होम / टीवी / श्रीअधिकारी ब्रदर्स ग्रुप के इस चैनल ने पूरे किए 10 साल, यूं बनाए रखा अपना कीर्तिमान
श्रीअधिकारी ब्रदर्स ग्रुप के इस चैनल ने पूरे किए 10 साल, यूं बनाए रखा अपना कीर्तिमान
देश की मीडिया इंडस्ट्री में कुछ ऐसे प्रमाण हैं, जो निजी मीडिया इंडस्ट्री के रूप में खुद को लंबे समय तक लेकर चलते हैं
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
देश की मीडिया इंडस्ट्री में कुछ ऐसे प्रमाण हैं, जो निजी मीडिया इंडस्ट्री के रूप में खुद को लंबे समय तक लेकर चलते हैं। ऐसा ही एक नाम है श्रीअधिकारी ब्रदर्स का। श्रीअधिकारी ब्रदर्स ग्रुप ने ‘सब’ (SAB) टीवी के लॉन्च होने के 20 साल बाद अपने म्यूजिक चैनल ‘मस्ती’ (Mastiii) का एक दशक पूरा कर लिया है। बता दें कि ‘मस्ती’ चैनल जुलाई, 2010 में लॉन्च किया गया था, जबकि इसी ग्रुप के द्वारा वर्ष 2000 में SAB चैनल भी स्थापित किया गया था।
पिछले कई दशकों में अधिकारी ब्रदर्स ने भारतीय इंडस्ट्री को कई शानदार सफलताओं की खुराक दी है। किसी एक लेख में मीडिया के लगभग सभी क्षेत्रों में यदि उनके योगदान को गिनाया जाए, तो यह सूची बहुत ही लंबी होगी, क्योंकि न्यूज व एंटरटेनमेंट और कई अन्य चैनल्स के बीच उन्होंने टीवी शो, डिजिटल शो, प्रिंट व पब्लिकेशंस, फिल्म प्रॉडक्शन, मूवी डिस्ट्रीब्यूशन समेत कई अन्य क्षेत्रों में अपना योगदान दिया है।
‘मस्ती’ के प्रदर्शन को लेकर श्रीअधिकारी ब्रदर्स के एमडी व वाइस चेयरमैन मार्कंड अधिकारी ने कहा, ‘आज मुझे यह जानकर बहुत संतुष्टि हो रही है कि हमारे ‘मस्ती’ चैनल को लेकर हमारे उपभोक्ताओं में इतनी मजबूत निष्ठा है।’
‘सब’ (SAB) टीवी, जिसकी स्थापना श्रीअधिकारी ब्रदर्स ने की थी, लेकिन अब यह Sony Pictures Networks Limited की छत्रछाया में है, उसके भी 20 साल पूरे होने के मौके पर मार्कंड अधिकारी ने कहा, ‘शुरुआत SAB TV और अंत Mastii के साथ करने वाले इस ब्रॉडकास्टर के तौर पर हमने विभिन्न जॉनर में 10 चैनल लॉन्च किए हैं। हमें बेहद खुशी है कि इन सभी चैनलों ने बहुत अच्छा काम किया है। यह नहीं भूलना चाहिए कि SAB TV ने श्री अधिकारी ब्रदर्स के शासन में अपनी एक अलग जगह बनाई थी और फिर सोनी पिक्चर लिमिटेड का हिस्सा बनकर एनपी सिंह (सीईओ, सोनी पिक्चर्स इंडिया) के नेतृत्व में यह चैनल दुनिया का सबसे ज्यादा देखे जाने वाले कॉमेडी चैनल के रूप में उभरा है और आज के चुनौतीपूर्ण दौर में भी यह चैनल कमांडिंग पोजिशन में है।’
अपने दिवंगत भाई, जिनके साथ मिलकर मार्कंड अधिकारी ने 1980 में मीडिया की यात्रा शुरू की, उनको याद करते हुए, मार्कंड अधिकारी ने कहा कि मैं अपने प्यारे स्वर्गीय भाई गौतम को दिल से याद करता हूं, क्योंकि हमने अपने इस सफर में एक और मील का पत्थर छू लिया है, जिसे हमने एक बड़े सपने और दृढ़ संकल्प के साथ निर्धारित किया था। हमने, यह नहीं सोचा था कि यह सफर कितना लंबा होगा, बल्कि ऐसे एंटरटेनमेंट क्रिएट करने के बारे में सोचा था, जिसे पूरा देश देखना चाहता हो।
टैग्स मीडिया इंडस्ट्री श्रीअधिकारी ब्रदर्स सब टीवी म्यूजिक चैनल मस्ती