होम / विचार मंच / PM मोदी की 'ध्यान' साधना पर बवाल, रजत शर्मा बोले, बार-बार गलती कर रहा विपक्ष

PM मोदी की 'ध्यान' साधना पर बवाल, रजत शर्मा बोले, बार-बार गलती कर रहा विपक्ष

विरोधी दलों के नेताओं को इस बात पर आपत्ति है कि मोदी कन्याकुमारी क्यों गए, विवेकानंद शिला पर ध्यान क्यों लगा रहे हैं।

समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago

रजत शर्मा, चेयरमैन व एडिटर-इन-चीफ, इंडिया टीवी ।।

चुनाव प्रचार का शोर थम गया, 1 जून को आखिरी चरण की वोटिंग होगी और 1 जून की शाम को ही आप EXIT पोल देख सकेंगे। 4 जून को जनता का फैसला आ जाएगा। दिन में एक बजे तक तस्वीर साफ हो जाएगी। लेकिन प्रचार के आखिरी दिन पंजाब में इस चुनाव की आखिरी रैली को संबोधित करने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कन्याकुमारी पहुंच गए। दो दिन मोदी कन्याकुमारी में रहेंगे। विवेकानंद शिला पर ध्यान लगाएंगे लेकिन ध्यानस्थ होने से पहले मोदी ने कहा कि जनता फैसला कर चुकी है, 4 जून को तीसरी बार मोदी सरकार एक बार फिर बनेगी। मोदी ने बताया कि उन्होंने अगले पांच साल का प्लान तैयार कर लिया है, पहले 125 दिन में क्या-क्या करना है, किसके लिए करना है और कैसे करना है, इसका रोडमैप साफ है। बस नतीजों का इंतजार है लेकिन विरोधी दलों के नेताओं को इस बात पर आपत्ति है कि मोदी कन्याकुमारी क्यों गए, विवेकानंद शिला पर ध्यान क्यों लगा रहे हैं। कांग्रेस के नेताओं ने पूछा कि अगर मोदी 4 जून के बाद चले जाते तो कौन सा पहाड़ टूट जाता? उनका आरोप है कि मोदी का ध्यान वोटर्स को प्रभावित करने की कोशिश है, चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है। 

मल्लिकार्जुन खरगे, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव से लेकर तेजस्वी यादव तक तमाम नेताओं ने इसी तरह की बातें कहीं लेकिन मोदी ने कहा कि विरोधी दलों के नेता उनकी चुप्पी को कमजोरी न समझें, उन्हें गुस्सा न दिलाएं, वरना वो सात पीढियों के पापों की लिस्ट जनता के सामने रख देंगे। कांग्रेस के नेता चुनाव आयोग से शिकायत तक कर आए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, जयराम रमेश और केसी वेणुगोपाल जैसे नेताओं ने मोदी के मौन को चुनावी हथकंडा बताया। खरगे ने कहा, देश को समझने के लिए, गांधीजी के विचारों को समझने के लिए, जनता का दर्द समझने के लिए विवेकानंद शिला पर बैठने से कुछ नहीं होगा, इसके लिए पढ़ना पड़ता है, अपने अंदर झांकना होता है। जयराम रमेश ने कहा कि मोदी कन्याकुमारी जाकर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं, मोदी चार जून के बाद पूर्व प्रधानमंत्री हो जाएंगे, तब उनके पास वक्त ही वक्त होगा, चार जून के बाद कन्याकुमारी चले जाते तो बेहतर होता। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज़ कसा। कहा, कि इतनी गर्मी में चुनाव करवाकर मोदी तो ध्यान करने कन्याकुमारी निकल गए लेकिन गर्मी से परेशान जनता इस बार उन्हें सबक सिखाने वाली है। पटना में तेजस्वी यादव ने मोदी के ध्यान को नौटंकी बताया। तेजस्वी ने कहा कि ये सब मार्केटिंग के तरीके हैं, पिछली बार मोदी केदारनाथ गए, इस बार कन्याकुमारी जा रहे हैं, अगर उन्हें ध्यान ही करना है तो कैमरे लेकर क्यों जा रहे हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री की कुर्सी की एक मर्यादा होती है, उन्होंने इतना झूठ बोलने वाला ड्रामेबाज प्रधानमंत्री नहीं देखा, वरना कैमरे लेकर मेडिटेशन करने कौन जाता है। 

विरोधी दलों के नेताओं की आपत्ति का जवाब उन नेताओं की तरफ से आया, जो दो महीने पहले तक कांग्रेस के नेता थे। संजय निरूपम ने कहा कि ध्यान पर बैठना आन्तरिक शान्ति के लिए ज़रूरी है, ये शुद्धिकरण का आध्यात्मिक तरीका है, भारतीय संस्कृति का हिस्सा है, और ये बात वो लोग नहीं समझेंगे जो नशा करके थकान उतारते हैं। रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जाने के कारण कांग्रेस से निकाले गए आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आसुरी शक्तियों से लड़ने की ऊर्जा हासिल करने के लिए कन्याकुमारी में ध्यान कर रहे हैं, इस बात का महत्व वो लोग नहीं समझ सकते जिनकी आस्था हिन्दुस्तान के अध्यात्म के बजाए वेटिकन की विरासत में हैं। 

मोदी कन्याकुमारी में सागर के बीचों बीच विवेकानंद शिला स्मारक में हैं। वे 45 घंटे तक ध्यानस्थ रहेंगे। 1 जून को वोटिंग खत्म होने तक मोदी यहीं रहेंगे। चुनावी राजनीति से दूर स्वामी विवेकानंद मैमोरियल के ध्यान मंडपम में ध्यान पर बैठे हैं। इसी जगह पर नरेन्द्र नाथ दत्त यानी स्वामी विवेकानंद ने दिसम्बर, 1892 में तीन दिन तक ध्यान लगाया था। उसके बाद 1893 में शिकागो में आयोजित विश्व धर्म संसद में स्वामी विवेकानंद ने ऐतिहासिक भाषण दिया था, जिसकी चहुंओर सराहना हुई थी। स्वामी विवेकानंद को यहीं पर ध्यान लगाते हुए भारत माता के दैवीय स्वरूप की अनुभूति हुई, विकसित भारत का विचार उनके मन में आया। 1970 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरकार्यवाह एकनाथ रानाडे के प्रयासों से यहां विवेकानंद स्मारक बन कर तैयार हुआ। चूंकि नरेन्द्र मोदी ने अपने तीसरे कार्यकाल में विकसित भारत का लक्ष्य रखा है, इसीलिए चुनाव के आखिरी दौर में प्रचार खत्म करने के बाद मोदी ने उसी जगह पर वक्त बिताने का फैसला किया जहां विवेकानंद को विकसित भारत का विचार आया। विवेकानंद स्मारक जाने से पहले मोदी कन्य़ाकुमारी में भगवती अम्मन मंदिर गए और पूजा की। 

मैं हैरान हूं कि मल्लिकार्जुन खरगे और ममता बनर्जी जैसे अनुभवी नेताओं ने मोदी के ध्यान को मुद्दा बनाया। वे भी जानते हैं कि ये ना तो आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है और न ही विवेकानंद शिला पर ध्यान लगाने से मोदी को कोई वोटों का फायदा होने वाला है। पर मोदी के ध्यान की शिकायत करके, इस पर सवाल उठाकर विरोधी दलों ने इस पर जनता का ध्यान जरूर आकर्षित किया है। कांग्रेस और दूसरे विरोधी दलों ने इसी तरह की गलती अयोध्या के श्री रामजन्मभूमि मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम का बायकॉट करके की थी। उस समय किसी ने कहा कि उन्हें बुलाया नहीं गया, जवाब में विश्व हिंदू परिषद ने बता दिया कि सबको आमंत्रित किया गया था। किसी ने कहा कि मंदिर आधा अधूरा है, प्राण प्रतिष्ठा नहीं हो सकती, तो  शंकराचार्य ने इसका जवाब दे दिया। एक नेता ने कहा कि मंदिर की क्या जरूरत। इसका जवाब मोदी ने अपनी जनसभाओं में दिया। इस पूरे चुनाव प्रचार के दौरान मोदी को उनके विरोधियों ने भरपूर मौके दिए, बार-बार गलतियां की। राहुल के राजनीतिक सलाहकार सैम पित्रोदा ने इनहेरिटेंस टैक्स का मुद्दा उस वक्त उठाया जब मोदी कांग्रेस पर लोगों की विरासत चुराने का आरोप लगा रहे थे। मणिशंकर अय्यर ने तो दो दो नो बॉल फेंके। एक पाकिस्तान के एटम बम पर और दूसरी चीन के आक्रमण को कथित बता कर। मोदी ने दोनों बार गेंदों को बाउंड्री के पार पहुंचा दिया। अब कन्याकुमारी में मोदी के ध्यान पर जो सवाल उठाए गए हैं, इसका भी करारा जवाब मिलेगा।  अगर विरोधी दलों के नेता चुप रहते, तो ये इतना बड़ा मुद्दा न बनता।


टैग्स पीएम मोदी रजत शर्मा कन्याकुमारी
सम्बंधित खबरें

समस्य़ाओं को हल करने के लिए हो एआई का इस्तेमाल: रजत शर्मा

मेरा यह मानना है कि सबसे ज़रूरी है, AI का इस्तेमाल रोज़मर्रा की जिंदगी में आने वाली समस्य़ाओं को हल करने के लिए हो। भारी भरकम शब्दों से इसे परिभाषित करके उससे डराया न जाए।

21 hours ago

मैट शूमर के लेख का मतलब क्या है? पढ़िए इस सप्ताह का 'हिसाब किताब'

मैट ने सबको सलाह दी है कि हर रोज AI का इस्तेमाल गंभीरता से शुरू करें। ChatGPT , Gemini जैसे टूल को गूगल सर्च की तरह इस्तेमाल नहीं करें। उससे अपने रोजमर्रा के काम करवाए।

2 days ago

सभ्यतागत चेतना की पुनर्स्थापना का संकल्प: अनंत विजय

जब प्रधानमंत्री मोदी 2047 में विकसित भारत की बात करते हुए आध्यत्मिकता की बात करते हैं तो हमें स्मरण होता है कि यही काम तो अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी अपने देश में कर रहे हैं।

2 days ago

अब परदेस में भी आतंकियों पर सीधे प्रहार को भारत तैयार: आलोक मेहता

किसी भी राज्य की आधिकारिक भूमिका पर अंतिम निर्णय कानूनी प्रक्रिया और साक्ष्यों के आधार पर ही तय होगा। भारत सरकार ने अमेरिका या कनाडा में ऐसे किसी भी प्रयास के आरोप गलत बताए हैं।

2 days ago

बांग्लादेश की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत: रजत शर्मा

बांग्लादेश संसदीय चुनाव में बीएनपी गठबंधन को बड़ी जीत मिली है। तारिक रहमान प्रधानमंत्री बनेंगे। शेख हसीना ने चुनाव को गैरकानूनी बताया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई सरकार को बधाई दी।

4 days ago


बड़ी खबरें

Zee ने बढ़ाया कंटेंट नेटवर्क, 350+ चैनल और वर्टिकल-ऑडियो फॉर्मेट पर जोर

देश की बड़ी मीडिया कंपनी जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (Z) ने अपने सिंडिकेशन बिजनेस को और मजबूत कर लिया है।

11 hours ago

इंडिया AI इम्पैक्ट समिट: पीएम मोदी ने AI, नौकरियों और भविष्य को लेकर रखी विस्तार से बात

इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 का आगाज हो चुका है। इस बड़े मंच पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के असर, उसके फायदे और उससे जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा हो रही है।

18 hours ago

NDTV में फुल-टाइम भूमिका में लौटे शाह रजा

एनडीटीवी के साथ वर्ष 2013 से जुड़े हुए हैं रजा, पिछले कुछ महीनों से अपने गृह नगर में निजी कारणों से पार्ट-टाइम भूमिका में कर रहे थे काम

8 hours ago

PMAR 2026 की झलक: 1.55 लाख करोड़ के विज्ञापन बाजार में डिजिटल का 60% दबदबा

मेडिसन वर्ल्ड (Madison World) ने प्रतिष्ठित मैगजीन 'पिच' (Pitch) और एक्सचेंज4मीडिया ग्रुप के साथ मिलकर पिच मेडिसन ऐडवर्टाइजिंग रिपोर्ट (PMAR) 2026 की एक झलक पेश की।

18 hours ago

'आजतक' का नया प्रयोग, लॉन्च किया अपना डिजिटल ‘वीडियो पेपर’

हिंदी पत्रकारिता की दुनिया में जाना-पहचाना नाम ‘आजतक’ अब एक नए अंदाज़ में सामने आया है। ‘आजतक’ ने अपना नया डिजिटल ‘वीडियो पेपर’ लॉन्च किया है

18 hours ago