होम / टीवी / भारत-श्रीलंका टी20 सीरीज के प्रसारण में नहीं है किसी चैनल की रुचि, कप्तान हैरान
भारत-श्रीलंका टी20 सीरीज के प्रसारण में नहीं है किसी चैनल की रुचि, कप्तान हैरान
भारतीय महिला क्रिकेट टीम इन दिनों श्रीलंका दौरे पर है, जहां हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज होनी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
भारतीय महिला क्रिकेट टीम इन दिनों श्रीलंका दौरे पर है, जहां हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज होनी है। इसके बाद वनडे सीरीज खेली जानी है। टी20 का पहला मैच गुरुवार को दांबुला में खेला जाएगा। लेकिन हैरानी की बात है कि इस सीरीज के सीधे प्रसारण को लेकर स्थिति अभी तक स्पष्ट नहीं है। ऐसा इसलिए क्योंकि प्रसारण में अभी तक किसी भी ब्रॉडकास्टर ने अपनी रुचि नहीं दिखाई है, जिसके चलते पहली टी20 मैच का प्रसारण श्रीलंका क्रिकेट के यूट्यूब चैनल में करने का फैसला किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड को अभी भी उम्मीद है कि पहले मैच के बाद कोई न कोई चैनल इस सीरीज के बाकी मैचों के प्रसारण में रुचि दिखाएगा और बाकी मैचों का प्रसारण किसी चैनल पर होगा।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो भारत में इस सीरीज के प्रसारण को लेकर बीसीसीआई की ओर से भी कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। भारत और श्रीलंका के बीच T20 सीरीज का आधिकारिक प्रसारण नहीं होने पर कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी अपनी राय दी है।
हरमनप्रीत कौर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'सीरीज के प्रसारण के बारे में मैंने बातें सुनी है, लेकिन बोर्ड की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। मुझे लगता है कि इसे लेकर अंतिम समय तक जरूर कुछ किया जाएगा।'
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सीरीज के प्रसारण को लेकर बीसीसीआई अंतिम समय पर कोई कदम जरूर उठाएगा। उन्होंने साथ ही कहा कि सीरीज के प्रसारण को लेकर बीसीसीआई काम कर रही है।
टैग्स चैनल भारत-श्रीलंका टी20 सीरीज प्रसारण कप्तान हरमनप्रीत कौर