होम / टीवी / अब यूं पंख फैलाएगा TV9 Network
अब यूं पंख फैलाएगा TV9 Network
टीवी9 नेटवर्क (TV9 Network) अब अपने पंख फैला रहा है। अब टेलीविजन के साथ-साथ नेटवर्क ने डिजिटल न्यूज बिजनेस को भी विस्तार करने की योजना बनाई है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
टीवी9 नेटवर्क (TV9 Network) अब अपने पंख फैला रहा है। अब टेलीविजन के साथ-साथ नेटवर्क ने डिजिटल न्यूज बिजनेस को भी विस्तार करने की योजना बनाई है। यह विस्तार योजना अगले साल की शुरुआत में बंगाल न्यूज मार्केट में कदम रखकर होगी, जिसके लिए वह जल्द ही 24X7 की तर्ज पर एक न्यूज चैनल ‘TV9 बांग्ला’ की शुरुआत कर रहा है।
बता दें कि ‘TV9 बांग्ला’ को लॉन्च करने से पहले, यह नेटवर्क दिसंबर में डिजिटल न्यूज पोर्टल tv9bangla.com का अनावरण करेगा। वैसे अभी से पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, ऐसे में ‘टीवी9 बांग्ला’ के डिजिटल और टेलीविजन प्लेटफॉर्म्स पर लॉन्च होने से बांग्ला न्यूज मार्केट के लिए यह एक गेम-चेंजर साबित हो सकता है।
पश्चिम बंगाल में नेटवर्क की एंट्री होने पर टीवी9 नेटवर्क के सीईओ बरुण दास ने कहा कि काफी समय पहले गोपाल कृष्ण गोखले ने कहा था 'बंगाल आज जो सोचता है, वो भारत कल सोचेगा।' लेकिन लगभग एक सदी बाद ऐसा प्रतीत होता है कि यह कथन वर्तमान की तुलना में प. बंगाल के अतीत पर ज्यादा फिट बैठता है। बौद्धिक रूप से प्रगतिशील इस राज्य ने भारत ही नहीं बल्कि दुनिया को बेहतर प्रतिभावान लोग दिए हैं। हम मानते हैं कि राज्य और यहां के लोगों में अभी भी वही ज्ञान है और भविष्य में भी वे इसे बनाए रखेंगे, क्योंकि बंगाली विशिष्ट तर्कवादी भारतीय हैं और वे अपने आस-पास होने वाली हर चीज पर ध्यान देते हैं और लोग क्या कहते हैं इस भी वे नजर बनाए रखते हैं, इसलिए स्वाभाविक रूप से वे खबरों के लिए तैयार हैं।
उन्होंने आगे कहा कि सबसे जरूरी बात ये कि बंगाली को अपनी भाषा पर गर्व होता है और काफी हद तक वे अपनी भाषा में खबरों का इस्तेमाल करते हैं। समझदार बंगाली दर्शक हमेशा ही तटस्थ दृष्टिकोण और संतुलित राय रखता है। लिहाजा टीवी9 की इच्छा है कि वह हर बंगाली के दिल और दिमाग पर अपनी जगह बनाए।
नेटवर्क ने अनुभवी पत्रकार अंजन बंद्योपाध्याय के हाथों में ‘टीवी9 बांग्ला’ न्यूज चैनल के संपादक की कमान सौंपी है। कलकत्ता विश्वविद्यालय से गोल्ड मेडलिस्ट रहे बंद्योपाध्याय को 32 वर्षों का अनुभव है और उन्होंने तमाम प्रमुख मीडिया घरानों के साथ काम किया है, जिनमें एबीपी, जी, ईटीवी और स्काई बांग्ला आदि शामिल हैं। वे ‘जी24 घंटा’ (Zee 24 Ghanta) के एडिटर (इनपुट) रह चुके हैं। उनका पिछला कार्यकाल एबीपी में डिजिटल के संपादक के तौर पर था।
दोनों प्लेटफॉर्म्स पर नियुक्तियों का सिलसिला तेजी से चल रहा है। अमृतांशु भट्टाचार्य को ‘TV9 बांग्ला’ के डिजिटल पोर्टल का संपादक बनाया गया है। इसके अलावा वे टेलीविजन चैनल में मैनेजिंग एडिटर (आउटपुट) के तौर पर भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। भट्टाचार्य को प्रिंट, ऑडियो विजुअल और डिजिटल मीडिया में 25 वर्षों से भी ज्यादा का अनुभव है। वे ‘जुगांतर’ (Jugantar), ‘आजकल’ (Aajkaal), ‘ईटीवी’ (ETV) और ‘जी मीडिया कॉर्प’ (Zee Media Corp) के साथ काम कर चुके हैं। उनका पिछला कार्यकाल ‘जी24 घंटा’ (Zee 24 Ghanta) में डिजिटल हेड और असोसिएट एडिटर के तौर पर था।
टैग्स चैनल डिजिटल टीवी9 नेटवर्क बंगाल मार्केट टीवी9 बांग्ला