिर में फायरिंग के साथ राकेट से भी हमला किया। चूंकि राकेट फटा नहीं इसलिए मंदिर को कोई विशेष क्षति नहीं हुई। इन डकैतों ने सिंध के सभी हिंदू मंदिरों को नष्ट करने की धमकी दी है। इसलिए दी है, क्योंकि पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर चार बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते अपने हिंदू प्रेमी के पास भारत आ गई है।

हिंदुओं की दयनीय दशा का अनुमान इससे लगाएं कि सिंध प्रांत के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री ज्ञानचंद्र इसरानी ने डकैतों से अपील की कि वे हिंदू समुदाय को निशाना न बनाएं। उन्होंने यह विनती सिंध विधानसभा में की। एक मंत्री अपने समुदाय की रक्षा के लिए डकैतों से निवेदन करे, ऐसा पाकिस्तान में ही हो सकता है। इससे समझा जा सकता है कि हिंदू समुदाय के नेताओं तक को शासन-प्रशासन पर भरोसा नहीं कि वह उनके समाज की रक्षा के लिए कुछ करेगा।

भरोसा करें भी तो कैसे, क्योंकि वे हर दिन यह देख रहे हैं कि सिंध में हर दूसरे-तीसरे दिन किसी नाबालिग हिंदू लड़की को अगवा कर जबरन इस्लाम स्वीकार करा दिया जाता है और फिर किसी मुसलमान, अधिकतर मामलों में लड़की का अपहरण करने वाले मुसलमान से ही उसका निकाह करा दिया जाता है। पुलिस, अदालत और सरकार के लोग या तो अपहरण करने वालों की मदद करते हैं या फिर बेशर्मी के साथ यह कहते हैं कि लड़की बालिग है और उसने स्वेच्छा से इस्लाम स्वीकार किया है। लड़की के मां-बाप रोते-कलपते रह जाते हैं, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं होती। हां, कुछ नेक दिल पाकिस्तानी ट्विटर, फेसबुक या यूट्यूब चैनल पर इस अत्याचार और अन्याय की निंदा करते हैं। कभी-कभी कुछ टीवी चैनल और अखबार भी खबर छाप देते हैं, लेकिन सौ में से नब्बे मामलों में हिंदू लड़की अपने मां-बाप के पास नहीं लौट पाती।

एक आंकड़े के अनुसार अकेले सिंध में प्रति वर्ष लगभग एक हजार हिंदू लड़कियों को जबरन इस्लाम में दाखिल कराकर उनका जबरिया निकाह कराया जाता है। इसके लिए मियां मिट्ठू नामक एक बदमाश मौलवी बाकायदा एक गिरोह चलाता है। उसकी इन्हीं हरकतों के कारण ब्रिटेन ने उस पर प्रतिबंध लगा रखा है, लेकिन कोई राजनीतिक दल उसके खिलाफ बोलने को तैयार नहीं, उसकी गिरफ्तारी के बारे में तो सोचा भी नहीं जा सकता।

रविवार को ही पाकिस्तान के सिंध प्रांत से दूसरी खबर यह आई कि 30 हिंदू महिलाओं और बच्चों को बंधक बना लिया गया है। तत्काल पता नहीं चला कि इसका कारण क्या है, लेकिन आशंका यही है कि उन्हें या तो जबरन मुसलमान बनाया जाएगा या फिर बंधुआ मजदूर। पाकिस्तान में यह खूब होता है। हिंदुओं की गरीबी का लाभ उठाकर उनकी मदद करने के नाम पर उन्हें इस्लाम स्वीकारने को कहा जाता है। मरता क्या न करता की हालत से गुजर रहे गरीब हिंदू ऐसा करने को बाध्य होते हैं।

तीसरी खबर भी सिंध से आई। कराची में डेढ़ सौ साल पुराने मारी माता हिंदू मंदिर को रात में पुलिस की उपस्थिति में बुलडोजर से मटियामेट कर दिया गया। यह काम अच्छे से हो सके, इसलिए इलाके की बिजली गुल कर दी गई। कहा गया कि यह मंदिर जर्जर हो गया था। क्या पाकिस्तान में सैकड़ों साल पुराने भवनों को ढहाने का रिवाज है? नहीं, लेकिन वहां किसी मंदिर को गिराना हो या उसकी जमीन हड़पनी हो तो फिर पाकिस्तानियों के पास बहानों की कमी नहीं रहती। इस मंदिर को फर्जी तरीके से बेचने की भी बात सामने आ रही है। हालांकि सिंध सरकार ने कहा है कि इस मंदिर की जगह और कुछ नहीं बनने दिया जाएगा, लेकिन इस पर भरोसा करना कठिन है, क्योंकि पाकिस्तान में जो मंदिर एक बार गिरा दिया जाता है, वह फिर कभी बन नहीं पाता। इसी कारण वहां सैकड़ों मंदिरों का अस्तित्व मिट चुका है।

पाकिस्तान में वह दिन दूर नहीं, जब वहां एक भी हिंदू नहीं बचेगा। आंकड़े इसकी पुष्टि करते हैं। विभाजन के समय वहां 22-23 प्रतिशत हिंदू थे। बांग्लादेश बनने के बाद वे 11-12 प्रतिशत के करीब बचे। आज वे दो प्रतिशत भी नहीं हैं। आखिर ये दो प्रतिशत कब तक बच पाएंगे? यह प्रश्न इसलिए, क्योंकि उनके विनाश पर आम तौर पर भारत के साथ-साथ दुनिया भी मौन साधे रहती है। यह भी ध्यान रखें कि नागरिकता संशोधन कानून अभी भी ठंडे बस्ते में है। वास्तव में पाकिस्तानी हिंदू अंतिम सांसें गिन रहे हैं। मुट्ठी भर लोगों को छोड़कर औसत पाकिस्तानी जनता हिंदुओं के प्रति घृणा से भरी हुई है, क्योंकि वहां के स्कूलों में आज भी यही पढ़ाया जाता है कि हिंदू काफिर और जहन्नुमी ही नहीं, धोखेबाज और इंसानियत के दुश्मन भी होते हैं।

(साभार - दैनिक जागरण)


टैग्स
सम्बंधित खबरें

AI पर नियंत्रण करना भी बेहद आवश्यक: रजत शर्मा

प्रधानमंत्री मोदी ने कम शब्दों में कई बड़ी बातें कहीं। भारत एआई में विश्व का अग्रणी बनना चाहता है, हमारे देश के पास दिमाग़ भी है, युवा शक्ति भी है और सरकार का समर्थन भी है।

1 day ago

रामबहादुर राय-पत्रकारिता क्षेत्र में शुचिता और पवित्रता के जीवंत व्यक्तित्व

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के वे शीर्ष नेताओं में थे। जब पत्रकारिता में आए तो शीर्ष पत्रकार बने। आज की भारतीय पत्रकारिता में उन सरीखे सम्मानित और सर्वस्वीकार्य नाम बहुत कम हैं।

1 day ago

भविष्य को आकार देने की कोशिश कर रहा है भारत: राहुल कंवल

यदि कुछ समय के लिए राजनीति को अलग रख दें, तो एक बात स्पष्ट है। भारत की एआई रणनीति (AI strategy) की सफलता में हमारे सामूहिक भविष्य का एक महत्वपूर्ण हिस्सा निहित है।

2 days ago

मधुसूदन आनंद हमेशा यादों में बने रहेंगे : अनिल जैन

आनंद जी ने जर्मनी में 'डायचे वेले' (द वाॅयस ऑफ जर्मनी) में कुछ सालों तक काम किया और वे 'वाॅयस ऑफ अमेरिका' के नई दिल्ली स्थित संवाददाता भी रहे।

3 days ago

प्रवक्ता, अहंकार और संवाद की संवेदनहीनता का सबक: नीरज बधवार

चूंकि समाज के अवचेतन में अंग्रेज़ी को लेकर एक हीन भावना मौजूद है, इसलिए जो व्यक्ति अंग्रेज़ी में प्रभावशाली ढंग से बोल लेता है, वह अक्सर खुद को विद्वान भी मान बैठता है।

3 days ago


बड़ी खबरें

पद्मश्री आलोक मेहता की कॉफी-टेबल बुक 'Revolutionary Raj' का भव्य लोकार्पण

शुभी पब्लिकेशंस द्वारा प्रकाशित यह कॉफी-टेबल बुक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों पर केंद्रित है। इसका भूमिका लेख (Foreword) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने लिखा है।

9 hours ago

BBC के पूर्व इंडिया हेड संजीव श्रीवास्तव ने खोली कचौरी की दुकान, बताई ये वजह

समाचार4मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि दुकान की री-मॉडलिंग और तैयारियों में करीब छह महीने लगे और इस दौरान कई जटिलताएं भी सामने आईं, लेकिन अब चीजें धीरे-धीरे स्थिरता की ओर हैं।

1 hour ago

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र की फैक्ट-चेकिंग यूनिट मामले में याचिका फिर से की बहाल

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने उस याचिका को फिर से बहाल कर दिया है, जिसमें केंद्र ने बॉम्बे हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती दी थी।

1 day ago

प्रसार भारती ने WAVES पर सैटेलाइट टीवी चैनलों को जोड़ने के लिए आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ाई

प्रसार भारती ने अपने OTT प्लेटफॉर्म WAVES पर सैटेलाइट टीवी चैनलों को जोड़ने के लिए आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ा दी है।

1 day ago

WBD डील पर Paramount को शुरुआती राहत, अमेरिका में एंटीट्रस्ट अवधि पूरी

Warner Bros. Discovery को खरीदनें को लेकर बड़ी कंपनियों के बीच जोरदार मुकाबला चल रहा है। अब देखना होगा कि आखिर यह डील किसके हाथ लगती है

1 day ago