होम / टीवी / विनोद कापड़ी ने बताया- हैरानी हुई जब रिपोर्टर ने 'सच्ची कवरेज' पर छोड़ दी नौकरी
विनोद कापड़ी ने बताया- हैरानी हुई जब रिपोर्टर ने 'सच्ची कवरेज' पर छोड़ दी नौकरी
दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में ‘टीवी 9 भारतवर्ष’ के पूर्व संपादक विनोद कापड़ी ने खुद उठाया इस वाक्ये से पर्दा
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
न्यूजलॉन्ड्री और टीमवर्क आर्ट्स द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ‘मीडिया रंबल’ का आयोजन किया गया। 2-3 अगस्त को दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में ‘टीवी 9 भारतवर्ष’ के पूर्व संपादक विनोद कापड़ी ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान कापड़ी ने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि क्यों एक रिपोर्टर ने अपनी नौकरी छोड़ दी थी। कापड़ी ने यह भी दावा किया कि न्यूज़ रूम में पत्रकार सरकार के कुछ कहने से पहले ही 'दबाव में' आ जाते हैं। उनका कहना है कि ‘दबाव’ सरकार से नहीं, बल्कि खुद पत्रकारों से है।
कार्यक्रम में कापड़ी से पूछा गया था कि क्या आज की मीडिया अपनी कवरेज से लोकतंत्र को नुकसान पहुंचा रही है? इसके जवाब में कापड़ी ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा मीडिया पर दबाव बनाकर अपना नैरेटिव चलाने की बातें कही जाती हैं लेकिन ये दबाव प्रत्येक सरकारों के दौरान रहा है। कापड़ी ने दावा किया कि आजकल सरकार के कुछ कहे बिना ही न्यूजरूम में बैठे पत्रकार दबाव में रहते हैं और आजकल पत्रकार सरकार के नहीं बल्कि ख़ुद के ही दबाव में हैं।
इसके बाद कापड़ी ने खुलासा किया कि उनकी टीम के एक पत्रकार ने इसलिए अपनी जॉब छोड़ दी, क्योंकि पत्रकार को लगता था कि उस पर मोदी विरोधी कवरेज करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। विनोद कापड़ी ने इस घटना का जिक्र करते हुए कहा, ‘2019 लोकसभा चुनाव से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी दौरे पर थे। उस समय ‘टीवी9 भारतवर्ष’ के पत्रकारों की एक बैठक हुई, जिसमें संस्थान की एडिटोरियल पॉलिसी के बारे में चर्चा हुई। मैंने अपने रिपोर्टर्स से कहा कि हमें सिर्फ़ हकीकत वाली खबरें दिखानी हैं जैसे किस तरह से गंगा अभी भी गंदी है और सड़कें जर्जर हैं। मैंने रिपोर्टर्स से कहा कि प्रधानमंत्री के मंदिर दौरे का महिमामंडन हम लोग नहीं करेंगे।’
इस पर आपत्ति जताते रिपोर्टर ने कहा कि कापड़ी मोदी विरोध के तहत एजेंडा चला रहे हैं। कापड़ी के अनुसार, ‘मैंने उस रिपोर्टर को बताया कि हम लोग एजेंडा नहीं चला रहे, बल्कि सच्चाई दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हैरानी इस बात पर है कि इसके अगले दिन उक्त रिपोर्टर ने जॉब छोड़ने का निर्णय लिया क्योंकि वह प्रधानमंत्री के ख़िलाफ ‘कवरेज’ का हिस्सा नहीं बनना चाहता था।
कार्यक्रम में विनोद काप़ड़ी द्वारा किए गए इस खुलासे को आप इस विडियो में देख सकते हैं।
टैग्स नरेंद्र मोदी पीएम मोदी विनोद कापड़ी ऑपइंडिया टीवी9 भारतवर्ष