होम / टीवी / भारतीय मीडिया व एंटरटेनमेंट सेक्टर में टीवी की बादशाहत बरकरार: केविन वज
भारतीय मीडिया व एंटरटेनमेंट सेक्टर में टीवी की बादशाहत बरकरार: केविन वज
भारत के मीडिया व एंटरटेनमेंट (M&E) सेक्टर में टेलीविजन अब भी एक प्रमुख शक्ति बना हुआ है, जो कुल मार्केट का 30% से अधिक हिस्सा नियंत्रित करता है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 11 months ago
भारत के मीडिया व एंटरटेनमेंट (M&E) सेक्टर में टेलीविजन अब भी एक प्रमुख शक्ति बना हुआ है, जो कुल मार्केट का 30% से अधिक हिस्सा नियंत्रित करता है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव के बावजूद, टेलीविजन दर्शकों की पसंद को प्रभावित करता है, क्षेत्रीय सामग्री की पहुंच को बढ़ाता है और ऐडवर्टाइजर्स के लिए महत्वपूर्ण निवेश का माध्यम बना हुआ है। यह विचार FICCI मीडिया व एंटरटेनमेंट कमेटी के चेयरमैन और JioStar में एंटरटेनमेंट के सीईओ केविन वज ने FICCI MEBC South के दो दिवसीय मीडिया व एंटरटेनमेंट सम्मेलन में व्यक्त किए।
केविन वज ने इस बात पर जोर दिया कि कैसे स्टार गोल्ड, कलर्स सिनेप्लेक्स और सेट मैक्स जैसे टेलीविजन चैनलों ने दक्षिण भारतीय फिल्मों को पूरे भारत में लोकप्रिय बनाने में मदद की है।
उन्होंने कहा, 'टेलीविजन दक्षिण भारतीय फिल्मों की पहुंच बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। स्टार गोल्ड, कलर्स सिनेप्लेक्स और सेट मैक्स जैसे चैनलों ने दक्षिण की फिल्मों को लोकप्रिय बनाने में योगदान दिया है। 'ईगा', 'रगड़ा' और 'थेरी' जैसी फिल्में और सुपरस्टार विजय, अल्लू अर्जुन और सूर्या घर-घर में पहचाने जाने लगे हैं, यह सब टीवी ब्रॉडकास्टर्स की व्यापक पहुंच और समर्पण के कारण संभव हुआ है।'
टेलीविजन की पहुंच और प्रभाव विशेष रूप से रीजनल मार्केट्स में बेजोड़ बनी हुई है।
उन्होंने कहा, 'मीडिया व एंटरटेनमेंट सेक्टर में टेलीविजन एक प्रमुख माध्यम बना हुआ है, जो कुल मार्केट का 30% से अधिक हिस्सा रखता है। उपभोक्ताओं की पसंद और तकनीकी प्रगति द्वारा संचालित इसका विकास इसकी प्रभावशीलता को मजबूत कर रहा है।'
केविन वज ने आगे कहा, 'यह विशेष रूप से दक्षिणी राज्यों में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है, जहां स्थानीय भाषा की सामग्री प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है। दक्षिण भारतीय कहानियों की सफलता स्थानीय टीमों, प्रतिभाओं और निर्माताओं के सहयोग को दर्शाती है, जो सामग्री को दक्षिण से राष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।'
उन्होंने स्टार प्लस के प्रमुख शो का उदाहरण दिया, जो तमिल सीरीज 'सिरागिद्दीका आसाई' (Siragiddika Aasaai) का रीमेक है और साथ ही बिग बॉस के विभिन्न रीजनल लैंग्वेज में सफलतापूर्वक अपनाए जाने की बात कही।
'बिग बॉस, जो मूल रूप से बिग ब्रदर का हिंदी संस्करण था, अब कई रीजनल लैंग्वेज में लोकप्रिय हो चुका है, जिससे दर्शकों की संख्या बढ़ रही है और ऐडवर्टाइजर्स को मजबूत रिटर्न मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा, 'वह ब्रैंड, जो पहले केवल रीजनल ऐडवाइर्टाइजर थे, अब राष्ट्रीय कैंपेन में बदल चुके हैं और अपने मीडिया निवेश को तेजी से बढ़ा रहे हैं।'
युवा दर्शकों के टेलीविजन से दूर जाने की चिंताओं पर प्रतिक्रिया देते हुए केविन वज ने भारत की अनूठी मीडिया का इस्तेमाल करने की आदतों की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा, 'हालांकि कई लोगों को लगता है कि युवा दर्शक टेलीविजन से दूर हो रहे हैं, भारत में अभी भी युवाओं की टीवी में मजबूत भागीदारी बनी हुई है। पश्चिमी प्रवृत्तियों के विपरीत, भारत का टीवी परिदृश्य अलग है, क्योंकि यह सस्ता, सुलभ और घरों में गहराई से समाहित है।
उन्होंने कहा, 'डिजिटल तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन टेलीविजन अभी भी एंटरटेनमेंट, समाचार और सांस्कृतिक जुड़ाव का एक विश्वसनीय स्रोत बना हुआ है। मेरा दृढ़ विश्वास है कि भारत 'और' (AND) मार्केट है, न कि 'या' (OR)। टेलीविजन और डिजिटल के सह-अस्तित्व को बढ़ावा देकर, हम भारत के मीडिया उद्योग में वृद्धि, रचनात्मकता और नए अवसरों के द्वार खोल सकते हैं।'
उन्होंने यह भी बताया कि सोशल मीडिया ने दर्शकों की वीडियो कंटेंट के साथ बातचीत को कैसे बदल दिया है।
'डिजिटल में, सोशल मीडिया ने ऑडियो-वीडियो मीडिया से जुड़ने के तरीके को फिर से परिभाषित किया है, चाहे वह समीक्षाएं हों, वायरल होने वाले कट सीन हों, या वे ट्रेंडिंग गाने हों जिनका हम आनंद लेते हैं।
केविन वज ने कहा, 'हम इस बारे में संध्या से सुनेंगे, जो मंच पर मौजूद हैं, और अगले दो दिनों के दौरान इस विषय पर और चर्चा होगी। एक प्रमुख चुनौती यह सुनिश्चित करना है कि सामग्री निर्माता और प्लेटफॉर्म रचनात्मक स्वतंत्रता और देश की सामाजिक संरचना के सम्मान के बीच संतुलन बनाए रखें, क्योंकि इस सीमा को पार करना नकारात्मक दर्शक अनुभवों और ऐडवर्टाइजर्स के लिए जोखिम उत्पन्न कर सकता है।'
केविन वज ने भारत की वैश्विक मंच पर संभावनाओं को भी रेखांकित किया। 'जैसे-जैसे हम आगे बढ़ रहे हैं, भारतीय मीडिया और एंटरटेनमेंट उद्योग एक महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ा है, जो वैश्विक मंच पर आगे बढ़ने के लिए तैयार है। इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगामी WAVES फोरम है, जिसका नेतृत्व श्री संजय जाजू कर रहे हैं, जो हमारे माननीय प्रधानमंत्री और एक विशिष्ट सलाहकार बोर्ड के मार्गदर्शन में नवाचार और विकास को आगे बढ़ाने का कार्य करेगा।'
FICCI MEBC South सम्मेलन प्रमुख उद्योग नेताओं को एक मंच पर लाता है, जो भारत के विकसित होते मीडिया और एंटरटेनमेंट परिदृश्य के भविष्य पर चर्चा करने का मार्ग प्रशस्त करता है।
टैग्स