होम / विचार मंच / अलविदा श्रीराम, इंडस्ट्री के साथ-साथ हमारे दिलों में भी छोड़ गए खालीपन : गणेशन मुनुस्वामी
अलविदा श्रीराम, इंडस्ट्री के साथ-साथ हमारे दिलों में भी छोड़ गए खालीपन : गणेशन मुनुस्वामी
दक्षिण भारत के टीवी इंडस्ट्री के वरिष्ठ और ‘विजय टीवी’ (Vijay TV) के पूर्व जनरल मैनेजर के. श्रीराम के निधन पर ‘डीडीबी मुद्रा ग्रुप’ के वाइस प्रेजिडेंट गणेशन मुनुस्वामी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 7 months ago
दक्षिण भारत के टीवी इंडस्ट्री के वरिष्ठ और ‘विजय टीवी’ (Vijay TV) के पूर्व जनरल मैनेजर के. श्रीराम के निधन पर ‘डीडीबी मुद्रा ग्रुप’ (DDB Mudra Group) के वाइस प्रेजिडेंट गणेशन मुनुस्वामी ने उन्हें याद किया है और अपनी श्रद्धांजलि दी है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘फेसबुक’ पर गणेशन मुनुस्वामी ने के. श्रीराम के साथ अपनी यादें शेयर की हैं। मूल रूप से अंग्रेजी में लिखी गणेशन मुनस्वामी की पोस्ट के हिंदी अनुवाद को आप यहां पढ़ सकते हैं।
आज सुबह श्रीराम के निधन की दिल तोड़ देने वाली खबर के साथ नींद खुली। यह नुकसान कितना बड़ा है, इसे शब्दों में बयां करना बेहद मुश्किल है। हमारी दोस्ती तीन दशकों से भी पुरानी थी। 90 के दशक के मध्य में, जब मैं फाउंटेनहेड में था और श्रीराम टाइम्स रेडियो में काम कर रहे थे। उसी दौर में हम पहली बार मिले थे, और पहली मुलाकात में ही आपसी जुड़ाव हो गया था।
वो एक बेहतरीन क्रिकेटर थे, काम को लेकर बेहद सख्त (जैसा कोई भी बता सकता है जिसने उनके साथ काम किया हो), और सबसे बढ़कर एक दूरदर्शी लीडर। ‘स्टार विजय’ (Star Vijay) के साथ उन्होंने जो किया, वो किसी केस स्टडी से कम नहीं है। उन्होंने चैनल की दिशा को स्पष्ट सोच, असीम जुनून और बेहतरीन समझ के दम पर पूरी तरह बदल डाला।
हाल के वर्षों में हमारी मुलाकातें भले ही कम हो गई थीं, लेकिन हमारे बीच सम्मान कभी कम नहीं हुआ। वे हमेशा ऐसे व्यक्ति थे जिनसे मैं अपने विचार साझा कर सकता था — बेहद स्पष्ट सोच वाले, ईमानदार और हमेशा समय से दो कदम आगे सोचने वाले।
यह बहुत दुखद है कि अब तुम हमारे बीच नहीं हो। वो बातें, हंसी-मजाक और बिज़नेस की बारीक समझ, अब तुम्हारे बिना अधूरी रह जाएगी। तुम्हारी बहुत याद आएगी, दा। अलविदा श्रीराम, तुमने न सिर्फ इंडस्ट्री, बल्कि हमारे दिलों में भी एक बहुत बड़ा खालीपन छोड़ दिया है।
बता दें कि के. श्रीराम का 20 जून को कार्डियक अरेस्ट (हृदय गति रुकने) के कारण निधन हो गया था। श्रीराम श्री शंकरा टीवी और कवासम टीवी के मैनेजिंग डायरेक्टर (एमडी) थे। वह लगभग 16 वर्षों तक विजय टीवी से जुड़े रहे और कंटेंट व रेवेन्यू स्ट्रेटेजी (राजस्व रणनीति) का नेतृत्व किया। उनके परिवार में पत्नी और बेटा है।
टैग्स