होम / टीवी / व्युअरशिप में उछाल: फ्री डिश ने बढ़ाई चैनलों की रेटिंग्स
व्युअरशिप में उछाल: फ्री डिश ने बढ़ाई चैनलों की रेटिंग्स
डीडी फ्री डिश, अपनी व्यापक पहुंच और कम लागत वाली उपलब्धता के चलते लोकप्रियता हासिल कर रहा है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 9 months ago
अदिति गुप्ता, असिसटेंट एडिटर, एक्सचेंज4मीडिया ।।
तेजी से बदलते मीडिया परिदृश्य में बड़े ब्रॉडकास्टर्स की डीडी फ्री डिश पर वापसी एक महत्वपूर्ण बदलाव का संकेत देती है कि वे अब अपने डिस्ट्रीब्यूशन स्ट्रेटजीज को नए सिरे से कैसे देख रहे हैं।
जहां पहले टेलीविजन इंडस्ट्री पर सब्सक्रिप्शन आधारित पे-टीवी प्लेटफॉर्म्स का दबदबा था, वहीं अब मुफ्त उपलब्ध समाधान जैसे कि डीडी फ्री डिश, अपनी व्यापक पहुंच और कम लागत वाली उपलब्धता के चलते लोकप्रियता हासिल कर रहा है।
प्रसार भारती द्वारा इस साल आयोजित सातवीं (85वीं) वार्षिक ई-नीलामी में कुछ बड़े ब्रॉडकास्टर्स ने MPEG-2 स्लॉट्स हासिल किए, जिससे उन्हें दमदार वापसी का मौका मिला। स्टार उत्सव, कलर्स रिश्ते, जी अनमोल और सोनी पल जैसे चैनलों ने MPEG-2 स्लॉट हासिल करने के बाद एक बार फिर शानदार वापसी की है।
डीडी फ्री डिश: व्युअरशिप और रेवेन्यू के लिहाज से एक बढ़ता हुआ मंच?
व्युअरशिप के आंकड़े डीडी फ्री डिश की बढ़ती क्षमता को दर्शाते हैं, जो अब इन चैनलों की सफलता में अहम भूमिका निभा रहा है।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि डीडी फ्री डिश की बढ़ती पहुंच और गुणवत्तापूर्ण प्रोग्रामिंग ने ब्रॉडकास्टर्स के लिए एक मजबूत मंच तैयार किया है, जिससे वे न केवल अपनी व्युअरशिप बढ़ा सकते हैं बल्कि एक स्थायी रेवेन्यू मॉडल भी विकसित कर सकते हैं।
ब्रॉडकास्ट एक्सपर्ट राजीव खट्टर कहते हैं, “डीडी फ्री डिश की पहुंच लगातार बढ़ रही है, जिससे चैनलों को व्युअरशिप हासिल करने में मदद मिल रही है। अगर चैनल अच्छी प्रोग्रामिंग दे पाते हैं तो कम लागत में अच्छा एड रेवेन्यू भी आ सकता है। रीजनल चैनल्स भी इसका फायदा उठाकर व्युअरशिप और विज्ञापन राजस्व बढ़ा सकते हैं।”
एफटीए चैनलों की रेटिंग में उछाल
'एक्सचेंज4मीडिया' ने हिंदी भाषी बाजार (HSM) के लिए शहरी और ग्रामीण इलाकों में 13वें, 14वें और 15वें हफ्ते की GEC रेटिंग्स को ट्रैक किया, जिसमें दर्शकों की पसंद और एंगेजमेंट के खास ट्रेंड्स सामने आए।
डीडी फ्री डिश पर एफटीए चैनलों की व्युअरशिप में बीते हफ्तों में बड़ा उछाल देखा गया। स्टार उत्सव ने 13वें हफ्ते में 56.4 की रेटिंग दर्ज की थी, जो 15वें हफ्ते में बढ़कर 111.35 तक पहुंच गई, जिससे चैनल ने एफटीए स्पेस में अपनी मजबूत स्थिति स्थापित कर ली। कलर्स रिश्ते ने भी दमदार प्रदर्शन किया। 13वें हफ्ते में जहां इसकी रेटिंग 31.1 थी, वहीं 15वें हफ्ते में यह बढ़कर 50.6 तक पहुंच गई, जो डीडी फ्री डिश की बढ़ती ताकत को दर्शाता है। सोनी पल ने भी स्थिर वृद्धि दर्ज की। 13वें हफ्ते में इसकी रेटिंग 32.7 थी, जो 15वें हफ्ते में 50.7 तक पहुंच गई।
दंगल चैनल ने भी मजबूती बनाए रखी। 13वें हफ्ते में इसकी रेटिंग 127.3 रही, जो 15वें हफ्ते में मामूली गिरावट के साथ 103.3 पर पहुंची। 'दंगल 2' ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। चैनल की रेटिंग 13वें हफ्ते में 30.04 रही, जो 15वें हफ्ते में 28.2 पर दर्ज की गई। जी अनमोल ने लगातार ग्रोथ दिखाई, 13वें हफ्ते में 20.1 से बढ़कर 15वें हफ्ते में 32.4 की रेटिंग दर्ज की।
वहीं शेमारू टीवी में गिरावट देखी गई। 13वें हफ्ते में 32.2 की रेटिंग के मुकाबले 15वें हफ्ते में यह घटकर 26.6 रह गई। मनोरंजन टीवी ने 15वें हफ्ते में 32.9 की स्थिर रेटिंग बनाए रखी, हालांकि 13वें हफ्ते में यह आंकड़ा 38.7 था।
अन्य एफटीए चैनल भी रेस में शामिल रहे। चुम्बक टीवी की रेटिंग 34.9 से 36.5 के बीच रही, जबकि बिग मैजिक ने भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। एफटीए स्पेस में द क्यू, नजारा, शेमारू उमंग, मनोरंजन ग्रैंड, यूनिक टीवी, सन नियो और डीडी नेशनल जैसे चैनल भी मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं।
एक अन्य इंडस्ट्री ऑब्जर्वर ने कहा, “डीडी फ्री डिश ब्रॉडकास्टर्स को एक तेजी से बढ़ते दर्शक वर्ग तक पहुंचने का अनमोल अवसर देता है। इसकी व्यापक पहुंच, खासकर ग्रामीण और अंडर-सर्व्ड इलाकों में, चैनलों को बिना भारी डिस्ट्रीब्यूशन लागत के व्युअरशिप बढ़ाने में मदद करती है।”
कलर्स रिश्ते की तीन साल के अंतराल के बाद डीडी फ्री डिश पर वापसी को लेकर, अर्नब दास, हेड ऑफ लीनियर टीवी बिजनेस ने कहा कि उनका लक्ष्य फ्री में आइकॉनिक शोज़ उपलब्ध कराना है, ताकि परिवारों को पसंदीदा सितारों और ड्रामा से भरपूर एक नॉस्टेल्जिक टीवी अनुभव दिया जा सके।
प्रसार भारती ने 7वीं (85वीं) वार्षिक ई-नीलामी के सफल 60 बोलीदाताओं की सूची भी जारी की। 10 से 14 फरवरी 2025 के बीच आयोजित इस नीलामी में, सोनी, जी एंटरटेनमेंट और जियोस्टार जैसे बड़े जनरल एंटरटेनमेंट चैनल्स (GECs) ने एफटीए मार्केट के साथ अपने संबंधों को मजबूत किया।
स्लॉट हासिल करने वाले प्रमुख एंटरटेनमेंट चैनलों में बिग मैजिक, कलर्स रिश्ते, दंगल, सोनी पल, स्टार उत्सव, जी अनमोल, शेमारू टीवी और गोल्डमाइंस मूवीज शामिल हैं, जिससे डीडी फ्री डिश का एंटरटेनमेंट पोर्टफोलियो और मजबूत हुआ है।
फिल्मों पर केंद्रित चैनल्स जैसे B4U कड़क, मनोरंजन मूवीज, जी अनमोल सिनेमा और गोल्डमाइंस बॉलीवुड भी फाइनल लिस्ट में रहे।
इसके अलावा न्यूज ब्रॉडकास्टर्स की भी दमदार मौजूदगी रही, जिनमें आज तक, एबीपी न्यूज़, एनडीटीवी इंडिया, रिपब्लिक भारत, जी न्यूज़ और टीवी9 भारतवर्ष जैसे चैनल्स ने स्लॉट्स हासिल किए।
हिंदी जनरल एंटरटेनमेंट चैनल के और व्युअरशिप ट्रेंड्स
नॉन-एफटीए जीईसी सेगमेंट में प्रदर्शन
नॉन-एफटीए जीईसी (जनरल एंटरटेनमेंट चैनल्स) सेगमेंट में स्टार प्लस ने तीन हफ्तों के दौरान रेटिंग्स में थोड़ी गिरावट के बावजूद अपनी लीडरशिप बनाए रखी। 13वें हफ्ते में इसकी रेटिंग 125.9 रही, जो 14वें हफ्ते में घटकर 119.8 और 15वें हफ्ते में 116.3 पर आ गई।
सोनी सब भी नजदीकी मुकाबले में बना रहा, जिसने क्रमशः 112.5, 112.4 और 110.3 की रेटिंग्स दर्ज कीं।
कलर्स की रेटिंग्स लगभग स्थिर रहीं, जो 13वें, 14वें और 15वें हफ्ते में क्रमशः 83.3, 83.8 और 82.6 रहीं।
जी टीवी ने हल्का उतार-चढ़ाव देखा। इसकी रेटिंग्स 13वें हफ्ते में 64.1 से गिरकर 14वें हफ्ते में 60.2 हो गईं, लेकिन 15वें हफ्ते में फिर बढ़कर 62.4 पर पहुंच गईं।
सेट (सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन) का प्रदर्शन मिश्रित रहा। इसकी रेटिंग्स 13वें हफ्ते में 40.7, 14वें हफ्ते में 42.4 और 15वें हफ्ते में 36.7 दर्ज की गईं।
लोकप्रिय हिंदी जीईसी शोज का प्रदर्शन
'एक्सचेंज4मीडिया' ने पिछले तीन महीनों में लॉन्च हुए लोकप्रिय हिंदी जीईसी शोज़ का विश्लेषण भी किया।
हालांकि टीवीआर (TVR) के लिए कोई सख्त मानक नहीं है, लेकिन एक्सपर्ट्स का मानना है कि 2.0 या 3.0 से ऊपर की रेटिंग लोकप्रियता का संकेत देती है। आमतौर पर औसत टीवीआर 1.0 से 2.0 (या 3.0) के बीच होता है, जबकि 1.0 से कम रेटिंग छोटे दर्शक वर्ग को दर्शाती है।
चैनलवार प्रमुख शोज़ की रेटिंग्स
स्टार प्लस का "जादू तेरी नज़र" शीर्ष पर बना रहा। इसकी रेटिंग 13वें हफ्ते में 1.22, 14वें हफ्ते में 1.13 और 15वें हफ्ते में 1.12 रही।
कलर्स का "राम भवन" भी स्थिर रहा, जिसकी रेटिंग क्रमशः 0.78, 0.71 और 0.71 रही।
सोनी सब का "वीर हनुमान" थोड़ी गिरावट के साथ 13वें हफ्ते में 0.46 से घटकर 14वें हफ्ते में 0.41 और 15वें हफ्ते में 0.38 पर पहुंच गया।
कलर्स का "ज्यादा मत उड़" ने मामूली स्थिरता बनाए रखी। इसकी रेटिंग 0.20, 0.21 और 0.18 दर्ज की गई।
सेट पर "राधिका दिल से" ने क्रमशः 0.14, 0.16 और 0.13 की रेटिंग्स हासिल कीं, जबकि "क्राइम पेट्रोल" ने 0.11, 0.11 और 0.10 पर बनी रहकर हल्का उतार-चढ़ाव दिखाया।
"सेलिब्रिटी मास्टरशेफ" ने अपेक्षाकृत तेज गिरावट दर्ज की — 13वें हफ्ते में 0.26, 14वें में 0.25 और 15वें हफ्ते में 0.11।
जी टीवी का "शादी मुबारक" 14वें और 15वें हफ्ते में क्रमशः 0.05 और 0.07 की रेटिंग्स के साथ चार्ट में शामिल हुआ।
डीडी फ्री डिश बनाम पे टीवी
एक इंडस्ट्री ऑब्जर्वर का कहना है कि पे टीवी प्लेटफॉर्म्स में डिस्ट्रीब्यूशन, सब्सक्रिप्शन मॉडल और इंफ्रास्ट्रक्चर में भारी निवेश की जरूरत होती है, जबकि डीडी फ्री डिश एक फ्री-टू-एयर मॉडल पर काम करता है, जहां दर्शकों से कोई सब्सक्रिप्शन फीस नहीं ली जाती।
उन्होंने कहा, “यह कम लागत वाला डिस्ट्रीब्यूशन मॉडल ब्रॉडकास्टर्स, खासकर रीजनल चैनलों को उन ग्रामीण इलाकों तक पहुंचने में सक्षम बनाता है जहां केबल और सैटेलाइट कनेक्शन सीमित हैं। पे चैनल्स आमतौर पर शहरी दर्शकों और प्रीमियम विज्ञापनदाताओं को टारगेट करते हैं, वहीं डीडी फ्री डिश एक अधिक विविध और संवेदनशील दर्शक वर्ग को प्लेटफॉर्म मुहैया कराता है।”
यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि बड़े एफटीए चैनलों की डीडी फ्री डिश पर वापसी लंबी अवधि में कितना फायदेमंद साबित होगी, लेकिन अब तक के आंकड़े और एक्सपर्ट्स की राय इसे पूरी तरह से समर्थन दे रहे हैं।
टैग्स