होम / टीवी / ममता बनर्जी की पार्टी TMC ने इन तीन न्यूज चैनलों का किया बहिष्कार, लगाया ये आरोप
ममता बनर्जी की पार्टी TMC ने इन तीन न्यूज चैनलों का किया बहिष्कार, लगाया ये आरोप
ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी इन चैनलों का बॉयकाट करेगी और TMC का कोई भी प्रवक्ता इन चैनलों के डिबेट में हिस्सा नहीं लेगा।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने सोमवार को तीन प्रमुख न्यूज चैनलों- एबीपी आनंद, रिपब्लिक टीवी और टीवी9 के बहिष्कार का ऐलान किया है। ममता बनर्जी ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी इन चैनलों का बॉयकाट करेगी और TMC का कोई भी प्रवक्ता इन चैनलों के डिबेट में हिस्सा नहीं लेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ये चैनल बंगाल विरोधी प्रोपेगेंडा चला रहे हैं, जिसके खिलाफ यह निर्णय लिया गया है।
TMC ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक प्रेस रिलीज जारी कर इस बात की जानकारी दी है। पार्टी ने इन चैनलों पर आरोप लगाया है कि वे आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में महिला ट्रेनी डॉक्टर से बलात्कार और हत्या के मामले में बंगाल विरोधी एजेंडा चला रहे हैं।
Statement in connection with the recent media developments pic.twitter.com/e5qvjd4oBm
— All India Trinamool Congress (@AITCofficial) September 1, 2024
पार्टी ने एक बयान में कहा कि TMC के प्रवक्ता अब इन तीन चैनलों के कार्यक्रमों में शामिल नहीं होंगे। बयान में आरोप लगाया गया कि ये चैनल "दिल्ली के जमींदारों को खुश करने के लिए मजबूर हैं, क्योंकि उनके प्रमोटर कंपनियां जांच और प्रवर्तन मामलों का सामना कर रही हैं।"
TMC ने जनता से अपील की है कि वे इन चैनलों पर प्रसारित डिबेट्स में पार्टी समर्थकों के रूप में पेश किए गए लोगों से गुमराह न हों, क्योंकि वे पार्टी द्वारा अधिकृत नहीं हैं और न ही वे पार्टी के आधिकारिक रुख का प्रतिनिधित्व करते हैं। TMC ने कहा कि बंगाल के लोगों ने हमेशा प्रोपेगेंडा को खारिज कर सच्चाई को चुना है।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (BJP) और ममता बनर्जी के बीच इस मुद्दे पर टकराव बढ़ गया है। BJP ने यह आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की है कि वे पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही हैं, जिससे राज्य देश का सबसे असुरक्षित राज्य बन गया है।
दूसरी ओर, TMC ने BJP के आरोपों को खारिज कर दिया है और कहा है कि यह ममता बनर्जी की लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को अस्थिर करने का प्रयास है। TMC ने BJP के आरोपों के विरोध में तीन दिवसीय प्रदर्शन की घोषणा की है और बंगाल विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर आरोपी के लिए फांसी की सजा और मौजूदा कानूनों में संशोधन की मांग की है।
गौरतलब है कि 9 अगस्त को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में पीजी मेडिकल की एक द्वितीय वर्ष की छात्रा के साथ बलात्कार कर उसकी हत्या कर दी गई थी। पुलिस इस मामले में आरोपी संजय रॉय और कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष से लगातार पूछताछ कर रही है।
टैग्स न्यूज चैनल रिपब्लिक टीवी ममता बनर्जी टीवी9 तृणमूल कांग्रेस एबीपी आनंद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री