होम / विचार मंच / सैफ अली खान पर हमले से उठ रहे कई बड़े सवाल : रजत शर्मा

सैफ अली खान पर हमले से उठ रहे कई बड़े सवाल : रजत शर्मा

अंदर जाने के लिए मुख्य दरवाज़े पर कैमरा और वॉयस मैसेज सिस्टम है। गेट पर पासवर्ड वाला लॉक है। इसके बाद भी हमलावर सैफ अली खान के घर के भीतर कैसे दाखिल हुआ ?

समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 year ago

रजत शर्मा, इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ।

मुंबई से चौंकाने वाली खबर आई। फिल्म स्टार सैफ अली खान पर कातिलाना हमला हुआ। सैफ के घर में घुसकर हमलावर ने चाकू से 6 वार किए। दो घाव काफी गंभीर हैं। चाकू सैफ अली खान की रीढ़ की हड्डी में घुस कर टूट गया। उनकी गर्दन पर भी गहरा घाव है। हाथ और पेट पर भी चाकू से चोट लगी है। ऑपरेशन के बाद पीठ में घुसा चाकू का टुकड़ा निकाल दिया गया है। गर्दन और सीने पर आई चोट की सर्जरी की गई है। सैफ अली खान लीलावती अस्पताल में अब खतरे से बाहर हैं और उनको ICU से उनके रूम में भेज दिया गया है।

डॉक्टर्स का कहना है कि सैफ अली खान को जल्द डिस्चार्ज किया जाएगा लेकिन अब वह कई दिन चल फिर नहीं पाएंगे। सबसे बड़ा सवाल ये है कि हमलावर सैफ अली खान के फ्लैट में घुसा कैसे? उसे एंट्री कैसे मिली?

सैफ अली खान अपनी बिल्डिंग के बारहवें फ्लोर पर थे। ये हादसा 11वें फ्लोर पर हुआ। अपार्टमेंट के चारों तरफ सिक्योरिटी है। बिल्डिंग के बाहर और अंदर गार्ड्स तैनात है। किसी अनजान शख्स को बिना पूछताछ के अंदर नहीं जाने दिया जाता।

सैफ अली खान जिस सदगुरू अपार्टमेंट में रहते हैं, उसमें चार लेयर की सिक्योरिटी है। सबसे पहले गेट पर सिक्योरिटी गार्ड्स रहते हैं लेकिन पुलिस का दावा है कि चोर दीवार फांद कर घुसा। दूसरी लेयर लॉबी में लिफ्ट के करीब है। लिफ्ट बिल्डिंग में रहने वाले लोगों के थंब इंप्रैशन से खुलती है लेकिन दावा किया जा रहा है कि ये शख्स लिफ्ट के बजाए सीढियों से ग्यारहवें फ्लोर तक पहुंचा। सिक्योरिटी की तीसरी लेयर हर फ्लोर पर लिफ्ट खुलने के बाद ग्लास का डोर है जो उस फ्लोर पर रहने वाले लोगों के थंब इंप्रैशन, फेस रिकॉग्निशन या कार्ड से खुलता है।

इसके बाद अपार्टमेंट के अंदर जाने के लिए मुख्य दरवाज़े पर कैमरा और वॉयस मैसेज सिस्टम है। गेट पर पासवर्ड वाला लॉक है। इसके बाद भी हमलावर ग्यारहवें फ्लोर पर सैफ अली खान के घर के भीतर कैसे दाखिल हो गया? इसका अब तक कोई जवाब नहीं मिला और जब तक इसका जवाब नहीं मिलेगा तब तक ये साफ नहीं होगा कि जिस शख्स ने सैफ पर जानलेवा हमला किया वो वाकई चोरी के इरादे से घुसा था या उसका मकसद सैफ को नुकसान पहुंचाना था।

राहत की बात है कि सैफ अली खान इस कातिलाना हमले में बच गए लेकिन इससे मुंबई की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल तो उठे हैं। इसी इलाके में सलमान खान के घर पर गोली चली थी। इसी इलाके में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की सरेआम हत्या हुई थी। ऐसे में लोगों की चिंता तो वाजिब है इसीलिए ये एक राजनीतिक मुद्दा भी बन गया।

उद्धव ठाकरे की शिवसेना, शरद पवार की NCP और कांग्रेस ने मुंबई की क़ानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। संजय राउत ने कहा कि ये तो सैफ़ जैसे स्टार के ऊपर हमला था, इसलिए शोर मच रहा है वरना मुंबई के आम लोग रोज़ अपराधियों का शिकार हो रहे हैं।

संजय राउत ने कहा कि महायुति सरकार का पूरा ज़ोर उन नेताओं की सुरक्षा पर है, जो दूसरी पार्टियों से टूटकर आए हैं, सरकार को आम लोगों की कोई फ़िक्र नहीं। शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने कहा कि महाराष्ट्र में अपराध तेजी से बढ रहे हैं, अपराधी इतने बेलगाम हैं कि वो हाई सिक्योरिटी ज़ोन में घुसकर हमले कर रहे हैं, ये चिंता की बात है।

AIMIM के प्रवक्ता वारिस पठान ने कहा कि जिस दिन प्रधानमंत्री मुंबई में थे, सुरक्षा चाक-चौबंद थी। अगर उस दिन घर में घुसकर सैफ अली खान पर हमला हो सकता है तो बाकी दिनों में आम लोगों के साथ क्या होता होगा, इसका अंदाज़ा लगाना मुश्किल नहीं है। वारिस पठान ने कहा कि बांद्रा जैसे हाई सिक्योरिटी इलाक़े में एक के बाद एक तीन बड़ी वारदात हो चुकी हैं, इसलिए अब सरकार को जवाब तो देना पड़ेगा।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि सैफ का परिवार गुरुदेव यानी रवींद्रनाथ टैगोर के ख़ानदान से जुड़ा है और वो सैफ की मां शर्मिला टैगोर का बहुत सम्मान करती हैं, इसलिए वो चाहती हैं कि सैफ के हमलावर को जल्दी से जल्दी पकड़ा जाए और उसको कड़ी से कड़ी सज़ा हो।

दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने सैफ पर हमले को सीधे सीधे राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ दिया। केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी की डबल इंजन की सरकार फेल हो गई है, बीजेपी न सीमाओं की सुरक्षा कर पा रही है, न आंतरिक सुरक्षा संभल रही है, जो हाल मुंबई का है, वही हाल दिल्ली की कानून व्यवस्था का है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुंबई भारत का सबसे सुरक्षित शहर है, एक-दो घटनाओं के आधार पर मुंबई को बदनाम नहीं किया जाना चाहिए।

ये सही है कि सैफ के घर में घुसकर उनपर कातिलाना हमला हुआ, ये बड़ी सुरक्षा चूक है, सरकार जवाबदेह है, लेकिन हमारे यहां राजनीति कितनी कमाल की है, ये भी देखने और समझने की जरूरत है। केजरीवाल के सामने दिल्ली का चुनाव है। उन्होंने मुंबई की घटना को दिल्ली से जोड़ दिया। ममता बनर्जी ने इसमें गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर का कनेक्शन ढूंढ लिया।

वारिस पठान ने इसे प्रधानमंत्री के मुंबई दौरे से जोड़ दिया और संजय राउत ने इस केस को शिवसेना की टूट से जोड़ कर देखा। इसलिए ऐसे बयानों को कोई गंभीरता से नहीं लेता। लेकिन देवेंद्र फडणवीस को जवाब तो देना होगा। जिस इलाके में कई फिल्मस्टार्स रहते हैं, वहां सुरक्षा में चूक तीन-तीन बार होगी, तो सवाल तो उठेंगे। उम्मीद करनी चाहिए कि कातिलाना हमले का सारा सच जल्द सामने आ जाएगा।

( यह लेखक के निजी विचार हैं )


टैग्स
सम्बंधित खबरें

AI पर नियंत्रण करना भी बेहद आवश्यक: रजत शर्मा

प्रधानमंत्री मोदी ने कम शब्दों में कई बड़ी बातें कहीं। भारत एआई में विश्व का अग्रणी बनना चाहता है, हमारे देश के पास दिमाग़ भी है, युवा शक्ति भी है और सरकार का समर्थन भी है।

1 day ago

रामबहादुर राय-पत्रकारिता क्षेत्र में शुचिता और पवित्रता के जीवंत व्यक्तित्व

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के वे शीर्ष नेताओं में थे। जब पत्रकारिता में आए तो शीर्ष पत्रकार बने। आज की भारतीय पत्रकारिता में उन सरीखे सम्मानित और सर्वस्वीकार्य नाम बहुत कम हैं।

1 day ago

भविष्य को आकार देने की कोशिश कर रहा है भारत: राहुल कंवल

यदि कुछ समय के लिए राजनीति को अलग रख दें, तो एक बात स्पष्ट है। भारत की एआई रणनीति (AI strategy) की सफलता में हमारे सामूहिक भविष्य का एक महत्वपूर्ण हिस्सा निहित है।

2 days ago

मधुसूदन आनंद हमेशा यादों में बने रहेंगे : अनिल जैन

आनंद जी ने जर्मनी में 'डायचे वेले' (द वाॅयस ऑफ जर्मनी) में कुछ सालों तक काम किया और वे 'वाॅयस ऑफ अमेरिका' के नई दिल्ली स्थित संवाददाता भी रहे।

3 days ago

प्रवक्ता, अहंकार और संवाद की संवेदनहीनता का सबक: नीरज बधवार

चूंकि समाज के अवचेतन में अंग्रेज़ी को लेकर एक हीन भावना मौजूद है, इसलिए जो व्यक्ति अंग्रेज़ी में प्रभावशाली ढंग से बोल लेता है, वह अक्सर खुद को विद्वान भी मान बैठता है।

3 days ago


बड़ी खबरें

पद्मश्री आलोक मेहता की कॉफी-टेबल बुक 'Revolutionary Raj' का भव्य लोकार्पण

शुभी पब्लिकेशंस द्वारा प्रकाशित यह कॉफी-टेबल बुक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों पर केंद्रित है। इसका भूमिका लेख (Foreword) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने लिखा है।

10 hours ago

BBC के पूर्व इंडिया हेड संजीव श्रीवास्तव ने खोली कचौरी की दुकान, बताई ये वजह

समाचार4मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि दुकान की री-मॉडलिंग और तैयारियों में करीब छह महीने लगे और इस दौरान कई जटिलताएं भी सामने आईं, लेकिन अब चीजें धीरे-धीरे स्थिरता की ओर हैं।

2 hours ago

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र की फैक्ट-चेकिंग यूनिट मामले में याचिका फिर से की बहाल

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने उस याचिका को फिर से बहाल कर दिया है, जिसमें केंद्र ने बॉम्बे हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती दी थी।

1 day ago

प्रसार भारती ने WAVES पर सैटेलाइट टीवी चैनलों को जोड़ने के लिए आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ाई

प्रसार भारती ने अपने OTT प्लेटफॉर्म WAVES पर सैटेलाइट टीवी चैनलों को जोड़ने के लिए आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ा दी है।

1 day ago

WBD डील पर Paramount को शुरुआती राहत, अमेरिका में एंटीट्रस्ट अवधि पूरी

Warner Bros. Discovery को खरीदनें को लेकर बड़ी कंपनियों के बीच जोरदार मुकाबला चल रहा है। अब देखना होगा कि आखिर यह डील किसके हाथ लगती है

1 day ago