होम / टीवी / ‘टीवी9 भारतवर्ष’ से अब वरिष्ठ पत्रकार अभिषेक उपाध्याय ने दिया इस्तीफा
‘टीवी9 भारतवर्ष’ से अब वरिष्ठ पत्रकार अभिषेक उपाध्याय ने दिया इस्तीफा
अभिषेक उपाध्याय की गिनती चैनल के स्टार रिपोर्टर में होती रही है। पिछले दिनों यूक्रेन वार की कवरेज में अभिषेक की जुझारू रिपोर्टिंग की अहम भूमिका थी। इसके लिए प्रबंधन की ओर से उन्हें कार भी दी गई थी।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
‘टीवी9’ (TV9) समूह में लगता है कि इन दिनों कुछ सही नहीं चल रहा है। हाल ही में समूह के हिंदी न्यूज चैनल ‘टीवी9 भारतवर्ष’ (TV9 BHARATVARSH) के मैनेजिंग एडिटर के पद से संत प्रसाद राय के इस्तीफे के बाद अब चैनल के ‘स्टार रिपोर्टर‘ अभिषेक उपाध्याय ने भी प्रबंधन को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
अभिषेक उपाध्याय इस चैनल में एग्जिक्यूटिव एडिटर के पद पर करीब तीन साल से अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वह संत प्रसाद की टीम के प्रमुख मेंबर थे। अभिषेक उपाध्याय का अगला कदम क्या होगा, फिलहाल इस बारे में पता नहीं चल पाया है।
बताया जाता है कि ‘टीवी9 प्रबंधन‘ ने रूस-यूक्रेन युद्ध की कवरेज के हीरो रहे अभिषेक उपाध्याय को हाल ही में बिना किसी कारण अचानक ही जयपुर ट्रांसफर की चिट्ठी थमा दी। उन्हें तीन दिनों के भीतर जयपुर जॉइन करने का फरमान भी जारी किया गया। इस चिट्ठी के बाद अभिषेक उपाध्याय ने ‘टीवी 9 भारतवर्ष‘ से अपना इस्तीफा दे दिया है।
बता दें कि अभिषेक उपाध्याय की गिनती चैनल के स्टार रिपोर्टर में होती रही है। पिछले दिनों यूक्रेन वार की कवरेज में अभिषेक की जुझारू रिपोर्टिंग की बेहद अहम भूमिका थी। इसके लिए प्रबंधन की ओर से उन्हें कार भी दी गई थी।
इसके साथ ही ‘टीवी 9 प्रबंधन‘ ने संत राय की टीम के एक और प्रमुख स्तंभ विवेक बाजपेयी को भी तुरंत प्रभाव से डिजिटल विंग में ट्रांसफर करने की चिट्ठी थमा दी है। विवेक बाजपेयी ‘टीवी 9‘ के असाइनमेंट की रीढ़ रहे हैं। ‘टीवी 9‘ के इंटरनेशनल कवरेज में विवेक के दिए इनपुट की अहम भूमिका रही है।
‘टीवी9 भारतवर्ष’ में अपनी पारी संभालने से पूर्व अभिषेक उपाध्याय ‘इंडिया टीवी’ में एडिटर (स्पेशल प्रोजेक्ट्स) के पद पर कार्यरत थे। वैसे ‘टीवी9’ में ये उनकी दूसरी पारी थी।‘टीवी9’ में अपनी पहली पारी में वे साल 2010 में मुंबई ब्यूरो चीफ रह चुके हैं। प्रतिष्ठित रामनाथ गोयनका अवॉर्ड से सम्मानित अभिषेक ने ‘इंडिया टीवी’ में कई बड़ी खबरें भी ब्रेक की थीं, जिनमें आजम खान से जुड़ा वक्फ घोटाला भी शामिल है और इस पर सीबीआई जांच के आदेश दिए जा चुके हैं।
अभिषेक ‘दैनिक भास्कर’ ग्रुप के साथ (2011-2012) भी काम कर चुके हैं। यहां वे एडिटर (स्पेशल प्रोजेक्ट्स) के पद पर कार्यरत थे। अभिषेक ‘आईबीएन7’ (IBN7) में भी पांच सालों तक काम कर चुके हैं। वे 2005 से 2010 तक यहां रहे और सीनियर स्पेशल कॉरेस्पोंडेंट की भूमिका निभाई।
इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की पढ़ाई करने वाले अभिषेक ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट से की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद वे 2003 में हिंदी दैनिक ‘अमर उजाला’ (Amar Ujala) से बतौर ट्रेनी रिपोर्टर व सब एडिटर के तौर पर जुड़े थे। अभिषेक एक थिएटर आर्टिस्ट व कवि भी हैं। वे राष्ट्रीय स्तर के नाटकों में हिस्सा ले चुके हैं। वे नोबेल प्राइज विनर नाटक 'वेटिंग फ़ॉर गोडो' का भी हिस्सा रह चुके हैं। उनकी कविताओं को भी खूब सराहा जाता रहा है।
टैग्स अभिषेक उपाध्याय इस्तीफा संत प्रसाद टीवी9 भारतवर्ष यूक्रेन मैनेजिंग एडिटर रिजाइन