होम / टीवी / अब इस न्यूज चैनल में मैनेजिंग एडिटर बने वरिष्ठ TV पत्रकार अजय कुमार
अब इस न्यूज चैनल में मैनेजिंग एडिटर बने वरिष्ठ TV पत्रकार अजय कुमार
बता दें कि अजय कुमार ने पिछले दिनों ‘इंडिया टीवी’ (India TV) में अपनी पारी को विराम दे दिया था। वह करीब दो साल से बतौर मैनेजिंग एडिटर वहां अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
वरिष्ठ टीवी पत्रकार अजय कुमार ने अब पत्रकारिता में अपने नए सफर की शुरुआत की है। उन्होंने जाने-माने पत्रकार और ‘ईटीवी न्यूज नेटवर्क’ (ETV News Network) व ‘जी मीडिया’ (Zee Media) के रीजनल क्लस्टर के पूर्व सीईओ जगदीश चंद्रा के नेतृत्व में जल्द लॉन्च होने जा रहे नए हिंदी न्यूज चैनल में बतौर मैनेजिंग एडिटर जॉइन किया है।
सूत्रों के हवाले से मिली खबर के अनुसार उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित सेक्टर-62 में खुल रहे इस चैनल का नाम ‘भारत24’ (Bharat24) होगा और 15 अगस्त को आधिकारिक रूप से इसकी लॉन्चिंग की जाएगी।
बता दें कि अजय कुमार ने पिछले दिनों ‘इंडिया टीवी’ (India TV) में अपनी पारी को विराम दे दिया था। वह करीब दो साल से बतौर मैनेजिंग एडिटर यहां अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
मूल रूप से बिहार के रहने वाले अजय कुमार को विभिन्न मीडिया संस्थानों में काम करने का करीब 30 साल का अनुभव है। पटना से पढ़ाई-लिखाई पूरी करने के बाद उन्होंने ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’, दिल्ली से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की थी।
अजय कुमार ‘इंडिया टीवी’ से पहले ’न्यूज नेशन’ में मैनेजिंग एडिटर के पद पर कार्यरत थे। वह इस चैनल के साथ वर्ष 2013 से जुड़े हुए थे। वह ‘न्यूज नेशन’ को लॉन्च करने वाली कोर टीम के सदस्य भी थे।
‘न्यूज नेशन’ से पहले वह ‘टीवी टुडे नेटवर्क’ के साथ जुड़े हुए थे और ‘आजतक’ में चैनल हेड की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। समाचार4मीडिया की ओर से वरिष्ठ पत्रकार अजय कुमार को उनकी नई पारी के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
टैग्स इंडिया टीवी न्यूज नेशन मैनेजिंग एडिटर अजय कुमार हिंदी न्यूज चैनल्स जगदीश चंद्रा प्रबंध संपादक भारत24